विज्ञापन

झारखंड राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी का नामांकन आधिकारिक रूप से हुआ मंजूर

परिमल नाथवानी का नामांकन आधिकारिक रूप से मंजूर हो गया है. कल चुनाव आयोग ने उनका नामांकन होल्ड कर लिया था. आज उनका नामांकन सही पाया गया है.

बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी के साथ परिमल नाथवानी (फोटो- एक्स पोस्ट)
NDTV

झारखंड में बीजेपी समर्थित राज्यसभा निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नामांकन मंजूर हो गया है. एक दिन पहले नामांकन में कुछ कथित गड़बड़ियों के कारण चुनाव आयोग ने उनका पर्चा होल्ड पर रख दिया था. कांग्रेस ने नाथवानी का नामांकन खारिज करने की मांग की थी. हालांकि, अब उनका नामांकन आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया गया है. रिटर्निंग ऑफिसर (RO) रंजीत प्रसाद ने इसे मंजूर किया है. इससे पहले नामांकन में नाम की स्पेलिंग में अंतर, परिवार के विवरण में कमी और आपराधिक मामलों की अधूरी जानकारी से जुड़ी कथित गड़बड़ियां सामने आने के बाद उनका नामांकन होल्ड पर रख दिया था.

क्या गड़बड़ियां थीं?

कांग्रेस का आरोप था कि नामांकन के दस्तावेजों में कुछ जगह नाम 'परिमल नाथवानी' और कुछ जगह 'नाथवानी परिमल' दर्ज है. इसके अलावा कुछ कॉलम खाली छोड़े  गए हैं. नाथवानी के ऊपर किसी भी तरह का अपराधिक मामला दर्ज है या नहीं. इसके लिए नामांकन पत्र में निर्धारित कॉलम को नाथवानी ने खाली छोड़ दिया है. वहीं तीसरी त्रुटि HUF वाले फॉर्म में भी कुछ नहीं लिखा गया है.

गौरतलब है कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप कहा था कि हम बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में कथित गंभीर विसंगतियों और अधूरी जानकारी के मामले में निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमने उनके नामांकन पत्र में कई तरह की विसंगतियां पाई हैं. इसके बावजूद निर्वाचन आयोग उन्हें इन विसंगतियों पर स्पष्टीकरण देने के लिए अतिरिक्त समय दे रहा है. कमलेश ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के प्रस्तावक ने नाथवानी के नामांकन पत्र में कई विसंगतियां उजागर की हैं और उनका नामांकन रद्द करने के लिए निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई है. हालांकि, चुनाव आयोग ने नाथवानी के नामांकन को मंजूरी दे दी. 

यह भी पढ़ें: नटराजन का नामांकन रद्द तो परिमल का पर्चा होल्ड पर क्यों?- झारखंड कांग्रेस

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand Rajya Sabha Chunav, Parimal Nathwani Nomination Dispute, Election Commision
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com