विज्ञापन
This Article is From Jan 18, 2026

वो कहता रहा पापा बचा लो, जो टीम बचाने आई उनके पास पूरे साधन नहीं थे; नोएडा में डूब कर मरे इंजीनियर के पिता का दर्द

कार के पानी में गिरने के बाद युवराज ने बाहर निकलने की काफी कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए. आखिरकार युवराज की पानी में डूबने से मौत हो गई. कार के पानी में गिरने के बाद युवराज ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी थी. जिसके बाद पिता भी वहां पहुंचे थे.

वो कहता रहा पापा बचा लो, जो टीम बचाने आई उनके पास पूरे साधन नहीं थे; नोएडा में डूब कर मरे इंजीनियर के पिता का दर्द
इंजीनियर युवराज के पिता राजकुमार मेहता और उनके बेटे की फाइल फोटो.
  • नोएडा के सेक्टर 150 में घने कोहरे के दौरान 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कार ड्रेनेज में गिरने से मौत हुई.
  • युवराज की कार अनियंत्रित होकर नाले की दीवार तोड़कर निर्माणाधीन मॉल के पानी में डूब गई थी.
  • युवराज ने घटना के बाद अपने पिता को फोन कर मदद मांगी, पिता मौके पर पहुंचकर पुलिस को बुलाए थे.
नोएडा:

पापा, मुझे बचा लो... फोन पर इंजीनियर बेटे की ये गुहार सुनकर राजकुमार मेहता घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बाद भी उस जगह पहुंचे थे, जहां उनका बेटा कार सहित ड्रेनेज में डूब रहा था. वहां पहुंचने पर उन्होंने बेटे को बचाने के लिए पुलिस को कॉल किया, पुलिस पहुंची भी, लेकिन रात के अंधेरे में कार सहित ड्रेनेज में डूबे युवराज को बाहर निकालने के रिसोर्स पुलिस टीम के पास नहीं थे. इंजीनियर बेटा नीचे पानी में डूब रहा था, ऊपर लाचार पिता अपनी पूरी ताकत लगा रहा था, लेकिन अफसोस वो बेटे को बचा नहीं पाया. जवान बेटे को खोने के बाद पिता की स्थिति बदहवास जैसी हो गई है. एनडीटीवी से बात करते हुए वो फूट-फूट कर रोने लगे. कहा- बेटे को बचाने के लिए मैंने पूरी ताकत लगा दी, लेकिन उसे बचा नहीं पाया. 

नोएडा के सेक्टर 150 में हुआ दर्दनाक हादसा

दरअसल नोएडा के सेक्‍टर-150 में शुक्रवार की रात एक 27 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की दर्दनाक मौत हो गई. युवराज गुरुग्राम की एक कंपनी में जॉब करते थे. शुक्रवार की रात वह ऑफिस से घर ग्रेटर नोएडा आ रहे थे. घना कोहरा था और विजिबिलिटी काफी कम होने के कारण वह एक मोड़ पर युवराज की कार कंट्रोल से बाहर हो गई. युवराज जब नोएडा के सेक्‍टर-150 एटीएस ले-ग्रैडियोज के पास टी-प्‍वाइंट पर पहुंचे, तो कार अनियंत्रित हो गई. कार नाले की दीवार तोड़कर एक निर्माणाधीन मॉल के परिसर में जा गिरी, जहां पानी भरा हुआ था. 

Latest and Breaking News on NDTV

युवराज के पिता ने लापरवाही से मौत का आरोप लगाया

कार के पानी में गिरने के बाद युवराज ने बाहर निकलने की काफी कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए. आखिरकार युवराज की पानी में डूबने से मौत हो गई. कार के पानी में गिरने के बाद युवराज ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी थी. जिसके बाद पिता भी वहां पहुंचे थे. लेकिन उनके सामने ही बेटे की तड़प-तड़पकर मौत हो गई. युवराज के पिता ने लापरवाही से मौत का आरोप प्रशासन पर लगाया है.

मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे युवराज

युवराज मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे, वो गुरुग्राम स्थित डनहमबी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करते थे. उनके परिजनों ने बताया कि युवराज की मां का दो साल पहले देहांत हो गया था और उनकी बहन ब्रिटेन में रहती हैं. युवराज के पिता राजकुमार मेहता ने एनडीटीवी को बताया कि युवराज ने परीक्षा पास करने और अपना करियर बनाने के लिए बहुत मेहनत की थी.

मैंने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन... पिता का दर्द

राजकुमार मेहता ने बताया कि शुक्रवार शाम को युवराज का फोन और मैसेज आया, जिसमें उसने बताया कि उसकी कार खुले नाले में गिर गई है. वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल टीम को बुलाया. टीम 15 मिनट के भीतर पुलिस टीम वहां पहुंच गई, लेकिन युवराज की जान बचाने के लिए उनके पास पर्याप्त संसाधन नहीं थे. युवराज रात 12 बजे से लेकर आधी रात 2 बजे तक कार की छत पर फंसा रहा. 

बेटे की पुकर- पापा मुझे बचा लो

युवराज कार को डूबने से बचाने के लिए छत पर लेट गया था ताकि उसका शरीर संतुलन बना रहे. वह अपने फोन की फ्लैशलाइट से बता रहा था कि वह कहां फंसा है. आखिरकार फ्लिपकार्ट के डिलीवरी एजेंट मोहिंदर उसे बचाने के लिए अंदर गए, लेकिन तब तक युवराज की मौत हो चुकी थी. हम उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. युवराज के पिता ने बताया कि मैंने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की. मैं हर जगह भागता रहा ताकि कोई आकर उसे वहां से निकाल ले, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. अपने आखिरी पलों में वह लगातार 'पापा मुझे बचा लो' कह रहा था.

यह भी पढ़ें - आधी रात ऑफिस से नोएडा में घर लौट रहे उस 27 साल के इंजीनियर को सिस्टम ने मार दिया!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Car Accident, Noida Car Accident Video, Son Died In Front Of Father, Engineer Dies In Greater Noida, Noida Sector 150
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com