विज्ञापन

200 करोड़ की संपत्ति और 35 एकड़ का फार्महाउस... पढ़िए ढोंगी अशोक खरात के आलीशान साम्राज्य की पूरी कहानी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोक खरात की कुल संपत्ति 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. पुलिस को शक है कि यह संपत्ति केवल उसकी पेशेवर कमाई से नहीं, बल्कि राजनीतिक संपर्कों और अन्य माध्यमों से खड़ी की गई है.

200 करोड़ की संपत्ति और 35 एकड़ का फार्महाउस... पढ़िए  ढोंगी अशोक खरात के आलीशान साम्राज्य की पूरी कहानी
  • नासिक के ज्योतिषाचार्य अशोक खरात पर तीन वर्षों से एक महिला का यौन शोषण करने का गंभीर आरोप है.
  • सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है जो राजनीतिक संबंधों की भी जांच कर रही है.
  • खरात की कुल संपत्ति 200 करोड़ रुपये से अधिक है, जिसमें नासिक के पाथर्डी इलाके में करीब 30 एकड़ जमीन शामिल है.

नासिक के ज्योतिषाचार्य अशोक खरात, जिन्हें लोग 'कैप्टन' के नाम से जानते थे, के चेहरे से 'दैवीय शक्तियों' का नकाब उतर चुका है. दूसरों की हस्तरेखाएं पढ़कर उनका भविष्य बताने का दावा करने वाला यह शख्स खुद एक शातिर अपराधी निकला, जिसने आस्था की आड़ में कई महिलाओं के जीवन को अंधकार में धकेल दिया. मामला तब उजागर हुआ जब एक 35 वर्षीय महिला ने हिम्मत जुटाकर नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के अनुसार, खरात ने पिछले तीन वर्षों से भी अधिक समय तक उसका लगातार यौन शोषण किया.

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह मामला केवल व्यक्तिगत अपराध तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार एक गहरे राजनीतिक और आपराधिक गठजोड़ से जुड़े हो सकते हैं. खरात के रसूख और उसके नेटवर्क की व्यापकता को देखते हुए पुलिस अब इस एंगल से भी तफ्तीश कर रही है कि क्या उसने अपनी इसी 'पहुंच' का इस्तेमाल अन्य महिलाओं को डराने या चुप रखने के लिए किया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जिसकी अगुवाई तेजस्वी सातपुते कर रही हैं. यह टीम अब सिर्फ आरोपों की जांच ही नहीं, बल्कि खरात के राजनीतिक संबंध, उसकी संपत्ति और उसके पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.

पाथर्डी इलाके में करीब 30 एकड़ जमीन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोक खरात की कुल संपत्ति 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. पुलिस को शक है कि यह संपत्ति केवल उसकी पेशेवर कमाई से नहीं, बल्कि राजनीतिक संपर्कों और अन्य माध्यमों से खड़ी की गई है. जांच में सामने आया है कि खरात की संपत्तियां नासिक जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में फैली हुई हैं. इनमें सबसे बड़ी संपत्ति नासिक के पाथर्डी इलाके में करीब 30 एकड़ जमीन है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा, उसके गृह तालुका सिन्नर में 45 एकड़ जमीन है, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है.

दो बेटियों के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज
पाथर्डी में ही उसकी पत्नी और दो बेटियों के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है. वहीं, ईशानेश्वर मंदिर के पीछे 30-35 एकड़ में फैला एक भव्य फार्महाउस ‘ब्रह्मा सदन' भी है, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. पत्थरों से बना यह पांच मंजिला फार्महाउस काफी चर्चा में है. खरात इस मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष भी है, और आशंका जताई जा रही है कि ट्रस्ट का सालाना टर्नओवर करीब 2 करोड़ रुपये है.

इसके अलावा, ओझर एयरपोर्ट के पास 5 करोड़ रुपये की जमीन, नासिक शहर में 5 करोड़ का एक बंगला और कनाडा कॉर्नर इलाके में करीब 1 करोड़ का ऑफिस भी उसके नाम पर है. शिरडी में भी उसकी बड़ी जमीन होने की बात सामने आई है, जिसका पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया है.

पुलिस को उसके पेन ड्राइव से 58 वीडियो मिले

‘कैप्टन' के नाम से मशहूर अशोक खरात ने अपने करियर की शुरुआत मर्चेंट नेवी से की थी, जिसके बाद वह ज्योतिष के क्षेत्र में आ गया. इसी वजह से वह अपने नाम के आगे ‘कैप्टन' लगाता है. जांच के दौरान पुलिस को उसके पेन ड्राइव से 58 वीडियो मिले हैं. हालांकि, विपक्षी नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का दावा है कि असली संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है.

कुल मिलाकर, यह मामला अब सिर्फ एक आपराधिक केस नहीं रह गया है, बल्कि इसमें सत्ता, संपत्ति और सिस्टम के गठजोड़ की आशंका भी गहराती जा रही है. आने वाले दिनों में SIT की जांच से इस पूरे नेटवर्क के और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें :  मर्चेंट नेवी कैप्टन से कैसे रसूखदार ज्योतिषी बना अशोक खरात, SIT जांच में चौंकाने वाले खुलासे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ashok Kharat, Ashok Kharat Net Worth, Maharashtra News, Nashik Rape Case, Ashok Kharat Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com