मुंबई के भांडुप इलाके में 60 साल के एक बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई करने वाले आरोपियों की अवैध दुकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया गया है. उधर, घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई कर रही है.
क्या है मामला
भांडुप के ड्रीम्स कॉम्प्लेक्स में रहने वाले पीड़ित बुजुर्ग राजेंद्रप्रसाद हनुमान सिंह (60) ने भांडुप पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया कि वे शक्तिधाम मंदिर के सामने वाली सड़क से भांडुप स्टेशन की ओर पैदल जा रहे थे. उसी समय वहां सड़क पर अवैध रूप से बैठे कुछ सब्जी विक्रेताओं को रास्ता रोकने पर टोका तो उनके साथ अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी.

जब राजेंद्रप्रसाद ने इस दुर्व्यवहार का विरोध किया और उनसे कारण पूछा तो विवाद बढ़ गया. इसके बाद फेरीवालों ने उन पर लाठी-डंडों से सीधा हमला कर दिया, उन्हें बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी.
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर भांडुप पुलिस ने आरोपी अब्बास मुर्तजा शेख, मोहसीन शेख और शमशुद्दीन शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. इस घटना का संज्ञान लेते हुए भांडुप पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना में शामिल संबंधित फेरीवालों की अवैध दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया.

कार्रवाई के लिए उतरे लोग
कार्रवाई के दौरान ड्रीम्स कॉम्प्लेक्स के सैकड़ों निवासी भी पुलिस के समर्थन में सड़कों पर उतर आए. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के सामने फेरीवालों के खिलाफ अपनी गंभीर शिकायतें रखीं. निवासियों का कहना है कि इस इलाके में अवैध अतिक्रमण, लगातार लगने वाला ट्रैफिक जाम और सुरक्षा व्यवस्था एक बड़ा सिरदर्द बन चुकी है.
नागरिकों ने मांग की है कि बुजुर्ग से मारपीट करने वाले आरोपियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और इस पूरे परिसर को हमेशा के लिए अवैध फेरीवालों से मुक्त कराया जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं