विज्ञापन

सुन रहे हैं राहुल गांधी ! कर्नाटक में आपके मंत्री ने कहा- SIR प्रक्रिया सही, 1 करोड़ वोट कटना भी जायज

SIR को लेकर कांग्रेस के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं. राहुल गांधी जहां वोटर लिस्ट रिवीजन प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं, वहीं कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली ने 1 करोड़ वोट हटाए जाने को सही ठहराया है। बीके हरिप्रसाद ने उनके बयान को पार्टी लाइन के खिलाफ बताया है.

सुन रहे हैं राहुल गांधी ! कर्नाटक में आपके मंत्री ने कहा- SIR प्रक्रिया सही, 1 करोड़ वोट कटना भी जायज

कांग्रेस पार्टी में वोटर लिस्ट के रिवीजन यानी एसआईआर (SIR) को लेकर बड़ा घमासान मच गया है. इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर ही दो अलग-अलग सुर सुनाई दे रहे हैं. एक तरफ राहुल गांधी एसआईआर की प्रक्रिया को लगातार गलत बता रहे हैं. वे मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग भी कर रहे हैं. इसी मुद्दे पर राहुल गांधी आगामी 1 नवंबर को एक बड़ी रैली करने जा रहे हैं. लेकिन ठीक इससे पहले कर्नाटक सरकार के मंत्री सतीश जारकीहोली ने अपनी ही पार्टी को असहज कर दिया है. जारकीहोली ने एसआईआर की प्रक्रिया को पूरी तरह सही ठहराया है. उन्होंने राज्य में 1 करोड़ वोट काटे जाने का भी खुलकर समर्थन किया है. उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के के लिए नई सियासी मुश्किल खड़ी कर दी है.  

सतीश जारकीहोली ने क्यों किया एसआईआर का बचाव

कर्नाटक के कैबिनेट मंत्री सतीश जारकीहोली ने NDTV से बातचीत में अपनी बात साफ तौर पर रखी. उन्होंने कहा कि कर्नाटक में एसआईआर का काम बिल्कुल सही तरीके से पूरा किया गया है. जारकीहोली के मुताबिक कांग्रेस ने कभी भी कर्नाटक में इस प्रक्रिया का विरोध नहीं किया था. पार्टी की असली आपत्ति तो दूसरे राज्यों को लेकर थी. उन्होंने कहा कि हमने बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाई थी. मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं की मुस्तैदी और कार्यकर्ताओं को दी गई ट्रेनिंग का ही असर था कि कर्नाटक में कोई गड़बड़ी नहीं हुई. यहां पूरी प्रक्रिया नियमों के हिसाब से हुई है. जारकीहोली ने यह भी कहा कि देश के दूसरे राज्यों में भी कर्नाटक की तरह ही यह काम होना चाहिए था. 

1 करोड़ वोट कटने को भी ठहराया बिल्कुल जायज

बातचीत के दौरान NDTV ने सतीश जारकीहोली से एक सीधा सवाल पूछा.

रिपोर्टर ने पूछा कि क्या आपके हिसाब से 1 करोड़ वोट डिलीट किया जाना सही है. इस पर मंत्री जारकीहोली ने बिना किसी झिझक के हां में जवाब दिया. उन्होंने वोट कटने के पीछे के कारण भी गिनाए.

जारकीहोली ने कहा कि वोटर लिस्ट से जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उनमें से कई लोगों की मौत हो चुकी है. इसके अलावा बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो अपना पुराना पता छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं. कई वोटरों के नाम लिस्ट में दो बार यानी डुप्लीकेट दर्ज थे. ऐसे में इन नामों को हटाना जरूरी था. उन्होंने जोर देकर कहा कि वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने के लिए ऐसा दूसरे राज्यों में भी किया जाना चाहिए था. 
ये भी पढ़ें: सुन रहे हैं तेजस्वी यादव ! आपके प्रदेश अध्यक्ष बोले- बैलेट पेपर से निष्पक्ष चुनाव मुमकिन नहीं

राहुल गांधी के अभियान को लगा झटका

सतीश जारकीहोली का यह बयान कांग्रेस आलाकमान के लिए किसी झटके से कम नहीं है. राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव आयोग को घेरने में जुटी है. राहुल गांधी का आरोप है कि वोटर लिस्ट में रिवीजन के नाम पर बड़ी धांधली की जा रही है. वे इसे लोकतंत्र पर हमला बता रहे हैं. इसी सिलसिले में 1 नवंबर को होने वाली रैली के जरिए कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है. वहां मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग जोर-शोर से उठाई जाएगी. लेकिन रैली से ठीक पहले अपनी ही सरकार के एक कद्दावर मंत्री का चुनाव आयोग की प्रक्रिया को क्लीन चिट देना राहुल गांधी की मुहिम को कमजोर करता दिख रहा है. 

बीके हरिप्रसाद ने मंत्री के बयान को बताया गलत

उधर अपने ही मंत्री के इस बयान से कर्नाटक कांग्रेस के कई नेता नाराज हो गए हैं. पार्टी के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद ने सतीश जारकीहोली के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने इसे पार्टी लाइन के खिलाफ बताया है. बीके हरिप्रसाद ने साफ कहा कि जारकीहोली का बयान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के स्टैंड के बिल्कुल उलट है. हरिप्रसाद ने याद दिलाया कि पार्टी अध्यक्ष ने खुद इस प्रक्रिया की कड़ी आलोचना की थी. कांग्रेस अध्यक्ष का कहना था कि यह पूरी कवायद लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जड़ से उखाड़ने के लिए की गई है. इसका मकसद बीजेपी के लिए एकतरफा वोट बैंक तैयार करना है. साथ ही इसके जरिए अल्पसंख्यकों और समाज के दबे-कुचले वर्गों के वोट जानबूझकर काटे गए हैं. 
ये भी पढ़ें: बैलेट पेपर वाले MLC चुनावों में भी BJP-NDA का दबदबा, यूपी से कर्नाटक तक विपक्ष को मिली मिली-जुली सफलता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress SIR Rally Delhi, Satish Jarkiholi Statement, Rahul Gandhi News Today,  Congress Leader
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com