ढाका में खेले गए 'मेंस एशिया कप फॉर द ब्लाइंड' के फाइनल मैच के बारिश की भेंट चढ़ जाने के बावजूद, पाकिस्तान को ट्रॉफी दे दी गई. इसके विरोध में भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार कर दिया. पाकिस्तान को रन रेट के आधार पर विजेता घोषित किया गया था, लेकिन भारतीय टीम ने विरोध जताने का फैसला किया.
'क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया' ने सोशल मीडिया पर लिखा,"फाइनल मैच खेले बिना ही पाकिस्तान को ट्रॉफी दे दी गई. WBCC के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने WBCC टेक्निकल कमिटी के 'संयुक्त विजेता' घोषित करने के फैसले को पलट दिया, जिसके चलते मैच रेफरी को भी वही फैसला सुनाना पड़ा." CABI का मानना है कि भारत और पाकिस्तान को इस प्रतियोगिता का संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था.
CABI की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है,"भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच बारिश के कारण धुल जाने के बाद, पाकिस्तान को 'मेंस ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026' का एकमात्र विजेता घोषित करने के फैसले की 'क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया' (CABI) ने कड़ी निंदा की है."
"CABI इस फैसले को पूरी तरह से खारिज करता है और उसका मानना है कि भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए. CABI के अनुसार, टूर्नामेंट के तकनीकी नियमों की धारा 27 विशेष रूप से 'टाई' हुए फाइनल से संबंधित है, और इसमें दी गई दोनों बातें इसी स्थिति पर लागू होती हैं."
CABI ने इस व्याख्या को 'वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल' की तकनीकी समिति के सामने रखा, जो शुरू में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने पर सहमत हो गई थी.हालांकि, CABI का आरोप है कि बाद में तकनीकी समिति के निदेशक और 'पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल' के अध्यक्ष ने मैच रेफरी और अंपायरों को प्रभावित किया, जिससे पाकिस्तान के पक्ष में फैसला लिया गया और समिति की शुरुआती सहमति को पलट दिया गया.
CABI ने इसे अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के परिणाम में हेरफेर करने की एक अस्वीकार्य कोशिश मानता है और इस फैसले की प्रक्रिया की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और ईमानदारी पर सवाल उठाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं