विज्ञापन

आज की 10 बड़ी खबरें: अमेरिकी चुनाव, NC को झटका, बागेश्वर विवाद और शेयर बाजार में तेजी समेत बड़ी खबरें

आज की 10 बड़ी खबरों में अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के रुझानों का टाइमलाइन, राहुल गांधी की पंजाब रैली, नेशनल कॉन्फ्रेंस को झटका, बागेश्वर धाम विवाद, शेयर बाजार में तेजी, मौसम अलर्ट, क्रिकेट और IPL से जुड़े बड़े अपडेट शामिल हैं.

आज की 10 बड़ी खबरें: अमेरिकी चुनाव, NC को झटका, बागेश्वर विवाद और शेयर बाजार में तेजी समेत बड़ी खबरें

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव: कल सुबह आने लगेंगे रुझान, इंडियाना-केंटकी से होगी शुरुआत

अमेरिका के मिडटर्म चुनावों के शुरुआती रुझान भारतीय समयानुसार 4 नवंबर की सुबह 4:30 बजे से आने शुरू होंगे. सबसे पहले इंडियाना और केंटकी के कुछ इलाकों में मतदान समाप्त होगा. इसके बाद 5:30 बजे से जॉर्जिया, वर्जीनिया, साउथ कैरोलिना, न्यू हैम्पशायर और वर्मोंट से शुरुआती संकेत मिलने लगेंगे. 6 बजे से 7:30 बजे के बीच फ्लोरिडा, पेनसिल्वेनिया, ओहियो, न्यूयॉर्क और टेक्सस जैसे अहम राज्यों की तस्वीर सामने आने लगेगी. कैलिफोर्निया, वाशिंगटन, हवाई और अलास्का में मतदान समाप्त होने के साथ 9:30 से 11:30 बजे के बीच चुनावी प्रक्रिया पूरी होगी. इसके बाद पूरे अमेरिका के चुनावी रुझान और नतीजों की दिशा काफी हद तक साफ हो जाएगी.

संगरूर से कल पंजाब चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे राहुल गांधी   

 कांग्रेस नेता राहुल गांधी 4 नवंबर को संगरूर में 'इंसाफ रैली' के जरिए पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करेंगे. खास बात यह है कि रैली मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले और AAP के मजबूत गढ़ माने जाने वाले संगरूर में हो रही है.राहुल गांधी का यह कार्यक्रम कांग्रेस की राजनीतिक ताकत दिखाने और पंजाब में खोए जनाधार को वापस पाने की कोशिश माना जा रहा है. हालांकि पार्टी के सामने संगठन को मजबूत करने, गुटबाजी पर काबू पाने और आम आदमी पार्टी तथा शिरोमणि अकाली दल-भाजपा से मुकाबले जैसी बड़ी चुनौतियां हैं.

NC को बड़ा झटका: श्रीनगर सांसद आगा रूहुल्लाह ने पार्टी और लोकसभा से इस्तीफा दिया

जम्मू-कश्मीर की सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस को बड़ा झटका देते हुए श्रीनगर से सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने पार्टी और लोकसभा दोनों से इस्तीफा दे दिया. अपने पिता की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 24 साल पुराने संबंध खत्म करने का ऐलान किया. रूहुल्लाह ने चार पन्नों के पत्र में आरोप लगाया कि 2024 विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश और लोगों की भावनाओं के साथ पार्टी नेतृत्व ने समझौता किया. उन्होंने अनुच्छेद 370 और 35A की बहाली के मुद्दे पर भी NC के रुख पर सवाल उठाए.  

बागेश्वर शास्त्री के थम नहीं रहे बवाली बोल, अब कहा-राम के थे पांच पिता

अखिलेश यादव बोले-ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है. पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है. इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है. सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं. अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे.

बेटी की शादी में घुड़दौड़ कराएंगे अनंत सिंह, पहले नंबर पर रहे विजेता को मिलेगी थार

मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी की शादी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपने पैतृक गांव नदावाँ पहुंचे. यहां उनके स्वागत में काफी संख्या में समर्थक मौजूद थे. गांव में पहुंचते ही सबसे पहले उन्होंने घुडदौड़ के बारे में जानकारी ली. बताया जा रहा है कि घुड़दौड़ में प्रथम पुरस्कार विजेता को थार गाड़ी और दूसरे विजेता को बाइक और तीसरे विजेता को स्कूटी दिया जाएगा. 

फिर फिसली सम्राट चौधरी की जुबान, बोले बिहार में क्राइम हो सकता है लेकिन अपराध नहीं

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भाषण का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. राजमार्ग परिवहन मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच नदी जल प्रबंधन को लेकर हुए समझौते के दौरान उन्होंने भाषण दिया था. इसी दौरान वह बिहार में अपराध को लेकर बात करने लगे. इसी से जुड़ा उनका एक कथन वायरल है और लोग कह रहे हैं कि आखिर उनकी बात का अर्थ क्या था. सम्राट चौधरी ने कहा, 'हमारे यहां कोई अपराध नहीं है. अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है. क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं. कोई अपराधी नहीं है.  

दिवाली से पहले हरियाली, मार्केट में उछाल धुंआधार, सेंसेक्‍स-निफ्टी में बढ़त लगातार

दिवाली से पहले भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी जारी है. मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 1,000 अंकों से ज्यादा उछल गया और 76,700 के स्तर को पार कर गया, जबकि निफ्टी भी 23,700 के ऊपर कारोबार करता दिखा. बाजार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1 प्रतिशत तक चढ़ गए थे. दिन के दौरान दोनों प्रमुख सूचकांकों ने अपने इंट्रा-डे हाई भी छुए.  तेजी की अगुवाई वित्तीय शेयरों ने की. निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज एक्स-बैंक इंडेक्स में करीब 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई. इसके अलावा केमिकल, एफएमसीजी और मीडिया सेक्टर के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली.

कल का मौसम: साइक्लोन मुरासु का कहर, आंध्र-छत्तीसगढ़-ओडिशा में आंधी-बारिश का अलर्ट, दिल्ली में हवा खराब

चक्रवाती तूफान मुरासु दक्षिण आंध्र प्रदेश तट पार करने के बाद कमजोर पड़ रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अगले 24 घंटे अहम रहने वाले हैं. मौसम विभाग ने 4 नवंबर के लिए 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है. आसमान साफ रहने, हल्की धुंध छाने और तापमान 14 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि बारिश रुकने के बाद प्रदूषण ने फिर गंभीर रूप ले लिया है.दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है.  

विराट कोहली नंबर-3, गायकवाड़ नंबर-4, रोहित-गिल करेंगे ओपनिंग, न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI

भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड के ईडन पार्क में पहला वनडे मैच खेला जाएगा. पहले वनडे से पहले कप्तान शुभमन गिल ने भारत की प्लेइंग-11 को लेकर बड़ा संकेत दिए हैं और कहा है कि प्लेइंग 11 के टॉप 4 बल्लेबाज  तय है और नंबर 5-नंबर 6 को लेकर एक्सपीरियंस किया जाएगा.ओपनर के तौर पर शुभमन गिल का साथ रोहित शर्मा देंगे तो वहीं, नंबर 3 पर विराट कोहली. नंबर 4 पर ऋतुराज गायकवाड़ को मौका मिलेगा. इसके बाद नंबर 5 पर केएल राहुल और नंबर 6 पर ऑलराउंडर नमन धीर को मौका मिलने की संभावना है. हार्दिक के न रहने से नमन धीर के लिए यह वनडे सीरीज बड़ा मौका होगा. 

पंजाब किंग्स जाएंगे हार्दिक पंड्या, मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे अर्शदीप सिंह! IPL में हो सकता है बड़ा उलटफेर

हार्दिक पंड्या को लेकर एक नई खबर सामने आ रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर नई ट्रेड डील के साथ पंजाब किंग्स के साथ जुड़ सकते हैं. स्पोर्ट्स् स्टार के रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या के लिए पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड की अटकलें तेज हो गई है. रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली फ्रेंचाइजी की मुंबई इंडियंस के साथ बातचीत काफी आगे बढ़ गई है, जिसके तहत भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद के मुंबई इंडियंस में जाने की संभावना है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News Of 24 Hours, Today Big News, Rahul Gandhi Rally, Stock Market
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com