- गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हुई थी
- इस हादसे में शामिल कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिसके बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया
- अखिलेश यादव ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की खबर है. इसी के साथ इस मामले में सियासत भी तेज हो गई है. खुद अखिलेश यादव ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए माननीय न्यायालय से संज्ञान लेने की गुजारिश की है.
बता दें कि अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो में जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय लड़के की मौत के बाद पूरे मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया था. घटना के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला. इस बीच अखिलेश यादव का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सभी आहत हैं. उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है.
हादसे में गई थी भाजपा नेता के बेटे की जान
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन को बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कथित तौर पर जेसीबी ने टक्कर मार दी. घटना के समय आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए पास के एक चौराहे की ओर जा रहा था. परिवार और पुलिस के मुताबिक, केंद्रीय विद्यालय, नंद नगर के कक्षा 10 के छात्र आर्यवर्धन को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने कहा कि जेसीबी चालक और रोड शो के आयोजकों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गुंडों को ढूंढ़कर देंगे सजा सीएम योगी
इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी बयान सामने आया. उन्होंने बच्चे की मौत पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे निर्मम हत्या करार दिया. उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ़ निकाला जाए और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें. गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था. उन्होंने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया. सपा गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू की पर्याय है. माफिया सपा का सगा है और जनता के साथ इस पार्टी ने हमेशा धोखा दिया है."
यह भी पढ़ें | 'अखिलेश यादव संवेदनहीन', गोरखपुर हादसे के बाद मृतक बच्चे के पिता की मांग; राजनीतिक रैलियों में बैन हो बुलडोजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं