इसी हफ़्ते सोमवार को राहुल गांधी ने यूपी कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक में इस बात को लेकर चिंता जताई कि बीजेपी और समाजवादी पार्टी के नेता चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं जबकि कांग्रेस का प्रचार अभियान नज़र नहीं आ रहा. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने पार्टी के दोनों बड़े चेहरों यानी राहुल गांधी और खरगे को मैदान में उतारने की रणनीति बना ली है. दस दिसंबर के आसपास राहुल गांधी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मिशन यूपी की शुरुआत करेंगे. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक दस दिसम्बर के आसपास सहारनपुर में राहुल गांधी एक बड़ी रैली को संबोधित कर सकते हैं. इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भी शामिल होने की संभावना है. सूत्रों के मुताबिक इस रैली की थीम “संविधान बचाओ” रखी जाएगी. वहीं, 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे लखनऊ में “संविधान रक्षा मार्च” में शामिल होंगे. कथित वोट चोरी के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस 26 नवंबर को देश भर में प्रदर्शन कर रही है.
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र भी जाएंगे राहुल गांधी
सहारनपुर से शुरुआत कर राहुल गांधी यूपी में करीब आधा दर्जन रैलियों को संबोधित करेंगे. इसमें पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस का दौरा भी शामिल है. बनारस में राहुल गांधी बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे. सूत्रों के मुताबिक राम मंदिर दर्शन को लेकर भी अंदरखाने चर्चा हुई लेकिन कोई फैसला नहीं लिया गया. इससे पहले सहारनपुर में राहुल शाकंभरी देवी के मंदिर जा सकते हैं. जहाँ तक सहारनपुर से शुरुआत की बात है तो स्थानीय सांसद इमरान मसूद को हाल में ही यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. मुस्लिम बहुल इस इलाके में पिछले दिनों एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी ने भी सभा की थी. उनके सहयोगी आज़ाद समाज पार्टी अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी सहारनपुर के रहने वाले हैं. राहुल और खरगे की रैली के जरिए कांग्रेस की कोशिश मुस्लिम-दलित मतदाताओं को साधने की होगी ताकि ये आजाद-ओवैसी गठबंधन की तरफ़ ना छिटकें. दलित-मुस्लिम के साथ ही कांग्रेस की नज़र ब्राह्मण वोटरों पर भी है. इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने दलित समाज से राजेन्द्र पाल गौतम को प्रभारी और ब्राह्मण समाज से आराधना मिश्रा को यूपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है.
कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर हो रही है बात
बहरहाल, प्रचार अभियान से पहले कांग्रेस की कोशिश समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की बात फाइनल करने पर है. अगले हफ़्ते 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच बैठक होगी. कांग्रेस की तरफ़ से प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी की तरफ़ से रामगोपाल यादव इसकी अगुवाई करेंगे. 16 नवंबर को सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन के मौके पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हुई. यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि है 15 दिसंबर तक गठबंधन में सीट बंटवारे का काम पूरा कर लिया जाएगा.
सूत्रों के मुताबिक गठबंधन में कांग्रेस को करीब सौ सीटें सीटें मिलने की उम्मीद है. वहीं समाजवादी पार्टी साठ-सत्तर सीटों के ऑफर से बातचीत शुरू कर सकती है. सीट बंटवारे की बातचीत में भले ही दोनों दल अपने मुताबिक़ दबाव बनाने की कोशिश करेंगे लेकिन एक बात पर दोनों पार्टी सहमत है कि “बात सीट की नहीं जीत की है”. सौ सीटों को लेकर कांग्रेस की दलील है कि इससे उसके वोटरों (ब्राह्मण-दलित) में गठबंधन को लेकर आत्मविश्वास बढ़ेगा. कांग्रेस ने टिकट बंटवारे के लिए अजय माकन की अगुवाई में स्क्रीनिंग कमिटी का गठन भी कर दिया है जिनका असली काम सीट बंटवारे के बाद शुरू होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं