- IPS विजय सिंह गुर्जर गुजरात के राजकोट ग्रामीण एसपी के पद पर किसानों की जमीन छुड़ाने का अभियान चला रहे हैं
- सूदखोरों ने राजकोट ग्रामीण क्षेत्र के किसानों की 522 बीघा जमीन करीब सौ करोड़ रुपये में जब्त कर रखी थी
- विजय सिंह गुर्जर की निगरानी में विशेष पुलिस टीम ने ब्याजखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की
IPS Vijay Singh Gurjar: भारतीय पुलिस सेवा में गुजरात कैडर के 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी विजय सिंह गुर्जर इन दिनों सूदखोरों से किसानों की करीब 100 करोड़ रुपये की जमीन छुड़वाने को लेकर चर्चा में हैं. उनके धाकड़ एक्शन से गुजरात के ब्याज माफिया में भी दहशत का माहौल है. विजय सिंह गुर्जर वही शख्स हैं, जो कभी दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल हुआ करते थे और बाद में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बने. आईपीएस विजय सिंह गुर्जर वर्तमान में राजकोट ग्रामीण एसपी के पद पर सेवाएं दे रहे हैं. मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ तहसील के गांव देवीपुरा बणी के रहने वाले विजय सिंह गुर्जर किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं. किसान परिवार में जन्मे और दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल से गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी बने विजय सिंह गुर्जर की पुलिसिंग इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है.
सूदखोरों ने दबा रखे थे किसानों के 55 खेत
एनडीटीवी से बातचीत में आईपीएस विजय सिंंह गुर्जर ने बताया कि गुजरात के कई इलाकों में ब्याज पर रुपये देने का धंधा लंबे समय से फल-फूल रहा है. राजकोट ग्रामीण क्षेत्र में अनेक किसान सूदखोरों के जाल में फंसकर अपनी 522 बीघा जमीन गंवा चुके थे. ब्याज पर रुपए देकर सूदखोरों ने किसानों के 55 खेत दबा रखे थे, जिनमें से कई खेतों पर तो उन्होंने कब्जा कर रखा था जबकि कई खेतों की रजिस्ट्री अपने नाम तक करवा ली थी. इन खेतों की कुल बाजार कीमत करीब 100 करोड़ रुपये के आस-पास है. जब यह शिकायत राजकोट ग्रामीण पुलिस के पास पहुंची तो तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया, ताकि मामले की गहन जांच कर कार्रवाई की जा सके.
विशेष टीम बनाकर ब्याजखोरों पर कसा शिकंजा
गुजरात पुलिस की इस टीम ने आईपीएस विजय सिंह गुर्जर की निगरानी में ब्याजखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की. आरोपियों को न केवल सलाखों के पीछे पहुंचाया गया, बल्कि किसानों को उनकी जमीन के रजिस्टर्ड दस्तावेज भी वापस दिलाए गए. किसानों को जमीन के कागजात गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के हाथों सौंपे गए. इसके लिए बाकायदा एक समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें किसानों को उनकी जमीन से जुड़े दस्तावेज लौटाए गए.
यह भी पढ़ें- बेड रेस्ट के दौरान UPSC की तैयारी कर IPS बनीं Gen Z कुहू गर्ग, DGP पिता के रिटायरमेंट पर रचा इतिहास

उपमुख्यमंत्री ने की विजय सिंह गुर्जर की सराहना
आईपीएस विजय सिंह गुर्जर और उनकी टीम ने क्या कमाल कर दिखाया, इसका अंदाजा गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के भाषण से लगाया जा सकता है. उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि, "विजय सिंह गुर्जर चाहे जितने भी मंदिरों में चले जाएं, उन्हें इतना आशीर्वाद कहीं नहीं मिलेगा, जितना आशीर्वाद आज उन्हें इन किसानों से मिला है. विजय गुर्जर और राजकोट की पूरी टीम ने जो काम किया है, वह इतिहास में याद रखा जाएगा."
यह भी पढ़ें- IAS गोविंद जायसवाल को जम्मू-कश्मीर में बड़ी जिम्मेदारी, पिता चलाते थे रिक्शा, अब पत्नी भी IPS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं