- आईपीएस अन्नू टाटू ने असम-मेघालय कैडर छोड़कर गुजरात कैडर में इंटर कैडर ट्रांसफर लिया है
- अन्नू टाटू राजस्थान के करौली जिले की हैं और उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा तीसरे प्रयास में पास की थी
- अन्नू टाटू ने राजस्थान विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए किया और उनका जन्म 1998 में हुआ था
भारतीय पुलिस सेवा में जेनरेशन जेड की आईपीएस अधिकारी अन्नू टाटू ने असम-मेघालय कैडर छोड़ दिया. करीब 2700 किलोमीटर दूर गुजरात कैडर चली आई हैं. गृह मंत्रालय ने आईपीएस अन्नू टाटू का इंटर कैडर ट्रांसफर किया है. अब वे गुजरात कैडर में सेवाएं देंगी. वे मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं. गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारतीय पुलिस सेवा के असम-मेघालय कैडर की साल 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी अन्नू टाटू का 2023 बैच के आईपीएस गौतम विवेकानंदन से शादी के आधार पर गुजरात कैडर में तबादला किया गया है. असम की गुजरात से दूरी करीब 2700 किलोमीटर है. प्यार के लिए इतनी दूर आने के बाद अन्नू अब अपने होम स्टेट राजस्थान के पड़ोसी राज्य में तैनात हो सकेंगी.
आईपीएस अन्नू टाटू कौन हैं?
अन्नू टाटू राजस्थान के करौली जिले के सपोटरा के गांव भरतून की रहने वाली हैं. अन्नू को तीसरे प्रयास में सफलता मिली. संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2021 में अन्नू ने अखिल भारतीय स्तर पर 591वीं रैंक हासिल की थी. एसटी वर्ग में उनका स्थान 26वां था. खास बात यह है कि अन्नू ने घर पर रहकर यूपीएससी की तैयारी की थी. इसमें उनकी बड़ी बहन ज्योति मीणा, जो आईपीओएस अधिकारी हैं, का मार्गदर्शन रहा.

ips annu tatu inter cadre transfer assam meghalaya to gujarat ips gautam vivekanandan Photo Credit: ips gov in
अन्नू टाटू के जीजा भी आईपीएस
अन्नू टाटू का परिवार अधिकारियों वाला है. खुद आईपीएस होने के अलावा उनकी बड़ी बहन ज्योति मीणा आईपीओएस अधिकारी हैं और उनके जीजा शैलेंद्र बामणिया भी आईपीएस अधिकारी हैं. उनके पिता जीआर मीणा सरस डेयरी जयपुर में असिस्टेंट मैनेजर हैं, जबकि माता गृहिणी हैं. उनकी एक बहन चिकित्सा अधिकारी है और चार भाई-बहनों में सबसे छोटे भाई ऋषिकेश डॉक्टर हैं. अन्नू का परिवार जयपुर में रहता है. यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद अन्नू टाटू को असम-मेघालय कैडर मिला. उन्होंने असम-मेघालय के शिवसागर और सादिया जैसे इलाकों में सेवाएं दी हैं.
आईपीएस गौतम विवेकानंदन कौन हैं?
जिन आईपीएस गौतम विवेकानंदन के लिए अन्नू टाटू ने असम-मेघालय से इंटर कैडर ट्रांसफर करवाया है, वे गुजरात के वलसाड के रहने वाले हैं. गौतम विवेकानंदन का जन्म 6 नवंबर 1998 को गुजरात के वलसाड में हुआ था. वे भी अन्नू टाटू की तरह जेनरेशन जेड के आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 में अखिल भारतीय स्तर पर 211वीं रैंक हासिल की थी.
यह भी पढ़ें- IPS आदित्य कुमार सिंह ने छोड़ी नौकरी, ईशानी आनंद से शादी, महाराष्ट्र आकर दिया इस्तीफा!
यह भी पढ़ें- कांस्टेबल से IPS बने विजय सिंह गुर्जर, सूदखोरों से छुड़वाई 100 करोड़ की जमीन, किसानों को लौटाए कागजात
यह भी पढ़ें- IAS गोविंद जायसवाल को जम्मू-कश्मीर में बड़ी जिम्मेदारी, पिता चलाते थे रिक्शा, अब पत्नी भी IPS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं