- उत्तर प्रदेश कैडर के 2020 बैच के आईपीएस अमित कुमावत को योगी सरकार ने दो दिनों में दो बार तबादला किया है
- अमित कुमावत का गाजियाबाद तबादला प्रशासनिक कारणों से निरस्त कर आगरा में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है
- झुंझुनूं निवासी अमित और पंकज कुमावत ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दो बार पास कर अनूठा रिकॉर्ड बनाया है
IPS Amit Kumawat Pankaj Kumawat Success Story: उत्तर प्रदेश कैडर के 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित कुमावत इन दिनों चर्चा में हैं. योगी आदित्यनाथ सरकार ने महज दो दिन के भीतर उनका दो बार तबादला किया है. पहले 25 नवंबर को उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से गाजियाबाद भेजा गया था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से यह आदेश निरस्त कर दिया गया. इसके बाद 27 नवंबर को उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट आगरा के पद पर तैनाती दी गई.

2019 बैच के IPS पंकज कुमावत वर्तमान में महाराष्ट्र के परभणी जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं. Photo Credit: Parbhani Police
दो भाइयों ने दो-दो बार पास की UPSC
राजस्थान के झुंझुनूं निवासी अमित कुमावत और उनके बड़े भाई पंकज कुमावत ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा दो-दो बार पास की. यह उपलब्धि अपने आप में बेहद दुर्लभ मानी जाती है. यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2018 में पंकज कुमावत ने ऑल इंडिया रैंक 443 हासिल की थी, जबकि उनके छोटे भाई अमित कुमावत को 600वीं रैंक मिली. इस परीक्षा के बाद पंकज को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अमित को भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) मिली. इसके बावजूद दोनों भाई यहीं नहीं रुके.

UPSC में अमित कुमावत को AIR-423, पंकज कुमावत को AIR-424
2019 में दोनों भाइयों ने एक बार फिर यूपीएससी परीक्षा में हिस्सा लिया. इस बार परिणाम और भी दिलचस्प रहा. अमित कुमावत ने ऑल इंडिया रैंक 423 हासिल की, जबकि पंकज कुमावत 424वीं रैंक पर रहे. यानी दोनों भाइयों की रैंक में सिर्फ एक नंबर का अंतर था. यह यूपीएससी सीएसई इतिहास में अपने आपमें अनूठा रिकॉर्ड है. हालांकि, पंकज पहले ही आईपीएस सेवा में शामिल हो चुके थे, इसलिए वे उसी सेवा में बने रहे. दूसरी ओर अमित कुमावत को भी इस बार भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होने का अवसर मिल गया. आईपीएस बनने के बाद पंकज कुमावत को महाराष्ट्र कैडर और अमित कुमावत को उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित किया गया.
पंकज कुमावत महाराष्ट्र में SP, अमित कुमावत यूपी में ADCP
2019 बैच के आईपीएस अधिकारी पंकज कुमावत वर्तमान में महाराष्ट्र के परभणी जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं. इससे पहले वे अमरावती और धुले जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं. 22 दिसंबर 1992 को जन्मे पंकज कुमावत के पास बायोकेमिकल इंजीनियरिंग और बायोटेक्नोलॉजी में एम.टेक की डिग्री है.
वहीं, 2020 बैच के आईपीएस अमित कुमावत जल्द ही पुलिस कमिश्नरेट आगरा में अपर पुलिस उपायुक्त का पदभार संभालेंगे. 4 नवंबर 1993 को जन्मे अमित कुमावत ने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए.
झुंझुनूं शहर में माता-पिता करते थे सिलाई
दोनों आईपीएस भाइयों की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है. झुंझुनूं शहर में जाट बोर्डिंग के पास स्थित एक साधारण कॉलोनी में उनका बचपन बीता. पिता सुभाष कुमावत शहर के गुढ़ा मोड़ पर टेलरिंग का काम करते थे, जबकि मां राजेश्वरी देवी घर पर कपड़ों की सिलाई और महिलाओं की ओढ़नी पर गोटा-तारे लगाने का काम करके परिवार की आय बढ़ाने में सहयोग करती थीं.
यह भी पढ़ें | IPS मेविश टाक को योगी सरकार ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, पिता अब्दुल करीम को क्यों सुनने पड़े ताने?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं