विज्ञापन

हाईड्रोपावर प्रोजेक्ट्स, पेट्रोलियम पाइपलाइन, रेल लिंक... नया नेपाल बनाने में भारत क्या-क्या मदद कर रहा?

पीएम बालेन शाह के भारत दौरे के बीच नेपाल के विकास में भारत की भूमिका पर चर्चा हो रही है. एनर्जी, रेल, पाइपलाइन से लेकर डिजिटल सहयोग तक, भारत कई स्तर पर नेपाल की मदद कर रहा है.

हाईड्रोपावर प्रोजेक्ट्स, पेट्रोलियम पाइपलाइन, रेल लिंक... नया नेपाल बनाने में भारत क्या-क्या मदद कर रहा?
नई दिल्ली में पीएम मोदी के साथ नेपाल के पीएम बालेन शाह.
Photo: IANS
  • भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है.
  • नेपाल के 74 जिलों में 600 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स को भारत सपोर्ट दे रहा है.
  • भारत हर साल नेपाल से 1,200 MW बिजली आयात करता है.
नई दिल्ली:

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिन के भारत दौरे पर हैं. पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में में विकास सहयोग, ऊर्जा, जलविद्युत, रेल और हवाई संपर्क, बुनियादी ढांचे, तकनीक और जलवायु लचीलेपन जैसे मुद्दों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है. लेकिन इससे पहले भी भारत कई लेवल पर नेपाल की मदद कर रहा है. जल विद्युत से लेकर रेल, पेट्रोलियम पाइपलाइन और ट्रांसमिशन लाइन तक, दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी और एनर्जी सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. पीएम बालेन शाह के भारत दौरे के बीच इन प्रोजेक्ट्स पर फिर चर्चा हो रही है.

उम्मीद की जा रही है कि भारत, नेपाल के लिए एक बड़े आर्थिक पैकेज का ऐलान करेगा. शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और हाइड्रोपावर सेक्टर में निवेश और कनेक्टिविटी सुधारने के उपायों से जुड़े समझौतों का भी ऐलान किया जा सकता है. ऊर्जा सहयोग एक मुख्य फोकस होने की उम्मीद है.

नया नेपाल बनाने में भारत की क्या भूमिका?

भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, ट्रांजिट और निवेश साझेदार बना हुआ है. नेपाल के कुल वस्तु निर्यात में भारत की हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी है और वहां होने वाले एफडीआई यानी फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट में भी भारत का योगदान करीब एक-तिहाई है.

भारत, नेपाल के 74 जिलों में 600 से ज्यादा 'हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स' को सपोर्ट दे रहा है, जिनकी कुल कीमत 1,662 करोड़ नेपाली रुपये (NPR) से ज्यादा है. साल 2015 के गोरखा भूकंप के बाद, भारत की सहायता से 50 हजार घरों, 71 शिक्षण संस्थानों और 128 स्वास्थ्य सुविधाओं का पुनर्निर्माण किया गया.

नेपाल में भी यूपीआई!

डिजिटल सहयोग का दायरा भी बढ़ रहा है. भारत के UPI और नेपाल के FonePay के बीच आपसी तालमेल की सुविधा से 2024 से क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट आसान हो गए हैं. इसके अलावा, 'डिजिटल इंडिया भाषिणी' और काठमांडू विश्वविद्यालय के बीच जून 2026 में हुए एक समझौते ने वॉयस-आधारित भाषा अनुवाद तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को और आगे बढ़ाया है.

मौजूदा वक्त में भारत हर साल करीब 1,200 मेगावाट बिजली आयात करता है. साल 2025-26 में नेपाल ने भारत को बिजली निर्यात करके करीब 1,800 करोड़ नेपाली रुपये (NPR) की कमाई की. नवंबर 2024 से नेपाल भारतीय ट्रांसमिशन ग्रिड के जरिए बांग्लादेश को भी बिजली निर्यात कर रहा है.

भारतीय कंपनियां कई हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स में शामिल हैं, जिनमें 900 मेगावाट की 'अरुण-3' परियोजना भी शामिल है, जो अभी निर्माणाधीन है.

सीमा-पार कनेक्टिविटी भी एक अन्य प्राथमिकता है. भारत ने जयनगर-कुर्था-बिजलपुरा और जोगबनी-बिराटनगर के बीच रेल कनेक्टिविटी को सपोर्ट किया है. प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक पर भी बातचीत चल रही है. अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच यात्री ट्रेन सर्विस से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. 5 नवंबर को इसका ट्रायल रन भी हो चुका है.

चेक पोस्ट बनाने में मदद...

भारत ने बीरगंज, नेपालगंज और बिराटनगर में 'इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट' बनाने में भी सहयोग दिया है, जबकि भैरहवा और दोधारा चांदनी में ऐसी सुविधाएं डेवलप करने का काम चल रहा है. मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन ने एनर्जी कनेक्टिविटी को और ज्यादा मजबूत किया है.

2 अरब डॉलर के एक इंडियन डेवलपमेंट पैकेज को लेकर भी चर्चा चल रही है, जिसका एक हिस्सा अगस्त में नेपाल में आई ग्लेशियर बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. अगर इस पर सहमति बनती है, तो यह किसी पड़ोसी देश को भारत द्वारा दिया जाने वाला अब तक का सबसे बड़ा एकमुश्त विकास पैकेज होगा.

यह भी पढ़ें | पहाड़ों पर ऐसा क्या हुआ कि नेपाल में मच गई तबाही?

यह भी पढ़ें | बिहार के रक्सौल से काठमांडू ढाई घंटे में, 136 KM लंबी रेल लाइन में 13 स्टेशन; भारत-नेपाल रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगा

यह भी पढ़ें | NDTV के नेपाल बाढ़ कवरेज को दुर्गा पूजा पंडाल में मिली खास जगह, ग्राउंड रिपोर्टिंग को जनता ने सराहा

यह भी पढ़ें | नेपाल में शांत पहाड़ भी अब डरा रहे, आखिर क्यों गुस्से में है प्रकृति? भारत को भी लेनी चाहिए सीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal, Balen Shah, Nepal India Relation, Hydropower Projects, Digital Payment Systems UPI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com