विज्ञापन

भारत एकमात्र देश, जहां पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं के बराबर बढ़े! पेट्रोलियम मंत्री बोले- 4 साल की तुलना करें तो कम हुई दरें 

India Petrol Diesel Prices : पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक, चार साल में भारत में पेट्रोल डीजल की कीमतें सिर्फ 7% बढ़ीं, जबकि दुनिया में 50 70% तक उछाल आया. उन्‍होंने इसके पीछे की स्‍ट्रैटजी बताई, साथ ही तेल कंपनियों के सहयोग के लिए धन्‍यवाद किया.

भारत एकमात्र देश, जहां पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं के बराबर बढ़े! पेट्रोलियम मंत्री बोले- 4 साल की तुलना करें तो कम हुई दरें 
पेट्रोल डीजल के दाम पर भारत ने दुनिया को छोड़ा पीछे? हरदीप पुरी ने बताया 4 साल का हिसाब
X@Hardeep Puri

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को कहा कि वर्ष 2026 तक के चार वर्षों की अवधि में भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में केवल सात फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि दुनिया के अन्य देशों में इस दौरान ईंधन की कीमतें 50 से 70 फीसदी तक बढ़ गईं.

उन्‍होंने कहा, 'केंद्र की ओर से जो एक्साइज ड्यूटी(उत्पाद शुल्क) लगाया जाता है, उसे तीन बार कम किया गया है. नवंबर 2021 में मई 2022 में और इस साल 10 मार्च 2026 में... इसलिए भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां दाम नहीं बढ़े. अगर आप पिछले चार सालों की तुलना में देखें तो भारत में दाम कम हुए हैं.' 

'सरकार ने खुद उठाया महंगे तेल का बोझ'

केंद्रीय मंत्री ने इंदौर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने में केंद्र सरकार की नीतियों की अहम भूमिका रही. सरकार ने दोनों ईंधनों पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती की और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ खुद उठाया, ताकि इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर न पड़े.

पुरी ने कहा, 'भारत वैश्विक स्तर पर एक अनूठा उदाहरण है. प्रधानमंत्री की सक्रिय नीतियों के कारण केंद्रीय उत्पाद शुल्क में तीन बार कटौती की गई. यह कटौती नवंबर 2021, मई 2022 और 10 मार्च 2026 को की गई. अगर चार साल की अवधि को देखें तो दुनिया के अन्य देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 50 से 70 फीसदी तक बढ़ीं, जबकि भारत में इनमें केवल सात फीसदी की वृद्धि हुई.'

'तेल मार्केटिंग कंपनियों ने निभाई जिम्‍मेदारी'

उन्होंने कहा कि भारत की तेल मार्केटिंग कंपनियों बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल ने जिम्मेदार कॉरपोरेट नागरिक की भूमिका निभाई. इन कंपनियों ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने के बजाय काफी नुकसान खुद उठाया और घाटे में काम किया.

केंद्रीय मंत्री ने एलपीजी की कमी को लेकर विपक्षी दलों के दावों को भी अफवाह करार दिया. उन्होंने कहा कि देश की तेल कंपनियों ने एलपीजी का दैनिक उत्पादन 34 हजार मीट्रिक टन से बढ़ाकर 55 हजार मीट्रिक टन कर दिया है. उन्होंने कहा कि देश के सभी 1.07 लाख खुदरा बिक्री केंद्रों पर ईंधन और गैस की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रही.

'चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं'

पुरी ने कहा, 'कुछ राजनीतिक विरोधियों ने बड़ी अफवाहें फैलाने की कोशिश की. पिछले संसद सत्र के दौरान वे गैस सिलेंडरों के कटआउट लेकर मेरा स्वागत करने आए थे और दावा कर रहे थे कि देश में भारी कमी होने वाली है और एलपीजी सिलेंडर खत्म हो जाएंगे. लेकिन कहीं भी कोई कमी नहीं थी.' हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने स्वीकार किया कि भू-राजनीतिक तनाव के कारण तेल की कीमतों के मोर्चे पर चुनौतियां अभी बनी हुई हैं.

उन्होंने कहा, 'मैं यह नहीं कह रहा हूं कि यह मामला पूरी तरह खत्म हो चुका है. हमारे सामने अभी भी चुनौतियां हैं. रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है. इसके अलावा ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच भी तनाव है. हमें उम्मीद है कि ये तनाव कम होंगे और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आएगी.' 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Petrol Diesel Rates, Petrol Diesel Price, Hardeep Singh Puri, Hardeep Puri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com