विज्ञापन

झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन फिर तेज, हजारीबाग में महापंचायत, इन 6 मांगों पर सरकार को दिया अल्टीमेटम

झारखंड में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन फिर तेज होता नजर आ रहा है. JPSC-JSSC रिफॉर्म और लंबित नियुक्तियों को लेकर हजारीबाग के गांधी मैदान में हजारों छात्र जुटे हैं. CBI जांच से लेकर नई नियोजन नीति छात्रों की मांग में शामिल हैं.

झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन फिर तेज, हजारीबाग में महापंचायत, इन 6 मांगों पर सरकार को दिया अल्टीमेटम
हजारीबाग के गांधी मैदान प्रदर्शन करते छात्र.
NDTV
  • झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा सुधार और लंबित नियुक्तियों को लेकर हजारीबाग में छात्र महापंचायत हुई.
  • छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समयबद्ध नियुक्ति और लंबित भर्ती जल्द पूरी करने की मांग की.
  • छह प्रमुख मांगों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, आयु सीमा में छूट और CBI जांच शामिल हैं.
रांची:

झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा सुधार और लंबित नियुक्तियों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. सरकार की वादाखिलाफी और अब तक रिफॉर्म की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज हजारों प्रतियोगी छात्रों ने रविवार को हजारीबाग में छात्र महापंचायत कर सरकार के खिलाफ हुंकार भरी. JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बैनर तले स्थानीय गांधी मैदान में आयोजित उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय महापंचायत में विभिन्न जिलों से पहुंचे छात्रों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की. महापंचायत में छात्रों ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हुए आंदोलन के बाद सरकार की ओर से किए गए वादों पर अमल नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई. छात्रों ने साफ कहा कि जब तक परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और लंबित नियुक्तियों को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा. इस दौरान 'अब नहीं तो कब? हम नहीं तो कौन?' के नारों से गांधी मैदान गूंज उठा.

Latest and Breaking News on NDTV

JPSC-JSSC रिफॉर्म को लेकर सरकार के सामने रखीं छह मांगें

महापंचायत की अध्यक्षता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने की, जबकि संचालन जीवन यादव और बिपिन कुमार ने किया. बैठक में छात्रों ने सरकार और आयोग के सामने छह प्रमुख मांगें रखीं.

  1. दारोगा (SI), जिला पुलिस, BEO, सहायक आचार्य, TGT-PGT, LDC और टेक्निकल समेत सभी लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा किया जाए.
  2. रिक्त पदों पर नए विज्ञापन जारी कर समयबद्ध नियुक्ति कैलेंडर घोषित किया जाए. निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय हो.
  3. झारखंड के स्थानीय युवाओं को नियुक्तियों में प्राथमिकता और अधिकतम अवसर देने के लिए स्पष्ट नियोजन नीति लागू की जाए.
  4. JPSC-JSSC की परीक्षा प्रणाली में सुधार कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. भर्ती परीक्षाओं में देरी से प्रभावित अभ्यर्थियों को आयु सीमा में उचित छूट मिले.
  5. JSSC-CGL, JPSC और अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए.
  6. पात्र छात्र-छात्राओं की लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान जल्द किया जाए, ताकि आर्थिक परेशानियों के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो.

मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी

महापंचायत में मंच के प्रवक्ता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हुए छात्र आंदोलन के बाद भी सरकार ने रिफॉर्म की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है. छात्रों को लगातार इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि बड़ी संख्या में भर्तियां लंबित हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और आयोग ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो राज्यव्यापी आंदोलन 'उलगुलान 2.0' शुरू किया जाएगा. महापंचायत में मौजूद दर्जनों छात्रों ने भी अपने सुझाव रखे और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए रणनीति बनाने पर जोर दिया.

छात्र महापंचायत के जरिए प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने साफ संदेश दिया कि JPSC-JSSC में सुधार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समय पर नियुक्तियां अब उनके लिए केवल मांग नहीं, बल्कि भविष्य से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुकी हैं.

यह भी पढ़ें - झारखंड में भर्ती धांधली पर फिर बढ़ेगा बवाल, छात्र नेता देवेंद्र महतो आज शिबू सोरेन के गांव से शुरू करेंगे आंदोलन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand, JPSC JSSC Controversy, Jharkhand Student Protest, Hemant Soren, Jharkhand Student Protests
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com