विज्ञापन

चार करोड़ कर्मचारियों के लिए ESIC के नए नियम जारी, बीमारी और मैटरनिटी में ऑटो क्‍लेम होगा, पैसे आएंगे सीधे बैंक खाते में

ESIC के नए नियमों में बीमारी, मातृत्व लाभ के तहत क्लेम की प्रक्रिया आसान की गई है. पात्र कर्मचारियों को DBT से सीधे बैंक खाते में पैसा मिलेगा. नए नियमों में काम के दौरान चोट लगने या दुर्घटना के मामलों में भी क्लेम की प्रक्रिया आसान की गई है.

चार करोड़ कर्मचारियों के लिए ESIC के नए नियम जारी, बीमारी और मैटरनिटी में ऑटो क्‍लेम होगा, पैसे आएंगे सीधे बैंक खाते में
ESIC के नए नियम नोटिफाई, जानिए इसमें क्‍या राहत मिलेगी.
Source: NDTV Graphics/Canva

देश के उन 4 करोड़ कर्मचारियों के लिए 22 नवंबर, रविवार की शाम एक राहत भरी खबर आई है, जो ESIC यानी कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अंतर्गत आते हैं. ESIC ने कर्मचारियों को बीमारी, मातृत्व और काम के दौरान चोट लगने पर मिलने वाले आर्थिक लाभ का भुगतान आसान बनाने के लिए नए नियम अधिसूचित किए हैं. इसके तहत पात्र कर्मचारियों को कई तरह के क्लेम के लिए अलग से आवेदन फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी. उनका क्लेम अपने आप प्रोसेस होगा और पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा. 

बता दें कि देशभर के प्राइवेट कंपनियों, फैक्‍ट्रीज, कल-कारखानों में काम करने वाले वैसे कर्मचारी, जिनकी सैलरी आम तौर पर 21 हजार रुपये/महीने से कम हैं, वे ESIC के तहत मिलने वाले आर्थिक लाभ के दायरे में आते हैं. 

ESIC के महानिदेशक (DG) अशोक कुमार सिंह के अनुसार, देशभर के करीब 4 करोड़ कर्मचारियों और उनके परिवारों यानी कुल लगभग 15 करोड़ लोगों को इस बदलाव से फायदा पहुंचेगा. 

ESIC के नए 'एम्प्लॉई स्टेट इंश्योरेंस (जनरल) रेगुलेशंस, 2026' पुराने 1950 के नियमों की जगह लेंगे. ये बदलाव सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 के प्रावधानों को लागू करने के लिए किए गए हैं.

बीमारी और मातृत्व लाभ के लिए अपने आप प्रोसेस होगा क्लेम

नए नियमों के तहत बीमारी और मातृत्व लाभ के क्लेम ऑटोमैटिक प्रोसेस किए जा सकेंगे. इसके लिए तीन शर्तें पूरी होनी जरूरी हैं.

  • मेडिकल सर्टिफिकेट ESIC के इन्फॉर्मेशन सिस्टम के जरिए जारी हुआ हो.
  • नियोक्ता यानी कंपनी ने अपने पोर्टल पर जरूरी मंथली रिटर्न जमा किया हो.
  • कर्मचारी का बैंक खाता आधार से लिंक हो और उसका बीमा नंबर भी आधार से जुड़ा हो.

इन शर्तों के पूरा होने पर कर्मचारी को अलग से क्लेम आवेदन देने की जरूरत नहीं होगी. भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए बैंक खाते में किया जाएगा.

हालांकि, कर्मचारी चाहें तो ऑटोमैटिक प्रोसेसिंग के पात्र होने के बावजूद खुद इलेक्ट्रॉनिक या दूसरे माध्यम से क्लेम कर सकते हैं.

काम के दौरान चोट लगने पर भी आसान होगा क्लेम

नए नियमों में काम के दौरान चोट लगने या दुर्घटना के मामलों में भी क्लेम की प्रक्रिया आसान की गई है.

  • पहले अस्थायी दिव्यांगता यानी टेम्पररी डिसेबिलिटी वाले कर्मचारियों को अलग से क्लेम करना पड़ता था. 
  • वहीं, स्थायी दिव्यांगता के मामलों में कर्मचारियों और दुर्घटना में मौत होने पर परिवार के सदस्यों को लाभ की पहली किस्त के लिए आवेदन देना होता था.
  • अब अगर ESIC किसी चोट को काम से जुड़ी दुर्घटना मान लेता है, तो नियोक्ता की ओर से दी गई दुर्घटना रिपोर्ट ही क्लेम मानी जाएगी. 
  • इसके आधार पर अस्थायी और स्थायी दिव्यांगता के लाभ के साथ कर्मचारी की मौत होने पर आश्रितों को मिलने वाले लाभ का भुगतान भी शुरू किया जा सकेगा.

यानी ESIC को भुगतान शुरू करने के लिए अलग से आवेदन का इंतजार नहीं करना होगा.

मातृत्व लाभ के लिए बदली समय सीमा

नए नियमों में मातृत्व लाभ के लिए डिलीवरी की संभावित तारीख से पहले आवेदन की समय सीमा भी बढ़ाई गई है.

  • पहले: डिलीवरी की संभावित तारीख से 50 दिन पहले तक.
  • अब: डिलीवरी की संभावित तारीख से 56 दिन पहले तक.

दो या उससे अधिक जीवित बच्चों वाली बीमित महिलाओं के लिए ये अवधि 42 दिन तक होगी.

कंपनी की गलती से नहीं रुकेगा कर्मचारी का लाभ

नए नियमों में ये भी स्पष्ट किया गया है कि अगर नियोक्ता जरूरी रिटर्न या वेरिफिकेशन समय पर जमा नहीं करता है, तो सिर्फ इस वजह से कर्मचारी का लाभ रोका नहीं जा सकेगा. ऐसी स्थिति में ESIC को नियोक्ता से जरूरी जानकारी हासिल करनी होगी.

अगर तकनीकी समस्या या बैंक खाते में दिक्कत के कारण DBT के जरिए भुगतान नहीं हो पाता है, तो ESIC किसी दूसरे भुगतान माध्यम का इस्तेमाल कर सकेगा. हालांकि, इसके लिए भुगतान का तरीका बदलने की वजह दर्ज करनी होगी.

4 करोड़ कर्मचारियों और 15 करोड़ लाभार्थियों को फायदा

ESIC के ये बदलाव करीब 4 करोड़ बीमित कर्मचारियों और लगभग 15 करोड़ लाभार्थियों को कवर करेंगे. इसमें मेडिकल सुविधा पाने के पात्र परिवार के सदस्य भी शामिल हैं.

ESIC योजना के तहत कर्मचारियों को छह तरह के सामाजिक सुरक्षा लाभ मिलते हैं. इनमें मेडिकल केयर, बीमारी, मातृत्व, दिव्यांगता, आश्रितों और बेरोजगारी से जुड़े लाभ शामिल हैं.

सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 के तहत 10 या इससे अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों के लिए ESIC कवरेज अनिवार्य है. इसके दायरे में वे कर्मचारी आते हैं जिनकी मासिक सैलरी 21,000 रुपये तक है. दिव्यांग कर्मचारियों के लिए ये सीमा 25,000 रुपये है.

बीमारी में 7 दिन और मातृत्व लाभ का भुगतान 14 दिन में जरूरी  

नए नियमों के मुताबिक, ESIC को पूरा क्लेम और जरूरी दस्तावेज मिलने के बाद बीमारी का लाभ सात दिनों के भीतर देना होगा. वहीं, मातृत्व लाभ की पहली किस्त का भुगतान 14 दिनों के भीतर करना होगा. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ESIC Employees State Insurance Corporation, Esic Employer Login
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com