- गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में एक 10वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है.
- आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बच्ची को NH-9 पर छोड़कर भाग निकले थे.
- घटना के बाद पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया दोनों आरोपी हापुड़ के रहने वाले हैं.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मसूरी थाना क्षेत्र में दो आरोपियों ने 10वीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी किशोरी को लेकर करीब 7 घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते रहे और इसके बाद बदहवास हालत में उसे NH-9 के पास छोड़कर भाग निकले. बड़ी मुश्किल से किशोरी किसी तरह से अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी. जिसके बाद मसूरी पुलिस थाने में एफआईआर हुई और पुलिस ने पांच दिनों में मुख्य आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है.
कैसे हुई थी घटना
पीड़िता की मां की तरफ से पुलिस को बताया गया कि उन्होंने बुलंदशहर के एक परिचित की बेटी को गोद लिया था. जो फिलहाल 16 साल की है. 27 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे वह किसी काम से घर से निकली थी और मसूरी थाने के पास एनएच-9 की सर्विस रोड पर वाहन का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान कार में सवार दो लोगों ने उसे अकेला देखकर जबरन कार में खींच लिया और अपहरण कर लिया. विरोध करने पर दरवाजे लॉक कर दिए गए. कार के शीशों पर सन शेड लगी होने के कारण बाहर से अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. इस दौरान दोनों आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया.
हापुड़ के हैं दोनों आरोपी
मसूरी थाना पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनकी पहचान हापुड़ निवासी मुजाहिद और सलीम के रूप में हुई है. पुलिस ने पोक्सो एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. एसीपी सुनील कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और एनएच-9 समेत अन्य मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. कार के नंबर और पीड़िता से मिले इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और मोबाइल लोकेशन के जरिए उन्हें रविवार को पिलखुवा से दबोच लिया गया. अधेड़ उम्र के दोनों आरोपी मुजाहिद 45 साल और सलीम अख्तर 48 साल दोनों आजमपुर दहपा, पिलखुवा हापुड़ के रहने वाले हैं.
पुलिस के मुताबिक दोनों को पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. दोनों दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और साथ मिलकर ईंट भट्ठे का कारोबार करते हैं. मुख्य आरोपी मुजाहिद पिलखुवा थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है. दोनों आरोपी शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी बड़े हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है.
ये भी पढ़ेंः गाजियाबाद में डिप्रेशन ने ली महिला डॉक्टर की जान, 18 महीने पहले हुआ था तलाक, 7वीं मंजिल से लगाई छलांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं