उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में कशमकश बढ़ती जा रही है. कांग्रेस ने जहां 181 सीटों की लिस्ट सपा को थमा दी है. वहीं सपा ने भी कांग्रेस के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए सिर्फ 36 सीटों का शुरुआती ऑफर दिया है. दरअसल, कांग्रेस ने सपा को जो 181 की सूची सौंपी है, उसमें से लगभग दो दर्जन सीटों पर सपा के सिटिंग विधायक हैं. वहीं अगर 2022 के विधानसभा चुनाव को आधार मानें तो कुल 46 सीटों पर कांग्रेस को 20 हजार से ज्यादा वोट मिले थे. 330 ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस को 5 हजार से भी कम वोट मिले थे. जिन 46 सीटों पर कांग्रेस को 20 हजार से ज्यादा वोट मिले, उनमें से 10 ऐसी सीटें हैं, जिन पर सपा को जीत मिली थी. ऐसे में सपा सूत्रों का कहना है कि जायज तरीके से कांग्रेस का दावा अधिक से अधिक 36 सीटों पर बनता है.सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर औपचारिक वार्ता जल्द शुरू होने वाली है.
सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर वार्ता
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में सपा-कांग्रेस गठबंधन का मुकाबला सीधे बीजेपी से है. कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में दमदार प्रदर्शन के बाद यूपी में फिर से अपनी जड़े जमाने की कोशिश में जुटी है. ऐसे में वो ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़कर अपना दमखम दिखाना चाहती है. खासकर अवध क्षेत्र में कानपुर, लखनऊ, रायबरेली-अमेठी से पूर्वांचल में प्रयागराज-वाराणसी जैसे क्षेत्रों में पार्टी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए नींव तैयार की जा सके.
कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड निराशाजनक
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद जैसे नेता 150 से 170 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं. लेकिन 2022 के चुनावी आंकड़ों कुछ अलग ही हकीकत बयां करते हैं. यूपी की 330 सीटों में कांग्रेस 5-5 हजार वोट भी नहीं जुटा पाई थी. ऐसे में सपा कांग्रेस के लिए मैक्सिम 50 से 70 सीटों के पक्ष में दिखाई दे रही है. पार्टी बिहार में तेजस्वी यादव जैसी गलती नहीं दोहराना चाहती, जहां महागठबंधन की हार की बड़ी वजह कांग्रेस का खराब प्रदर्शन रहा था. लेकिन कांग्रेस यूपी में सपा की बड़े भाई की भूमिका को धीरे-धीरे सियासत में बराबरी के दर्जे पर लाना चाहती है. पार्टी नेताओं का मानना है कि मुस्लिम-दलित और अगड़े वोटों को पाले में लाकर पार्टी खासकर शहरी इलाकों में बीजेपी को तगड़ी चुनौती दे सकती है.
2022 विधानसभा चुनाव का हाल
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 की बात करें तो सपा ने 111 सीटें जीती थीं, लेकिन कांग्रेस महज 2 सीटें ही जीत पाई थी. सपा का वोट प्रतिशत 32.76 फीसदी और कांग्रेस का महज 2.39 फीसदी रहा था. सपा को करीब 2 करोड़ 95 लाख और कांग्रेस को 21 लाख 51 हजार वोट मिले थे. सपा का वोट प्रतिशत कांग्रेस से 16 गुना और कुल वोट दस गुना ज्यादा था.कांग्रेस का शहरी इलाकों में भी प्रदर्शन बेहद खराब रहा था. हालांकि 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस-सपा ने अलग-अलग लड़ा था. सपा का आरएलडी और ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा से गठबंधन था. लोकसभा चुनाव 2024 दोनों दल साथ आए तो बीजेपी को झटका लगा. कांग्रेस- सपा को 43 सीटें मिली थीं.
कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड
- 20 हजार से अधिक वोट वाली सीटें कुल 19 सीटें थी.
(इसमें मथुरा सदर, कानपुर की किदवई नगर, वाराणसी की पिंडरा, आगरा की खेरागढ़, देवरिया की रुद्रपुर सीट शामिल) - 10 हजार से 20 हजार के बीच वोट उसे सिर्फ 21 सीटें मिली हैं.
- 5 हजार से 10 हजार के बीच वोट उसे सिर्फ 31 सीटों पर मिले थे.
- कांग्रेस को यूपी की 330 सीटों पर 5 हजार से कम वोट मिले थे
ये भी पढ़ें - जीती सीटें कैसे छोड़ेगी सपा? रायबरेली जिले में एक पर भी कांग्रेस का विधायक नहीं, पर मांगीं सारी सीटें
सीटिंग विधायकों का संकट
5 हजार वोटों वाली सीटें छोड़ दें तो कांग्रेस मौजूदा दो विधायकों के साथ 73 सीटों पर दावा बनता है. लेकिन उनमें से 16 ऐसी सीटें हैं, जहां सपा के विधायक इस बार जीते थे. सपा ये सीटें कांग्रेस को देने के लिए राजी नहीं होगी. ऐसे में कांग्रेस का दावा घटकर सिर्फ 57 सीटें का रह जाता है.
ये भी पढ़ें - यूपी चुनाव: राहुल-अखिलेश की मुलाकात के बाद टली कांग्रेस-सपा की बैठक, अब अगले हफ्ते होगी सीट शेयरिंग पर बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं