- राजस्थान के युवक नितिन और कनाडा की महिला के बीच डेटिंग ऐप पर एक साल से बातचीत चल रही थी, जो शादी तक पहुंची थी.
- महिला 61 वर्ष की थी जबकि युवक की उम्र 31 वर्ष थी, जिससे दोनों के बीच करीब तीस साल का अंतर था.
- कनाडा की महिला भारत आई और युवक के घर पर दो दिन रहीं, लेकिन युवक ने उम्र के कारण शादी से मना कर दिया.
राजस्थान के एक युवक और कनाडा की एक महिला के बीच 1 साल से डेटिंग एप पर बातचीत हो रही थी. दोनों के बीच बातचीत प्यार में बदल गई और शादी की बात भी हो गई. ऐसे में कनाडाई महिला 11 हजार किलोमीटर का सफर तय करके लड़के से शादी के लिए भारत पहुंच गई. लेकिन यहां कुछ ऐसा हुआ जिससे हंगामा शुरू हो गया. क्योंकि महिला की उम्र 61 साल थी, जबकि युवक 31 साल का था, ऐसे में लड़के ने महिला से शादी से करने से इंकार कर दिया. जिसके बाद इस मामले में पुलिस को दखल देना पड़ा और मामला कनाडा के दूतावास तक पहुंच गया है.
डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी बातचीत
राजस्थान की नीमराना पुलिस ने बताया कि हरियाणा के पानीपत में रहने वाले नितिन की करीब एक साल पहले एक डेटिंग ऐप के जरिए कनाडा की रहने वाली महिला से बातचीत शुरू हुई थी. दोनों के बीच शुरुआत में यह बातचीत सामान्य दोस्ती थी, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं. ऑनलाइन चैट, वीडियो कॉल और रोज की बातचीत के बाद दोनों ने शादी करने पर सहमति जता दी. महिला को लगा कि उसे अपना जीवनसाथी मिल गया है. इसी भरोसे पर महिला ने भारत आने का फैसला कर लिया.
दोनों की उम्र में था 30 साल का अंतर
महिला 11 नवंबर को टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली पहुंची, नितिन उसे लेने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट गया. वहां से वह महिला को सीधे नीमराना ले आया. नीमराना में नितिन ने महिला को अपने मौसा-मौसी के फ्लैट में ठहराया, यह फ्लैट बीबी बिल्डर्स सोसायटी में है. महिला यहां करीब दो दिन तक युवक के साथ रही. इस दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत आगे बढ़ी. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान शादी की बात आगे बढ़ने पर महिला की उम्र का मुद्दा सामने आया. महिला की उम्र करीब 61 साल होने की जानकारी मिलने पर 31 साल के युवक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. दोनों की उम्र में करीब 30 साल का अंतर था. यही अंतर इस रिश्ते में सबसे बड़ी दीवार बन गया. लड़के ने शादी से इंकार कर दिया.
ये वीडियो भी देखिए
कनाडा दूतावास तक पहुंचा मामला
शादी से इंकार के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. महिला ने 13 नवंबर को कनाडा दूतावास से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी. जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. इसके बाद नीमराना थाना पुलिस सुबह करीब 4 बजे बीबी बिल्डर्स सोसायटी पहुंची. नीमराना थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव के अनुसार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को अपने संरक्षण में लिया और युवक और महिला दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ की है. पुलिस ने युवक नितिन को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया था, बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया. वहीं महिला को कोटपूतली स्थित कोर सेंटर में रखा गया है. पुलिस ने बताया कि नितिन मूल रूप से हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है और प्राइवेट स्कूल में टीचर है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि डेटिंग ऐप पर बातचीत के दौरान उम्र को लेकर क्या बात हुई थी, क्या महिला ने अपनी उम्र छिपाई थी या युवक को पहले से जानकारी थी.
बताया जा रहा है कि फिलहाल
पुलिस और प्रशासन अब महिला को सुरक्षित तरीके से वापस कनाडा भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रहा है, इसके लिए कनाडा दूतावास से लगातार संपर्क किया जा रहा है. महिला के पासपोर्ट, वीजा और यात्रा से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. हालांकि जिस तरह से मामला सामने आया है, उसकी चर्चा जरूर बनी हुई है.
ये भी पढ़ेंः कौन है बिलाल काजी जिसने UK में 70 नाबालिग लड़कियों का किया यौन उत्पीड़न, जज भी बोले- बहुत खतरनाक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं