विज्ञापन

गुजरात में महिला हेड कांस्टेबल ने की प्रेमी ASI की हत्या, सबूत मिटाने के लिए कार में जला दी लाश

पुलिस के अनुसार, उसी रात कल्पेश और उसका दोस्त मनोजकुमार निनामा विजयनगर के एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर लाए. इसके बाद शव वाले बोरे को अर्टिगा में रखा गया और वाहन को हथमती नदी के पास सुनसान इलाके में ले जाया गया. वहां अल्फाबेन, कल्पेश और मनोज ने शव और कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी ताकि हत्या का कोई निशान न बचे.

गुजरात में महिला हेड कांस्टेबल ने की प्रेमी ASI की हत्या, सबूत मिटाने के लिए कार में जला दी लाश
NDTV

गुजरात के अरावली जिले से रिश्तों, धोखे और कत्ल की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने पुलिस महकमे को भी हिला दिया. एक महिला हेड कांस्टेबल पर अपने ही साथी पुलिस अधिकारी की हत्या करने और फिर तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी लाश को कार में जलाकर सबूत मिटाने का आरोप लगा है. पुलिस ने मामले में महिला कांस्टेबल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार मुख्य आरोपी 37 वर्षीय हेड कांस्टेबल अल्फाबेन केलासवा है, जो पड़ोसी साबरकांठा जिले के चिथोड़ा पुलिस स्टेशन में तैनात थी. मृतक 45 वर्षीय असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) अश्विनभाई तबियाड भी उसी थाने में कार्यरत थे. जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे, लेकिन हाल के दिनों में इस रिश्ते को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था.

आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज

मामले का खुलासा तब हुआ जब 10 नवंबर को अरावली जिले के भिलोडा इलाके में स्थानीय लोगों ने एक पूरी तरह जली हुई मारुति अर्टिगा देखी. पुलिस मौके पर पहुंची तो कार के भीतर से एक जला हुआ मानव कंकाल बरामद हुआ. शुरुआत में इसे हादसा मानकर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया, लेकिन जब अश्विनभाई के परिवार ने आशंका जताई कि शव उन्हीं का है और उनके भाई सिद्धराज तबियाड ने शिकायत दर्ज कराई, तब पुलिस ने 16 नवंबर को हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस जांच के मुताबिक, अल्फाबेन इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन उस पर रिश्ता जारी रखने का दबाव बना रहे थे. इसी तनाज़े के बीच 8 नवंबर की रात अल्फाबेन ने अश्विन को अपने किराए के घर बुलाया. आरोप है कि वहीं रात के दौरान उसकी हत्या कर दी गई.

शव और कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी

अगली सुबह अल्फाबेन ने अपने 36 वर्षीय भाई कल्पेशभाई केलासवा को मदद के लिए बुलाया. कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकजकुमार केलासवा के साथ मारुति ईको में वहां पहुंचा. तीनों ने मिलकर अश्विन के शव को एक बोरे में भरकर पूरे दिन घर में छिपाकर रखा. बाद में पंकज अश्विन की अर्टिगा कार को जंगल की ओर ले गया, जबकि अल्फाबेन और कल्पेश ईको से उसके पीछे-पीछे पहुंचे.

पुलिस के अनुसार, उसी रात कल्पेश और उसका दोस्त मनोजकुमार निनामा विजयनगर के एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर लाए. इसके बाद शव वाले बोरे को अर्टिगा में रखा गया और वाहन को हथमती नदी के पास सुनसान इलाके में ले जाया गया. वहां अल्फाबेन, कल्पेश और मनोज ने शव और कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी ताकि हत्या का कोई निशान न बचे.

मगर सबूत मिटाने की कोशिश के दौरान एक अहम सुराग खुद आरोपियों से छूट गया. पुलिस के मुताबिक, आग लगाते समय अचानक लपटें तेज हो गईं, जिससे अल्फाबेन के चेहरे, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर जलने के घाव हो गए. बाद में उसने अस्पताल में इलाज कराया. यही बात जांच के दौरान पुलिस के शक को और मजबूत करने वाली कड़ियों में शामिल हुई.

डीएनए मिलान हो रही है

अरावली के पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जडेजा ने बताया कि जांच टीमों ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं की मदद से पूरे मामले की परतें खोलीं. इसके अलावा बरामद कंकाल और मृतक के पिता के डीएनए नमूनों का मिलान कर पहचान की प्रक्रिया भी शुरू की गई.

जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल में भर्ती अल्फाबेन से पूछताछ की और दूसरी ओर तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में चारों आरोपियों ने वारदात में अपनी भूमिका कबूल कर ली. पुलिस ने साजिश में इस्तेमाल की गई मारुति ईको भी जब्त कर ली है. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस हत्या से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रही है.

यह भी पढ़ें: मणिपुर में सेना का वाहन नदी में गिरा, आर्मी कैप्टन की मौत, तीन जवान गंभीर रूप से घायल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat Police, Gujarat News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com