यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का उद्घाटन करेंगे. लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 से 5 जुलाई आमों का पूरा बागान ही होगा, जहां खरीदार से लेकर बागान मालिक तक होंगे. महोत्सव में सात वर्गों और 56 एरिया में आम की 800 से ज्यादा किस्में दिखाई जाएंगी. यूपी में पिछले साल रिकॉर्ड 3563 मीट्रिक टन आम का निर्यात हुआ है. यूपी के साथ मध्य प्रदेश, उत्तराखंड,गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान और महाराष्ट्र के मैंगो एक्सपर्ट भी महोत्सव में आएंगे. आम की विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी यहां मिलेंगे.
आम महोत्सव का लखनऊ में आगाज
यूपी को आम का कटोरा भी कहा जाता है, वो आम के उत्पादन में पहली पायदान पर है. यूपी में 3.27 लाख हेक्टेयर भूमि पर आम के बगीचे हैं. उत्तर प्रदेश ने रिकॉर्ड 62 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन किया है. ये देश के कुल आम उत्पादन का एक चौथाई है. यूपी का दशहरी, लंगड़ा, लखनऊ सफेदा, चौसा, गौरजीत, रतौल और आम्रपाली दुनिया भर में मशहूर है. मुरादाबाद, वाराणसी, लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, अयोध्या और प्रयागराज जोन में उत्पादन होता है.
लखनऊ, यूपी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। pic.twitter.com/NBglpJ5CjR
— IANS Hindi (@IANSKhabar) July 3, 2026
आम महोत्सव में क्या-क्या
यहां आम की बागवानी, बाजार, विदेश व्यापार और निर्यात से जुड़ी बारीकियां आम विशेषज्ञों द्वारा बताई जाएंगी. बच्चों के लिए आम खाने की खेल प्रतियोगिता भी होगी. कृषि विशेषज्ञ आम बागानों की उन्नत तकनीक, कटाई, कीट और रोग नियंत्रण और बाजार में अच्छे दामों को लेकर टिप्स देंगे.
यूपी में आम का रिकॉर्ड उत्पादन
APEDA के मुताबिक, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2024-25 में 12.6 करोड़ रुपये कीमत 404 मीट्रिक टन आम और पल्प (गूदा) निर्यात किया था. यूपी से लंदन, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, बेल्जियम, जापान, न्यूजीलैंड इटली, कतर और रूस जैसे देशों में हजारों किलोमीटर दूर आम निर्यात किए गए हैं. लखनऊ, अमरोहा, सहारनपुर, वाराणसी में मॉडर्न मैंगो पैक हाउस बने हैं. आमों की प्रोसेसिंग और ट्रीटमेंट के लिए अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन होता है. नोएडा जेवर एयरपोर्ट के पास फ्रूट टेस्टिंग और ट्रीटमेंट सेंटर बनेगा. किसानों को लगभग 1.50 करोड़ फ्रूट बैग बांटे गए हैं. कम पैदावार वाले और पुराने बागों में पेड़ के ऊपरी हिस्से का प्रबंधन के लिए प्रति हेक्टेयर यूनिट लागत पर 40 फीसदी सब्सिडी मिलती है.
यूपी है आमों का राजा
1. दशहरी (Dasheri)
लखनऊ के मलिहाबाद और काकोरी के दशहरी को जीआई टैग के साथ वैश्विक पहचान मिली है. यह यूपी का सबसे मशहूर आम है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद मीठा स्वाद, पतली गुठली, रेशारहित (fibreless) गूदा और इसकी बेजोड़ सुगंध है.
2. लंगड़ा आम (Langra)
वाराणसी के आस-पास होता है. हरे रंग के आम का गूदा हल्का नींबू जैसे पीले रंग का होता है. इसका स्वाद थोड़ा खट्टा-मीठा और तीखा (tangy) होता है. इसमें एक बेहद तेज और मनमोहक खुशबू होती है.
3. चौसा (Chausa)
सहारनपुर और हरदोई में चौसा आम मशहूर है. यह आम जुलाई-अगस्त में आता है. यह बेहद रसीला और बहुत मीठा होता है. इसका छिलका सुनहरा पीला होता है. चूसकर खाने के कारण इसका नाम चौसा पड़ा.
4.रटौल आम (Rataul)
बागपत के रटौल गांव से जुड़ा यह आम छोटा होता है, लेकिन खुशबू और मिठास में जबरदस्त है. इसकी विशेष सुगंध के कारण इसे देश-विदेश में बहुत पसंद किया जाता है.
5. बॉम्बे ग्रीन या मालदा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बांबे ग्रीन या मालदा (Bombay Green, Malda) आम होता है. इसका रंग हरा-पीला होता है और इसका स्वाद हल्का मीठा होता है.
6. गौरजीत आम
पूर्वी उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, बस्ती और देवरिया में (Gaurjit) आम होता है. यह अगेती यानी जल्दी पकने वाला आम है. स्वाद बहुत ही मीठा और सुगंधित होता है.
सबसे महंगा आम कौन सा है?
यूपी और भारत के सबसे महंगे आमों की बात करें तो मध्य प्रदेश का नूरजहां का एक आम 500 से 1500 तक बिकता है. महाराष्ट्र का अल्फांसो यानी हापुस) सबसे महंगे माने जाते हैं. अगर दुनिया के सबसे महंगे आम की बात करें तो वह जापानी मियाजाकी (Miyazaki Mango) है, जो अब यूपी में भी होता है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 2.5 लाख से 3 लाख रुपये प्रति किलो है.
यूपी के अयोध्या के अशरफपुर टोनिया गांव और सहारनपुर के कुछ किसानों ने अपने बागों में मियाजाकी उगाया है.
मियाजाकी आम की खासियत
इसे एग ऑफ द सन (Egg of the Sun) भी कहा जाता है. पकने पर यह आम पीला या हरा नहीं, बल्कि गहरा लाल और बैंगनी हो जाता है. यह पूरी तरह से रेशारहित होता है. इसमें शुगर की मात्रा अन्य आमों की तुलना में 15% से ज्यादा होती है, जिससे यह अत्यधिक मीठा होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं