विज्ञापन

झारखंड में दुनिया का सबसे महंगा आम हो गया चोरी, जानें कितने रुपये किलो है कीमत

झारखंड के हजारीबाग में दुनिया के सबसे महंगे 'मियाजाकी' आमों की चोरी से हड़कंप मच गया है. बड़कागांव के एक किसान के बाग से पांच दुर्लभ आम चोरी होने के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. पढ़िए बिस्मय अलंकार की रिपोर्ट

झारखंड में दुनिया का सबसे महंगा आम हो गया चोरी, जानें कितने रुपये किलो है कीमत
हजारीबाग में दुनिया के सबसे महंगे 'मियाजाकी' आमों की चोरी से हड़कंप मच गया है.

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले में एक ऐसी चोरी हुई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. बड़कागांव प्रखंड के रहने वाले किसान प्रवीण कुमार महतो के बाग से दुनिया के सबसे महंगे माने जाने वाले 'मियाजाकी' आम चोरी हो गए हैं. इस घटना ने न केवल क्षेत्र में सनसनी फैला दी है बल्कि लोगों के बीच चर्चा का विषय भी बन गई है कि आखिर चोरों को इन दुर्लभ फलों की जानकारी कैसे मिली.

दुर्लभ आम और किसान की मेहनत

किसान प्रवीण कुमार ने करीब एक साल पहले पश्चिम बंगाल से मियाजाकी आम के दो पौधे 2,400 रुपये में खरीदे थे. उन्होंने बहुत ही जतन से इन पेड़ों की देखभाल की और इस साल पहली बार पेड़ों में फल आए थे. प्रवीण ने बताया कि तीन दिन पहले अज्ञात चोरों ने उनके पेड़ से पांच आम तोड़ लिए. चोरी हुए इन पांचों आमों का कुल वजन लगभग डेढ़ किलो था. प्रत्येक आम का वजन करीब 250 से 300 ग्राम के बीच था.

कीमत जानकर उड़ गए होश

मियाजाकी आम अपनी विशिष्ट लाल रंगत और स्वाद के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस आम की कीमत लाखों रुपये प्रति किलोग्राम तक बताई जाती है. किसान का कहना है कि इसी कारण इन पांच आमों की कीमत भी लाखों में आंकी जा रही है. प्रवीण के अनुसार यह आम न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि इसमें कई आयुर्वेदिक गुण भी होते हैं और यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक माना जाता है.

चोरों की जानकारी पर उठ रहे सवाल

गांव के लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चोरों को इस दुर्लभ आम की कीमत और उसकी खूबियों के बारे में पहले से पता था? जिस तरह से चोरों ने बिना किसी अन्य नुकसान के सीधे इसी पेड़ को निशाना बनाया, उससे यह स्पष्ट है कि यह कोई सामान्य चोरी नहीं बल्कि एक सोची-समझी योजना थी. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सोना-चांदी की चोरी तो सुनी थी लेकिन फलों की ऐसी अनोखी चोरी पहली बार देखी है.

बढ़ी सुरक्षा और भविष्य की चिंता

इस घटना के बाद से किसान प्रवीण ने अपने बाग की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया है. हालांकि अभी तक बड़कागांव थाना में कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं कराया गया है, लेकिन इलाके के अन्य बागवान भी अब अपने कीमती पौधों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं. लोग उम्मीद जता रहे हैं कि जल्द ही पुलिस इस मामले की तह तक जाएगी और इस रहस्यमयी चोरी का पर्दाफाश होगा.

यह भी पढ़ें- ACB Action: 6000 रुपये लेते कांस्टेबल गिरफ्तार, केस में जल्द कार्रवाई के नाम मांगी थी रिश्वत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand News, Miyazaki Mango, Jharkhand Agriculture Department
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com