विज्ञापन

सिरके वाली प्याज कैसे बनाएं? जानें रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज बनाने का आसान तरीका

मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैंS

सिरके वाली प्याज कैसे बनाएं? जानें रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज बनाने का आसान तरीका
घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज
(Photo Credit: NDTV)

जब भी हम किसी ढ़ाबे या इंडियन रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए जाते हैं, तो वहां सिरके वाली प्याज जरूर परोसी जाती है. ये प्याज खाने के स्वाद को और दो गुना बढ़ा देती है. सिरके वाली प्याज का खट्टा-मीठा स्वाद और गुलाबी रंग हर किसी को खूब पसंद आता है. अब, अगर आपको भी ये प्याज पसंद है, तो आप इसे अपने घर पर भी बना सकते हैं. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होगी. साथ ही इसे बनाना भी बेहद आसान है. मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज बनाने का आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसकी रेसिपी- 

चाहिए होंगी ये चीजें- 

सिरके वाली प्याज बनाने के लिए आपको- 

  • करीब 20 छोटी प्याज  
  • एक छोटा चुकंदर 
  • एक चौथाई कप चीनी 
  • एक बड़ा चम्मच नमक 
  • 2 से 3 हरी मिर्च 
  • डेढ़ कप सिरका और 
  • आधा कप पानी चाहिए होगा. 
कैसे बनाएं रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज?
  • इसे बनाने के लिए सबसे पहले छोटी प्याज को अच्छी तरह छीलकर साफ कर लें. 
  • अब, एक बर्तन में इन प्याज को डालें. इसके बाद एक छोटा चुकंदर लेकर उसे छोटे टुकड़ों में काट लें और प्याज के साथ डाल दें. चुकंदर ही प्याज को वो गुलाबी रंग देता है.
  • अब, इसमें करीब एक चौथाई कप चीनी और एक बड़ा चम्मच नमक डालें. 
  • इसके बाद 2 से 3 हरी मिर्च डाल दें. हरी मिर्च से प्याज में हल्का तीखापन आता है, जिससे इसका स्वाद और अच्छा हो जाता है.
  • अब बारी आती है सिरका डालने की. इस मिश्रण में डेढ़ कप सिरका डालें. साथ ही कम से कम आधा कप पानी भी मिलाएं. 
  • सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें, ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए. इसके बाद इसे साफ कांच की बोतल या जार में भर लें. ध्यान रखें कि प्याज सिरके वाले मिश्रण में अच्छी तरह डूबी हो.
  • मिश्रण तैयार होने के बाद इसे कम से कम एक रात के लिए ऐसे ही छोड़ दें. अगले दिन आपकी सिरका वाली प्याज बनकर तैयार हो जाएगी.
  • हालांकि, इस प्याज में पूरी तरह स्वाद आने में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है. 2-3 दिन तक सिरका प्याज के अंदर तक पहुंच जाता है, तब ये खाने में ज्यादा अच्छी लगती है. ऐसे में आप इसे बनाकर 2 से 3 दिन के लिए ऐसे ही छोड़ सकते हैं और फिर इसे खाने के साथ सर्व कर सकते हैं.

शेफ कुणाल कपूर के अनुसार, इस सिरके वाली प्याज को आप फ्रिज में रखकर एक हफ्ते से 10 दिन तक इस्तेमाल कर सकते हैं. आप इसे दाल-चावल, छोले-भटूरे, पराठे, पूरी-सब्जी या किसी भी भारतीय खाने के साथ परोस सकते हैं. इससे आपके खाने का स्वाद और दो गुना बढ़ जाएगा.

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते की चटनी कैसे बनाएं? यहां पढ़ें तीखी और खट्टी-मीठी चटनी बनाने की आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com