Aam Ke Achar Mein Kaun Se Masale Padte Hain: गर्मियों की शुरुआत होते ही कई घरों में आम का अचार डालने की तैयारी शुरू हो जाती है. बाजार में कच्चे आम दिखते ही लोग मसालों और बड़े कांच के जार की खरीदारी करने लगते हैं. किसी को तीखा अचार पसंद होता है तो किसी को हल्का मसालेदार. लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर का अचार बाजार जैसा स्वाद नहीं देता या कुछ दिनों में खराब होने लगता है. दरअसल, स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाले आम के अचार का राज सही मसालों में छिपा होता है. अगर मसाले सही मात्रा में डाले जाएं तो साधारण सा अचार भी बेहद स्वादिष्ट बन सकता है.
सरसों देती है असली देसी स्वाद
आम के अचार में दरदरी पिसी सरसों सबसे जरूरी मानी जाती है. यह अचार को हल्का तीखा और चटपटा स्वाद देती है. कई लोग पीली सरसों और काली सरसों दोनों का इस्तेमाल करते हैं ताकि स्वाद और खुशबू दोनों बेहतर आएं.
मेथी दाना बढ़ाता है फ्लेवर
मेथी दाना अचार में हल्की कड़वाहट जोड़ता है जो स्वाद को बैलेंस करने में मदद करती है. इसे हल्का भूनकर डालने से खुशबू और ज्यादा बढ़ जाती है. हालांकि इसकी मात्रा ज्यादा नहीं रखनी चाहिए वरना अचार ज्यादा कड़वा लग सकता है.

यह भी पढ़ें- ज्यादा पानी वाला नारियल बिना काटे कैसे पहचानें? जानिए खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान
सौंफ और कलौंजी का कमाल
सौंफ अचार में हल्की मिठास और खुशबू लाती है. वहीं कलौंजी अचार को अलग तरह का चटपटा स्वाद देती है. यही वजह है कि पारंपरिक आम के अचार में इन दोनों मसालों का इस्तेमाल जरूर किया जाता है.
हल्दी और लाल मिर्च भी हैं जरूरी
हल्दी सिर्फ रंग ही नहीं देती बल्कि अचार को लंबे समय तक ठीक रखने में भी मदद करती है. लाल मिर्च अचार का तीखापन बढ़ाती है. अगर आप ज्यादा तीखा पसंद नहीं करते तो कश्मीरी लाल मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं.
हींग और नमक को नजरअंदाज न करें
हींग अचार की खुशबू बढ़ाने के साथ पाचन में भी मदद कर सकती है. वहीं नमक अचार को खराब होने से बचाने में अहम भूमिका निभाता है. नमक कम होने पर अचार जल्दी खराब हो सकता है.
अचार लंबे समय तक ठीक रखने के टिप्स
अचार बनाते समय इस बात का ध्यान रखें कि आम, मसाले और जार पूरी तरह सूखे हों. नमी रहने पर अचार में फंगस लग सकती है. सरसों का तेल इतना डालें कि आम के टुकड़े अच्छी तरह डूब जाएं. साथ ही अचार को समय-समय पर धूप दिखाते रहें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं