सर्दियों में स्किन फटने लगती है, खुजली होने लगती है, सफेद-सफेद पपड़ी निकलने लगती है. हम सोचते हैं, ठंड की वजह से हो रहा है. लेकिन असल में कई बार हमारी नहाने की आदतें ही स्किन को खराब कर रही होती हैं. डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. आकांक्षा ठक्कर ने सर्दियों में नहाने की कॉमन आदतों को 1 से 10 तक रेटिंग दी है. कुछ आदतें स्किन के लिए 10/10 हैं, और कुछ 0/10, यानी एकदम खराब. तो चलिए जानते हैं सर्दियों में कैसे रखें अपनी स्किन का ख्याल.
सर्दियों में क्या है स्किन को हेल्दी रखने का तरीका-
1. गरम पानी से नहाना- रेटिंग 2/10
सर्दियों में सबसे अच्छा लगता है, एकदम गरम पानी से नहाना. भाप उठती हुई, मजा आ जाता है. लेकिन डॉ. ठक्कर ने इस आदत को सिर्फ 2/10 दिया है. क्यों? क्योंकि गरम पानी स्किन का नेचुरल ऑयल छीन लेता है. स्किन ड्राई हो जाती है, डिहाइड्रेट हो जाती है. गरम पानी से नहाने के बाद स्किन और ज्यादा फटती है, खुजली ज्यादा होती है. डॉ. ठक्कर ने गुनगुने पानी को 10/10 दिया है. पानी हल्का गरम हो, इतना कि ठंड न लगे, लेकिन स्किन जले नहीं. गुनगुना पानी स्किन को साफ भी करता है, और नमी भी नहीं छीनता.
यहां देखें वीडियो-
2. एंटीसेप्टिक साबुन से नहाना- रेटिंग 1/10
बहुत लोग सोचते हैं, एंटीसेप्टिक साबुन से नहाएंगे, तो कीटाणु मर जाएंगे, स्किन साफ रहेगी. लेकिन डॉ. ठक्कर ने इसको 1/10 दिया है, यानी एकदम खराब. एंटीसेप्टिक साबुन बहुत हार्श होते हैं. ये स्किन के अच्छे बैक्टीरिया को भी मार देते हैं, और स्किन को बहुत ज्यादा ड्राई कर देते हैं. सर्दियों में तो ये और भी ज्यादा नुकसान करते हैं. सर्दियों में जेंटल, मॉइस्चराइजिंग साबुन या बॉडी वॉश इस्तेमाल कीजिए. बिना खुशबू वाला, बिना हार्श केमिकल वाला. खुशबू वाले बॉडी वॉश को भी डॉ. ठक्कर ने सिर्फ 3/10 दिया है, क्योंकि खुशबू वाले बॉडी वॉश से इरिटेशन का रिस्क रहता है.
3. रोज लूफा रगड़ना- रेटिंग 1/10
डॉ. ठक्कर ने रोज लूफा इस्तेमाल करने को 1/10 दिया है. रोज लूफा रगड़ने से स्किन पर माइक्रो-टीयर्स हो जाते हैं. मतलब, छोटे-छोटे घाव, जो आंख से नहीं दिखते. इनसे स्किन और ज्यादा ड्राई हो जाती है, और इंफेक्शन का भी खतरा रहता है. लूफा हफ्ते में 1 बार, वो भी हल्के हाथ से इस्तेमाल कीजिए. रोज सिर्फ हाथ से साबुन लगाकर नहाइए, काफी है.
4. सर्दियों में दिन में 2 बार नहाना- रेटिंग 3/10
डॉ. ठक्कर ने ठंड में दो बार नहाने को 3/10 दिया है. सर्दियों में दिन में 2 बार नहाना अननेसेसरी है. हर बार नहाने पर स्किन का नेचुरल ऑयल धुल जाता है. सर्दियों में पसीना कम आता है, धूल भी कम चिपकती है, इसलिए 2 बार नहाने की जरूरत ही नहीं है. सर्दियों में दिन में 1 बार ही नहाइए. अगर बहुत ज्यादा जरूरत हो, तो दूसरी बार सिर्फ पानी से नहाइए, साबुन मत लगाइए.
5. बाथरूम में गीला तौलिया टांग देना- रेटिंग 0/10
नहाकर गीला तौलिया बाथरूम में ही टांग देने को डॉ. ठक्कर ने 0/10 दिया है, यानी सबसे खराब. बाथरूम में नमी रहती है, हवा कम आती है. गीला तौलिया वहां सूखता नहीं, उसमें फंगस लग जाता है. फिर उसी फंगस वाले तौलिए से हम मुंह-पोंछते हैं, बॉडी पोंछते हैं, तो स्किन पर फंगल इंफेक्शन हो जाता है. तौलिए को धूप में या खुली हवा में सुखाइए. बाथरूम में मत टांगिए और तौलिए को हफ्ते में 2 बार धोइए.
6. नहाने के बाद तुरंत मॉइस्चराइजर लगाना- रेटिंग 10/10
नहाने के बाद तुरंत मॉइस्चराइजर लगाना, इस आदत को डॉ. ठक्कर ने 10/10 दिया है. नहाने के बाद स्किन थोड़ी गीली होती है. उसी गीली स्किन पर मॉइस्चराइजर लगाने से नमी स्किन के अंदर लॉक हो जाती है. अगर स्किन सूखने के बाद मॉइस्चराइजर लगाएंगे, तो उतना फायदा नहीं होगा. नहाने के 2-3 मिनट के अंदर ही, हल्की गीली स्किन पर मॉइस्चराइजर लगा लीजिए. चेहरे पर भी, बॉडी पर भी.
7. मॉइस्चराइजर में ग्लिसरीन मिलाना- रेटिंग 10/10
मॉइस्चराइजर में ग्लिसरीन मिलाकर लगाना, इसको भी डॉ. ठक्कर ने 10/10 दिया है. ग्लिसरीन हवा से नमी खींचकर स्किन को देता है. मॉइस्चराइजर के साथ ग्लिसरीन मिलाने से हाइड्रेशन डबल हो जाता है. सर्दियों में फटी स्किन के लिए ये सबसे सस्ता और सबसे अच्छा नुस्खा है. अपने मॉइस्चराइजर में 2-3 बूंद ग्लिसरीन मिलाकर लगाइए.
यह भी पढ़ें- 40 के बाद हर महिला को जरूर खाने चाहिए ये 5 सीड्स, एक्सपर्ट से जानें फायदे और सेवन का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं