विज्ञापन

प्रेग्नेंसी में इंफेक्शन से कैसे बचें? ये 7 आसान तरीके, जिनसे मां और बच्चा रहेगा सुरक्षित

प्रेग्नेंसी के दौरान इंफेक्शन होने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है. इस स्थिति में सुरक्षित रहने की बहुत ही जरूरत है. यहां जानते हैं प्रेग्नेंसी में इंफेक्शन से कैसे रहें सुरक्षित?

प्रेग्नेंसी में इंफेक्शन से कैसे बचें? ये 7 आसान तरीके, जिनसे मां और बच्चा रहेगा सुरक्षित
Pregnancy Care Infection : प्रेग्नेंसी में इंफेक्शन से कैसे रहें सुरक्षित?

प्रेग्नेंसी हर महिला के जीवन का एक खास दौर होता है. इस दौरान शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं, जिनमें इम्यून सिस्टम में आने वाले बदलाव भी शामिल हैं. यही वजह है कि गर्भावस्था के दौरान संक्रमण यानी इंफेक्शन का खतरा थोड़ा बढ़ सकता है. ऐसे में मां और गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों की सुरक्षा के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है.

एस्टर सीएमआई हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी डॉ. चेतना वी बताती हैं कि प्रेग्नेंसी में इंफेक्शन से बचाव के लिए कुछ आसान आदतें अपनाकर जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

बार-बार नियमित रूप से धोएं हाथ

कोविड के दौरान बार-बार हाथ धोने और सैनिटाइज करने की एडवाइजरी आपने कई बार सुनी होगी. ये एडवाइजरी न सिर्फ कोविड के दौरान फॉलो करना जरूरी है, बल्कि प्रेग्नेंसी में इंफेक्शन के खतरे से बचने के लिए भी जरूरी है. कोशिश करें कि खाना खाने या बनाने से पहले, वॉशरूम इस्तेमाल करने के बाद, बाहर से घर लौटने पर और किसी गंदी सतह को छूने के बाद साबुन और पानी से अच्छी तरह हाथ जरूर धोएं. यह आदत कई तरह के बैक्टीरिया और वायरस से बचाने में मदद करती है.

सोच-समझकर चुने खानपान

प्रेग्नेंसी में भोजन का चुनाव बहुत सोच-समझकर करना चाहिए. कच्चा या अधपका मांस, अंडे, सीफूड और बिना पाश्चुरीकृत डेयरी उत्पादों से बचना चाहिए, क्योंकि इनमें हानिकारक बैक्टीरिया मौजूद हो सकते हैं. फलों और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर खाएं और हमेशा साफ व सुरक्षित पानी ही पिएं.

समय पर लगवाएं वैक्सीन

कुछ टीके प्रेग्नेंसी के दौरान मां और बच्चे दोनों को गंभीर संक्रमणों से बचाने में मदद करते हैं. कौन-सी वैक्सीन आपके लिए जरूरी है, ये जानने के लिए अपने गायनेक्लॉजिस्ट से संपर्क करें और समय पर वैक्सीन लगवाएं.

बीमार लोगों से दूरी बनाए रखें

अगर किसी व्यक्ति को फ्लू, चिकनपॉक्स, कोविड-19 या अन्य संक्रामक बीमारी है, तो उससे निकट संपर्क से बचना बेहतर होता है. अगर परिवार का कोई सदस्य बीमार है तो घर में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें, हाथों की सफाई का ध्यान रखें और जरूरी सावधानियां अपनाएं.

पर्सनल और इंटीमेट हाइजीन का भी रखना होगा ध्यान

प्रेग्नेंसी के दौरान पर्सनल हाइजीन बनाए रखना बहुत ही जरूरी है. अगर असामान्य डिस्चार्ज, खुजली, पेशाब में जलन या किसी तरह की परेशानी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. कुछ मामलों में डॉक्टर सेक्सुअल इंफेक्शन की जांच भी कराने की सलाह दे सकते हैं.

मच्छरों और कीड़ों से रहें सुरक्षित

डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियां प्रेग्नेंसी में ज्यादा जोखिम पैदा कर सकती हैं. इसलिए प्रेग्नेंसी-सेफ मच्छर रिपेलेंट का इस्तेमाल करें, शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें और घर के आसपास पानी जमा न होने दें.

नियमित प्रेग्नेंसी चेकअप न छोड़ें

नियमित एंटीनटल चेकअप से डॉक्टर किसी भी संक्रमण की पहचान शुरुआती चरण में कर सकते हैं. अगर आपको बुखार, लगातार खांसी, पेशाब में दर्द, असामान्य योनि स्राव, त्वचा पर चकत्ते या कोई अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी डॉक्टर से संपर्क करें.

अंत में डॉ. चेतना वी का कहना है कि प्रेग्नेंसी में इंफेक्शन से बचाव का सबसे अच्छा तरीका है स्वच्छता, संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण और नियमित मेडिकल जांच. छोटी-छोटी सावधानियां न केवल मां को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि गर्भ में पल रहे बच्चे के सुरक्षित विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. इसलिए गर्भावस्था के दौरान अपनी सेहत को प्राथमिकता दें और किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें.

ये भी पढ़ें - गर्भवती महिला का शुगर लेवल गिरा, CPR से बची जान, कितनी खतरनाक है ये स्थिति?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pregnancy, Pregnancy Foods, Pregnancy Care, Infection, Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com