पित्त की पथरी यानी गॉलब्लैडर स्टोन कई लोगों में बिना किसी लक्षण के मौजूद रहती है. लेकिन कुछ लोगों को इसकी वजह से काफी दर्द, सूजन जैसी परेशानी होने लगती है, जिसके बाद उनके मन में कई तरह के सवाल उठते हैं, जिसमें से एक है पित्त की पथरी का ऑपरेशन कब करवा लेना चाहिए? नारायणा हॉस्पिटल के जनरल लेजर एंड लैपोस्कोपी सर्जन सीनियर कंसल्टेंट डॉ. आशील गोयक का कहना है कि लोगों में इस तरह के सवाल काफी आम है, क्योंकि कई लोग सर्जरी करवाने से घबराते हैं. उन्हें लगता है जितना हो सके ऑपरेशन से बचें. लेकिन हमेशा ऑपरेशन से बचना सेहत के लिए और ज्यादा घातक हो सकता है. यहां जानते हैं पित्त की पथरी का ऑपरेशन कब करवा लेना चाहिए?
1. अगर पित्त की पथरी है, तो क्या हर मरीज को ऑपरेशन करवाना पड़ता है?
नहीं, अगर जांच में पित्त की पथरी मिली है लेकिन कोई लक्षण नहीं हैं और पित्ताशय व पित्त की नलियां सामान्य हैं, तो आमतौर पर तुरंत ऑपरेशन की जरूरत नहीं होती. ऐसे मामलों में डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार निगरानी की सलाह दे सकते हैं.
2. किन लक्षणों के बाद ऑपरेशन की जरूरत पड़ सकती है?
बार-बार दर्द होना, खासकर पेट के ऊपरी दाएं हिस्से में दर्द, पित्त की पथरी से जुड़ा प्रमुख लक्षण हो सकता है. दर्द कई घंटों तक रह सकता है और कई बार भारी भोजन के बाद भी शुरू हो सकता है और भूख कम लगना, पेट में भारीपन महसूस होना भी संभावित है. यदि पथरी के कारण ऐसे लक्षण बार-बार हो रहे हैं, तो डॉक्टर अक्सर लैप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी, यानी पित्ताशय को निकालने की सर्जरी, पर विचार करते हैं.
3. क्या बुखार या लगातार दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
हां. पेट में लगातार दर्द के साथ बुखार, ठंड लगना, उल्टी या आंखों/त्वचा का पीला पड़ना (पीलिया) गंभीर जटिलता का संकेत हो सकता है. पित्त की नली में रुकावट होने पर संक्रमण, पित्ताशय में सूजन या अग्न्याशय में सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. ऐसी स्थिति में देरी नहीं करनी चाहिए.
4. अगर पित्ताशय में संक्रमण या सूजन हो जाए तो ऑपरेशन कब होता है?
Acute cholecystitis, यानी पित्ताशय में अचानक होने वाली सूजन, पित्त की पथरी की गंभीर जटिलता हो सकती है. NICE की गाइडलाइन ऐसे मरीजों में स्थिति की पुष्टि होने के बाद एक सप्ताह के भीतर शुरुआती लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की सलाह देती है, यदि मरीज सर्जरी के लिए उपयुक्त हो.
5. क्या पित्त की नली में पथरी होने पर भी ऑपरेशन जरूरी हो सकता है?
हां. यदि पथरी कॉमन बाइल डक्ट (CBD) में पहुंच गई है, तो केवल पित्ताशय की पथरी मानकर इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. कुछ मरीजों में पहले ERCP के जरिए पित्त की नली से पथरी निकाली जाती है और इसके बाद पित्ताशय निकालने की सर्जरी की जाती है.
6. क्या ऑपरेशन के बाद सामान्य जीवन जी सकते हैं?
हां. पित्ताशय शरीर के लिए आवश्यक अंग नहीं है. इसे निकालने के बाद भी लिवर पित्त बनाता रहता है, जो सीधे आंत में पहुंचता है. अधिकांश लोग सर्जरी के बाद सामान्य जीवन जीते हैं.
ये भी पढ़ें - बार-बार किडनी में पथरी क्यों बनती है? कहीं किसी दूसरी बीमारी की वजह तो नहीं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं