पानी का सेवन हमारी सेहत के लिए कितना जरूरी है ये हम सभी जानते हैं खासकर सुबह खाली पेट. लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि सुबह खाली पेट किस बर्तन का पानी पीना सेहत के लिए वरदान समान है. जी हां अगर आप भी इसी सवाल का जवाब जानना चाहते हैं, तो आयुर्वेदाचार्य और योग गुरु डॉ. राम अवतार से जानें.
दरअसल आज की भागदौड़ भरी जिदंगी में हम अपनी सेहत का उतना ख्याल नहीं रख पाते हैं, जितना हमें रखना चाहिए. बहुत से लोग खुद को सेहतमंद रखने के लिए महंगे सप्लीमेंट्स का सहारा लेते हैं. लेकिन हमारे बड़े-बुजुर्ग हमेशा से किचन में मौजूद तांबे, पीतल और मिट्टी के बर्तनों में खाने-पीने की सलाह देते आए हैं. क्योंकि ये सेहत का खजाना माने जाते हैं. अगर आप भी अपनी रोजमर्रा की आदतों में थोड़ा सा बदलाव कर लें, तो कई गंभीर बीमारियों से आसानी से बच सकते हैं. आइए जानते हैं पीतल के बर्तन और गिलास में पानी पीने के फायदे.
पीतल के बर्तन में पानी पीने के फायदे- (Health Benefits Of Drinking Brass Glass Water)
1. पेट के लिए-
डॉ. राम अवतार का कहना है कि अगर आप पीतल के गिलास में रखा पानी पीते हैं, तो पाचन तंत्र मजबूत होता है. पीतल की तासीर ठंडी होती है, जो पेट की जलन को शांत करती है. इसके अलावा, यह पेट में गैस बनने और अपच जैसी समस्याओं को दूर करने में भी असरदार साबित हो सकता है.

2. इम्यूनिटी के लिए-
पीतल जिंक और तांबे का एक मिश्रण होता है. जब पानी पीतल के बर्तन में रखा जाता है, तो ये जरूरी मिनरल्स पानी में घुल जाते हैं. यह पानी शरीर की अंदरूनी सफाई करता है और शरीर की बीमारियों से लड़ने की ताकत को बढ़ाता है.
3. स्किन के लिए-
आयुर्वेद के मुताबिक, ग्लोइंग स्किन का राज अंदरूनी सेहत से जुड़ा है. पीतल के गिलास में पानी पीने से खून साफ होता है. जब खून की गंदगी बाहर निकल जाती है, तो चेहरे पर अपने आप नेचुरल ग्लो आने लगता है और मुहांसे जैसी समस्याएं कम हो सकती हैं.
4. वजन घटाने के लिए-
डॉ. राम अवतार के अनुसार, पीतल के बर्तन में रखा पानी पीने से शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है. जब पाचन और मेटाबॉलिज्म सही तरीके से काम करते हैं, तो शरीर में एक्स्ट्रा चर्बी जमा नहीं होती. सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करने से वजन को कंट्रोल करने में काफी मदद मिल सकती है.
5. आयरन के लिए-
पीतल के बर्तन में मौजूद गुण शरीर में आयरन और अन्य जरूरी पोषक तत्वों के संतुलन को बनाए रखने में मदद कर सकते हैं, जिससे शरीर में एनर्जी बनी रहती है और कमजोरी दूर हो सकती है.
क्या है पीतल के बर्तन में पानी पीने का सही तरीका- (What Is The Right Ways To Drink Brass Glass Water)
रात को सोने से पहले एक साफ पीतल के गिलास में पीने का पानी भरकर रख दीजिए. सुबह उठकर सबसे पहले खाली पेट उस पानी को आराम से बैठकर पिएं. शुरुआत में आपको इसका स्वाद थोड़ा अलग लग सकता है, लेकिन कुछ ही दिनों में आपको इसकी आदत हो जाएगी और आपकी सेहत में सुधार साफ दिखने लगेगा.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल- (FAQ)
1.क्या रोज पीतल के गिलास का पानी पी सकते हैं?
सीमित मात्रा में और साफ बर्तन में रखा पानी पीना बेहतर माना जाता है.
2. पीतल के बर्तन में पानी कितनी देर रखना चाहिए?
आमतौर पर रातभर रखा पानी सुबह पीने की सलाह दी जाती है.
3. क्या बच्चे भी पीतल के गिलास का पानी पी सकते हैं?
बच्चों की दिनचर्या में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
4. पीतल के बर्तन में गर्म पानी पी सकते हैं?
नॉर्मल तापमान का पानी उपयोग किया जा सकता है.
5. पीतल या तांबा, कौन सा बेहतर है?
दोनों धातुओं के गुण अलग हैं और आयुर्वेद में दोनों का अलग महत्व बताया गया है.
एनडीटीवी ने बात की आयुर्वेदाचार्य एवं योग गुरु डॉ. राम अवतार (Prof. Dr. Ram Avtar) से. वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं और उनके पास योग, आयुर्वेद, नाड़ी विज्ञान और न्यूरोथेरेपी में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है.
ये भी पढ़ें- नहाने से पहले नाभि में पानी डालने से क्या होता है? एक्सपर्ट से जानिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं