Food for Wrinkles : बढ़ती उम्र के साथ चेहरे पर झुर्रियां आना काफी कॉमन है, लेकिन आज के समय में खराब लाइफस्टाइल, प्रदूषण और स्ट्रेस की वजह से कम उम्र में ही लोगों के चेहरे पर झुर्रियां नजर आने लगती हैं. इन झुर्रियों को कम करने के लिए हम में से कई लोग महंगे-महंगे क्रीम का प्रयोग करते हैं, लेकिन इससे ज्यादा फर्क नजर नहीं आता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सही डाइट से स्किन पर होने वाली झुर्रियों को कम किया जा सकता है. जी हां, सही पोषण स्किन को अंदर से पोषण देकर लंबे समय तक जवां बनाए रखने में मददगार साबित हो सकता है.
यशोदा हॉस्पिटल्स की डिप्टी चीफ डायटीशियन डॉ. श्वेता ए. का कहना है कि झुर्रियों को कम करने के लिए कोई एक फूड नहीं है, इसके लिए आपको सही और पोषण से भरपूर आहार लेने की जरूरत होती है. यहां हम जानते हैं स्किन की त्वचा को टाइट करने वाले फूड-
स्किन के लिए बेस्ट है आंवला, संतरा और अमरूद
चेहरे पर होने वाली झुर्रियों को कम करने के लिए विटामिन सी से भरपूर फलों का सेवन करें. ये शरीर में कोलेजन को बढ़ावा देते हैं, जो स्किन को कसावट और लचीलापन देता है. आंवला, संतरा, अमरूद और शिमला मिर्च जैसे फूड्स विटामिन C के अच्छे स्रोत हैं. नियमित रूप से इनका सेवन करने से स्किन को हेल्दी बनाए रखने में मदद मिल सकती है.
बेरीज और टमाटर झुर्रियां कर सकता है कम
चेहरे की झुर्रियां और लाइंस को कम करने के लिए बेरीज और टमाटर जैसी चीजों का सेवन किया जा सकता है. ये एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं, जो स्किन को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं. मालूम हो कि फ्री रेडिकल्स को समय से पहले एजिंग की बड़ी वजह माना जाता है.
बादाम, अखरोट और बीज
बादाम, अखरोट, चिया सीड्स और अलसी के बीजों का सेवन करने से आपकी स्किन को हेल्दी फैट के साथ-साथ विटामिन ई मिलता है. ये आपकी स्किन की नमी को बनाए रखते हैं. साथ ही इससे स्किन बैरियर को मजबूती भी मिलती है. इससे स्किन रूकी और बेजान होने से बच सकती है.
फैटी फिश से स्किन पर आएगी चमक
सैल्मन, सार्डिन और मैकरल जैसी मछलियों में ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में पाया जाता है. ये सूजन को कम करने और स्किन को हेल्दी बनाए रखने में मदद कर सकता है. ओमेगा-3 स्किन को अंदर से पोषण देता है और उसकी नैचुरल चमक बनाए रखने में सहायक होता है.
खाएं प्रोटीन से भरपूर चीजें
अंडे, पनीर, दालें, मछली और लीन मीट शरीर में टिश्यूज की मरम्मत के लिए जरूरी प्रोटीन प्रदान करते हैं. पर्याप्त प्रोटीन मिलने से स्किन के सेल्स की रिपेयरिंग की जा सकती है, जिससे आपकी स्किन हेल्दी हो सकती है.
ये भी पढ़ें - क्या कोलेजन की कमी से झुर्रियां होती हैं? डॉक्टर का क्या कहना है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं