Oats Side Effects: आजकल हेल्दी डाइट की बात हो और ओट्स का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है. वजन घटाने से लेकर फिटनेस और डायबिटीज कंट्रोल (Diabetes Control) तक, हर जगह ओट्स को सबसे हेल्दी विकल्प की तरह दिखाया जाता है. कई लोग सुबह का नाश्ता सिर्फ ओट्स से करते हैं और इसे पूरी तरह सुरक्षित मान लेते हैं. लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि ओट्स फायदेमंद जरूर हैं, पर हर व्यक्ति के लिए एक जैसा असर नहीं दिखाते. जरूरत से ज्यादा या गलत तरह के ओट्स खाने से शरीर को नुकसान भी हो सकता है. खासकर इंस्टेंट और फ्लेवर्ड ओट्स कई बार हेल्दी कम और नुकसानदायक ज्यादा साबित हो सकते हैं.
क्यों इतने फेमस हैं ओट्स?
ओट्स में बीटा-ग्लूकन (Beta Glucon) नाम का घुलनशील फाइबर पाया जाता है. यह फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती. यही वजह है कि वजन कम करने वाले लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं.
इसके अलावा ओट्स कोलेस्ट्रॉल कम करने और दिल की सेहत बेहतर रखने में भी मददगार माने जाते हैं. कई रिसर्च में यह बात सामने आई है कि सही मात्रा में ओट्स खाने से एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल कम हो सकता है.

हर ओट्स शरीर के लिए अच्छे नहीं होते
मार्केट में मिलने वाले सभी ओट्स एक जैसे नहीं होते. इंस्टेंट ओट्स ज्यादा प्रोसेस्ड होते हैं और शरीर में जल्दी पच जाते हैं. इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है. फ्लेवर्ड ओट्स में चीनी और कृत्रिम फ्लेवर भी मिलाए जाते हैं, जो सेहत के लिए सही नहीं माने जाते.
डायबिटीज या इंसुलिन रेजिस्टेंस (Insulin Resistance) वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत होती है. एक्सपर्ट्स रोल्ड या स्टील-कट ओट्स को ज्यादा बेहतर विकल्प मानते हैं.
ज्यादा ओट्स खाने से क्या हो सकता है?
ओट्स में फाइबर (Fibre) काफी ज्यादा होता है. अगर कोई व्यक्ति अचानक बड़ी मात्रा में ओट्स खाना शुरू कर दे, तो पेट फूलना, गैस, भारीपन या पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
कुछ लोगों को इसका पाचन भी आसानी से नहीं होता. इसके अलावा ओट्स में मौजूद फाइटेट्स शरीर में आयरन और जिंक जैसे जरूरी मिनरल्स के अवशोषण को कम कर सकते हैं.
ग्लूटेन फ्री होने के बाद भी क्यों जरूरी है सावधानी?
ओट्स प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन फ्री होते हैं, लेकिन कई बार इन्हें ऐसी फैक्ट्री में प्रोसेस किया जाता है जहां गेहूं भी मौजूद होता है. ऐसे में ग्लूटेन सेंसिटिविटी या सीलिएक बीमारी (Celiac Disease) वाले लोगों को पैकेट खरीदते समय लेबल जरूर जांचना चाहिए.
Watch Video: कैसे बनाएं स्वादिष्ट कुरकुरा नीर डोसा? How To Make Neer Dosa
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं