भागदौड़ भरी सुबह हो या शाम की हल्की-फुल्की भूख, समझ नहीं आता कि झटपट क्या हेल्दी बनाया जाए जो बच्चों से लेकर बड़ों सबको पसंद आए. अक्सर हम मैदे या ज्यादा तेल-मसाले वाली चीजें खाकर सेहत से समझौता कर लेते हैं, लेकिन क्या हो अगर आपको स्वाद और सेहत दोनों एक ही प्लेट में मिल जाएं? आज हम आपके लिए एक ऐसी कमाल की रेसिपी लेकर आए हैं जो मिनटों में तैयार हो जाती है और खाने में इतनी मुलायम होती है कि मुंह में जाते ही घुल जाएगी.
ओट्स और सूजी का यह पैनकेक न सिर्फ बनाने में बेहद आसान है, बल्कि वजन कम करने वालों और फिटनेस लवर्स के लिए भी एक बेहतरीन ऑप्शन है. इसमें फाइबर और प्रोटीन भरपूर मात्रा में मिलता है, जो आपको लंबे समय तक एनर्जेटिक रखता है.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- ओट्स (आधा कप)
- बारीक सूजी (एक कप)
- ताजा दही (आधा कप)
- हरी मिर्च (1 बारीक कटी हुई)
- अदरक का टुकड़ा (1 छोटा इंच कद्दूकस किया हुआ)
- नमक (आधा छोटी चम्मच)
- ईनो (1 छोटी चम्मच)
- पानी (आवश्यकतानुसार)
- तेल या घी
बनाने का आसान तरीका:
- सबसे पहले एक मिक्सर जार लें. उसमें आधा कप ओट्स और एक कप सूजी डालें.
- अब इसमें आधा कप ताजा दही, एक कटी हुई हरी मिर्च और अदरक का छोटा टुकड़ा डालिए.
- अब इसमें आधा कप पानी डालकर जार को मिक्सी में चला लें ताकि एकदम बारीक और स्मूथ पेस्ट तैयार हो जाए.
- इस बैटर को एक बाउल में निकाल लें.
- मिश्रण थोड़ा गाढ़ा लग सकता है, इसलिए इसमें सवा कप पानी और मिला दें ताकि इसकी परफेक्ट कंसिस्टेंसी मिल सके.
- बैटर न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला.
- अब इस तैयार बैटर में आधा छोटी चम्मच नमक और एक छोटी चम्मच ईनो मिला लें.
- ईनो डालते ही बैटर में फर्मेंटेशन शुरू हो जाएगा और यह बहुत तेजी से फूलने लगेगा, जिससे हमारे पैनकेक एकदम स्पंजी बनेंगे.
- अब एक नॉन-स्टिक तवे को गैस पर रखें और उसे हल्के से तेल या घी से ग्रीस कर लें, ध्यान रखें कि तवा मीडियम गर्म होना चाहिए.
- तवे पर एक बड़ा चमचा भरकर बैटर डालें और इसे हल्का सा मोटा ही फैलाएं, डोसे की तरह बहुत पतला न करें.
- अब गैस की आंच मीडियम रखें और इसे किसी ढक्कन से ढककर डेढ़ से दो मिनट तक पकने दें.
- आप देखेंगे कि ऊपर की सतह का सफेद रंग हल्के पीलेपन में बदलने लगा है और नीचे से बढ़िया सिक गया है.
- बस, आपके गरमा-गरम और सुपर सॉफ्ट ओट्स-सूजी पैनकेक तैयार हैं.
इसे भी पढ़ें: किस सब्जी के लिए कौन सा चाकू सही है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं