आजकल सोशल मीडिया पर वजन घटाने के नए नुस्खे खूब वायरल हो रहे हैं. इसी बीच बारबेरी की छाल यानी 'बारबेरी बार्क' का नाम बहुत ज्यादा चल रहा है. वजन कम करने की चाहत रखने वाले इसे 'नेचर्स ओजेंपिक' बोल रहे हैं. दावा है कि यह भूख दबाती है. और तेजी से चर्बी पिघलाने में मदद करती है. पर क्या वाकई ऐसा होता है? क्या एक पेड़ की छाल दवा की बराबरी कर सकती है? आइए जानते हैं इस जड़ी-बूटी का असली सच.
बारबेरी बार्क क्या है?
बारबेरी एक पुराना औषधीय पौधा है. इसकी छाल और जड़ का इस्तेमाल सदियों से आयुर्वेद में होता रहा है. इसका स्वाद बहुत कड़वा होता है. इसमें 'बरबेरीन' नाम का खास तत्व मिलता है.
यह तत्व मेटाबॉलिज्म ठीक करता है. यह शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में भी मदद करता है. साथ ही लिवर और पेट के लिए भी अच्छा माना जाता है.
इसे क्यों कहा जा रहा है 'नेचर्स ओजेंपिक'?
ओजेंपिक असल में डायबिटीज की दवा है. लोग इसे भूख दबाने और वजन घटाने के लिए ले रहे हैं. यह दवा दिमाग को संकेत देती है कि पेट भरा है. बारबेरी की छाल भी शुगर को अचानक बढने से रोकती है. यह इंसुलिन को सुधारती है. इसी वजह से लोग इसे नेचुरल ओजेंपिक कहने लगे हैं.
पर डाक्टरों का कहना अलग है. एक घरेलू नुस्खा सीधे इंजेक्शन की बराबरी नही कर सकता. दोनो के काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है.
बारबेरी बार्क से वजन कम करने के बारे में क्या कहती हैं रिसर्च?
रिसर्च बताती है कि बरबेरीन मेटाबॉलिज्म सुधारने और मोटापे के रिस्क फैक्टर्स को कम करने में काम आ सकता है. इसके कुछ फायदे इस तरह देखे गए हैं.
- यह इंसुलिन को बेहतर करता है. इससे फैट कम जमता है.
- यह शुगर लेवल को कंट्रोल में रखता है.
- यह पेट के गुड बैक्टीरिया को बढाता है.
- यह चर्बी को एनर्जी में बदलने में मदद करता है.
- यह शरीर की अंदरूनी सूजन को कम करता है.
हालांकि एक मेडिकल रिपोर्ट में यह बात सामने आई है. इसे लेने से कुल वजन या बीएमआई (BMI) में कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं दिखा.
बस कमर और हिप्स के साइज में मामूली कमी आई. यानी यह पेट की चर्बी पर थोड़ा असर जरूर करती है. पर यह कोई जादुई दवा नहीं है.
वजन के अलावा सेहत को मिलने वाले अन्य फायदे
रिसर्च के मुताबिक बारबेरी की छाल के कुछ और भी फायदे हैं.
- ब्लड शुगर मैनेजमेंट: जिन लोगों को शुगर की शुरुआती दिक्कत है, उनके लिए यह फायदेमंद हो सकती है.
- कोलेस्ट्रॉल में सुधार: यह बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करती है. इससे दिल सुरक्षित रहता है.
- लिवर की सुरक्षा: यह फैटी लिवर की समस्या में भी राहत दे सकती है.
Barberry Bark vs Ozempic: क्या हैं साइड इफेक्ट्स?
- हर देसी चीज पूरी तरह सेफ नहीं होती. इसकी तासीर बहुत तेज होती है. इसलिए बिना डाक्टर से पूछे इसे न लें.
- कमजोर पेट वालों को इससे उल्टी, दस्त या पेट दर्द हो सकता है.
- गर्भवती महिलाओं को यह सप्लीमेंट बिल्कुल नहीं लेना चाहिए.
- शुगर या बीपी की दवा खाने वाले सतर्क रहें. यह शुगर को बहुत ज्यादा लो कर सकती है.
वजन कम करने के बेहतर और टिकाऊ तरीके
अगर सच में वजन कम करना है तो किसी एक नुस्खे के भरोसे न रहें. सही तरीका अपनाना ज्यादा काम आता है.
- खाने में प्रोटीन बढाएं ताकि पेट भरा रहे. ऐसा करने से आप अतिरिक्त वसा या कैलोरी इनटेक से बचे रहेंगे.
- फाइबर वाली चीजें खाएं. इससे पाचन ठीक रहेगा. फाइबर आपके पेट में पाचन को स्लो करता है और साथ ही यह गट का भी अच्छा दोस्त है.
- आप चाहे कितनी ही एक्सरसाइज करें, अगर आराम नहीं करेंगे तो समस्या वहीं की वहीं रहेगी. इसलिए हफ्ते में कुछ दिन हल्की कसरत और वेट ट्रेनिंग करें, लेकिन आराम भी करें.
- अच्छी नींद हर चीज की दवा है. आप अगर ये सोच रहे हैं कि आप नींद छोड़कर एक्सरसाइज करेंगे और वेट कम होगा, तो ये गलतफहमी हो सकती है. भले ही एक दिन की एक्सरसाइज छूट जाए, लेकिन रोज 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लें.
- अब ये एक चीज तो आपको हर दूसरा इंसान समझाएगा कि आप तनाव कम लें, नहीं तो वजन बढने लगता है.
- दिनभर एक्टिव रहें और रोजाना पैदल चलें. चलने से तनाव कम होगा और पूरे शरीर की मसल्स पर असर होगा.
बारबेरी की छाल मेटाबॉलिज्म के लिए अच्छी हो सकती है. पर इसे वजन घटाने का आसान शार्टकट समझना गलत होगा. जब तक खानपान और लाइफस्टाइल नहीं बदलेगा, तब तक कोई भी चीज असर नहीं दिखाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं