विज्ञापन

झाइयां कैसे कम करें? जानें जायफल, आलू और एलोवेरा के यूनानी घरेलू उपाय, दमक उठेगा चेहरा

चेहरे की झाइयों और पिगमेंटेशन से परेशान हैं? सफदरजंग अस्पताल के पूर्व यूनानी विभागाध्यक्ष डॉ. सैयद अहमद खान से जानें जायफल, एलोवेरा, आलू के रस समेत घरेलू उपाय और जरूरी सावधानियां.

Medically Reviewed By: Dr Syed Ahmed Khan
झाइयां कैसे कम करें? जानें जायफल, आलू और एलोवेरा के यूनानी घरेलू उपाय, दमक उठेगा चेहरा
NDTV

आईने के सामने खड़े होते ही अगर नाक और दोनों गालों पर काले-भूरे धब्बे सबसे पहले नजर आने लगें, तो पूरा मूड खराब हो जाता है. बोलचाल में हम इसे झाइयां कहते हैं और डॉक्टरी जुबान में पिगमेंटेशन. पहले यह परेशानी चालीस की उम्र के बाद दिखती थी, पर अब तो कॉलेज जाने वाली लड़कियों और तीस पार करते ही महिलाओं के चेहरे पर यह जिद्दी धब्बे पैर पसारने लगते हैं.

ज्यादातर लोग इसे छुपाने के लिए बाजार से महंगी-महंगी ब्लीच, सीरम या क्रीम खरीद लाते हैं. पर सच तो यह है कि कुछ दिन की चमक के बाद जैसे ही वो क्रीम छूटती है, झाइयां पहले से ज्यादा काली और फैलकर वापस आ जाती हैं.

सफदरजंग अस्पताल के यूनानी विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. सैयद अहमद खान से जब हमने इस बारे में बात की, तो उन्होंने बहुत पते की बात समझाई. डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है, "लोग समझते हैं कि झाइयां सिर्फ धूप में घूमने से होती हैं. जबकि हकीकत यह है कि हमारे पेट की खराबी, कब्ज, खून में जमा गंदगी और लिवर की सुस्ती इसका सबसे बड़ा कारण बनती है. जब तक अंदर की गर्मी शांत नहीं होगी, चेहरे पर बाहर से कुछ भी लीप-पोत लीजिए, दाग हमेशा के लिए कभी नहीं जाएंगे."

रसोई में रखी चीजों से कैसे मिटाएं ये काले निशान?

डॉ. खान बताते हैं कि अगर थोड़ी सी समझदारी बरती जाए, तो बिना महंगे इलाज के भी घर पर इन धब्बों को हल्का किया जा सकता है.

जायफल और कच्चे दूध की घिसाई: पत्थर की सिल पर कच्चा दूध डालकर जायफल को खूब घिसें. जब गाढ़ा सा लेप बन जाए, तो उंगली से सिर्फ उन्हीं जगहों पर लगाएं जहां झाइयां हैं. इसे लगाकर बीस मिनट छोड़ दें और फिर ताजे पानी से धो लें. डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है, "जायफल में त्वचा की गहराई में जाकर जमे हुए कालेपन को काटने की कुदरती ताकत होती है. हफ्ते में तीन-चार दिन इसका इस्तेमाल चेहरे के पैच को तेजी से हल्का करता है."

बादाम का तेल और एलोवेरा: रात को सोने से ठीक पहले हथेली पर आधा चम्मच ताजा एलोवेरा जेल निकालें और उसमें असली बादाम के तेल की दो-तीन बूंदें टपका लें. दोनों को मिलाकर चेहरे पर हल्के हाथ से थपथपाकर सो जाएं. यह त्वचा को रूखा नहीं होने देता और रंगत को एक जैसा बनाता है.

आलू का रस: घर में आलू हर वक्त मौजूद रहता है. आलू को कसकर उसका रस निकालें और कॉटन की मदद से झाइयों पर लगाएं. इसमें मौजूद नेचुरल स्टार्च जिद्दी दाग-धब्बों को बिना किसी जलन के धीरे-धीरे दबा देता है.

Also Read: करवा चौथ पर 12-15 घंटे बिना पानी रहने से शरीर में क्या-क्या होता है? डॉक्टर ने समझाया पूरा साइंस

डॉक्टर के मुताबिक झाइयों की 5 बड़ी वजहें

  • धूप
  • हार्मोनल बदलाव
  • उम्र बढ़ना
  • त्वचा की सूजन
  • जीवनशैली व खानपान

पेट साफ रहेगा तभी चेहरा चमकेगा

डॉ. खान जोर देकर कहते हैं कि सिर्फ चेहरे पर नुस्खे आजमाने से काम अधूरा रहेगा. असल सुधार तब दिखेगा जब आप अपनी थाली और दिनचर्या पर नजर डालेंगे.

पानी पीने में कंजूसी न करें: दिनभर में कम से कम दो से ढाई लीटर पानी जरूर पिएं ताकि शरीर का कचरा यूरिन के रास्ते बाहर निकलता रहे.

तेज मिर्च-मसाले और तली चीजों पर रोक: समोसे, पकौड़े, बहुत ज्यादा लाल मिर्च और पैकेटबंद चिप्स सीधे तौर पर पेट में पित्त बढ़ाते हैं. खून की यह गर्मी चेहरे पर झाइयों के रूप में फूटती है.

हरी सब्जियां और खट्टे फल: अपनी रोज की डाइट में आंवला, मौसमी, नींबू, कच्चा खीरा और पालक शामिल करें. इनमें मौजूद विटामिन अंदर से नई त्वचा बनाने में मदद करते हैं.

Also Read: कौन सी बीमारी से पेशाब से बदबू आती है? पानी की कमी समझकर न टालें, ये 4 बीमारियां हो सकती हैं जिम्मेदार

धूप से चेहरे का बचाव सबसे जरूरी

अगर आप धूप में बिना सोचे-समझे निकल पड़ते हैं, तो कोई भी नुस्खा काम नहीं करेगा.

डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है, "तेज धूप झाइयों को गहरा करने का सबसे बड़ा ईंधन है. जब भी दोपहर में बाहर कदम रखें, सूती दुपट्टे या गमछे से चेहरे को अच्छी तरह लपेट लें ताकि सीधी धूप गालों पर न पड़े. अगर छाता लेकर निकल सकते हैं तो यह सबसे बढ़िया बचाव है."

इन सादे देसी नुस्खों को नियमित अपनाएं और खान-पान सुधारें, चेहरे के दाग खुद-ब-खुद फीके पड़ने लगेंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health, Unani, Unani Medicine, Unani Home Remedies, Gharelu Nuskhe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com