हर मौसम की अपनी सब्जियां होती हैं, ठीक उसी तरह मानसून के मौसम में भी कई ऐसी सब्जियां आती हैं, जो सेहत के लिए औषधि से कम नहीं मानी जाती. ऐसी ही एक बेहद खास और गुणकारी सब्जी है ककोरा, जिसे कई जगहों पर कंटोला या ककोड़ा के नाम से भी जाना जाता है. बरसात के दिनों में उगने वाली यह कटीली सी सब्जी दिखने में भले ही छोटी हो, लेकिन इसके फायदे बड़े-बड़े हैं. अगर आप या आपके परिवार में कोई डायबिटीज का मरीज है, तो यह आर्टिकल आपके लिए है.
शुगर के मरीजों के लिए क्यों खास है ककोरा?
आज के समय में डायबिटीज यानी शुगर की बीमारी बहुत आम हो गई है. इसे कंट्रोल में रखना किसी चुनौती से कम नहीं. ऐसे में ककोरा आपके ब्लड शुगर लेवल को काबू में रखने में बेहद मददगार साबित हो सकता है. ककोरा में भरपूर मात्रा में एंटी-डाइबेटिक गुण पाए जाते हैं. इसमें मौजूद नेचुरल तत्व शरीर में इंसुलिन के बनने की प्रक्रिया को बेहतर बनाते हैं, जिससे खून में शुगर का लेवल अचानक नहीं बढ़ता.
ककोरे में फाइटो-न्यूट्रिएंट्स और पॉलीपेप्टाइड-पी जैसे तत्व पाए जाते हैं, जिन्हें एक तरह का नेचुरल इंसुलिन माना जाता है. इसका स्वाद भी हल्का और सुहाना होता है.

Photo Credit: Canva
वजन घटाने और पेट के लिए भी है फायदेमंद-
सिर्फ डायबिटीज ही नहीं, ककोरा हमारी ओवरऑल हेल्थ के लिए भी बहुत फायदेमंद माना जाता है. मानसून के दिनों में अक्सर लोगों को पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे बदहजमी या गैस होने लगती हैं. ककोरे में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और पेट को साफ रखता है. इसके अलावा, अगर आप मानसून में अपना वजन कंट्रोल रखना चाहते हैं, तो यह सब्जी आपके लिए परफेक्ट है. इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और फैट बिल्कुल नहीं होता, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और बार-बार खाने की इच्छा नहीं होती.
कैसे करें डाइट में शामिल-
ककोरे की सब्जी बनाना बहुत आसान है. आप इसे आलू के साथ या सिर्फ प्याज और हल्के मसालों के साथ तेल में भूनकर सूखी सब्जी के रूप में खा सकते हैं. इसे बनाने में बहुत ज्यादा मसालों की भी जरूरत नहीं पड़ती.
नोटः ध्यान रखें डायबिटीज के मरीज या किसी तरह की दवा ले रहे लोग अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
ये भी पढ़ें- कब्ज और गैस की समस्या का रामबाण उपाय है सुबह खाली पेट इस ड्रिंक का सेवन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं