सर्दी में गरम-गरम सूप मिल जाए, तो मजा ही आ जाता है. लेकिन रोज टमाटर का सूप, मंचूरियन सूप पी-पीकर बोर हो गए हैं? तो आज ट्राई कीजिए रागी का सूप. रागी को लोग नाचनी, मंडुआ भी कहते हैं. गांव में इसे गरीबों का अनाज कहते थे, लेकिन अब डॉक्टर इसे सुपरफूड कहते हैं. कैल्शियम में तो ये दूध से भी आगे है. रागी सूप पतला, हल्का, टेस्टी और सेहत से भरपूर है. बच्चों से लेकर बूढ़े तक इसे पी सकते हैं. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
ठंड में रागी का सूप क्यों पीना चाहिए?
रागी में कैल्शियम, अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो हड्डियों, दांतों, जोड़ों के दर्द के लिए बेस्ट है. इसमें फाइबर होता है. रोज एक कटोरी सूप पीने से पेट देर तक भरा रहता है. भूख कम लगती है जिससे वजन को कम करने में मदद मिल सकती है. इतना ही नहीं इसमें आयरन भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो खून की कमी को दूर करने में मददगार है.
ये वीडियो भी देखें-
कैसे बनाएं रागी का सूप-
सामग्री-
- रागी का आटा
- पानी
- टमाटर
- प्याज
- गाजर
- लहसुन
- अदरक
- देसी घी
- जीरा
- नमक
- काली मिर्च पाउडर
- नींबू का रस
- हरा धनिया
विधि-
- सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच रागी का आटा लीजिए. इसमें आधा कप ठंडा पानी डालकर अच्छे से घोल लीजिए.
- एकदम पतला घोल बनाइए, गुठलियां नहीं रहनी चाहिए. रागी के आटे को कभी भी सीधे गरम पानी या गरम कड़ाही में मत डालिए. वो गुठलियां बन जाएंगी.
- हमेशा ठंडे पानी में पहले घोलिए, फिर गरम में डालिए. इस घोल को साइड में रख दीजिए.
- अब एक कड़ाही या पैन में 1 चम्मच घी डालिए. घी गरम हो जाए, तो आधा चम्मच जीरा डाल दीजिए.
- जीरा चटकते ही बारीक कटा लहसुन और अदरक डाल दीजिए. 30 सेकंड भूनिए.
- अब बारीक कटा प्याज डाल दीजिए. प्याज को हल्का गोल्डन होने तक भूनिए.
- अब बारीक कटी गाजर और टमाटर डाल दीजिए. 2-3 मिनट तक भूनिए. टमाटर नरम हो जाएं, तब तक पकाइए. अब इसमें डेढ़ कप पानी डाल दीजिए. नमक डाल दीजिए.
- ढककर 5 मिनट तक पकाइए, ताकि गाजर पक जाए. अब गैस को धीमा कर दीजिए.
- अब रागी वाला घोल धीरे-धीरे डालिए और दूसरे हाथ से लगातार चलाते रहिए.
- चलाना बंद मत कीजिए. 2-3 मिनट में ही सूप गाढ़ा होने लगेगा. अब इसमें आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर डाल दीजिए.
- बस, गैस बंद कर दीजिए. सूप बन गया, अब उसे टेस्टी बनाना है. गैस बंद करने के बाद इसमें 1 चम्मच नींबू का रस डाल दीजिए. नींबू से सूप का स्वाद एकदम खिल जाता है.
- ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दीजिए और गरमा-गरम सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आलू मटर की तरी वाली सब्जी कैसे बनाएं? जानें हलवाई जैसी स्वादिष्ट सब्जी बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं