- यूपी में कुल 72 बस स्टेशनों पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं होगी.
- पहले चरण में 23 बस स्टेशनों में से 11 पर निर्माण का काम शुरू.
- दूसरे चरण में कुल 49 बस स्टेशनों का विकास किया जाना है.
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में तेजी से बस सेवा को बढ़ाया जा रहा है. वहीं अब यूपी में पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक बस स्टेशनों के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज हो गई है. बताया जा रहा है कि प्रदेश में कुल 72 बस स्टेशनों पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएगी. इसके लिए पहले चरण में प्रस्तावित 23 बस स्टेशनों में से 11 पर निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा पहले चरण के 9 अन्य बस स्टेशनों के नक्शे से जुड़े स्वीकृति हो चुके हैं. इन पर जल्द ही निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा.
इस बारे में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को परिवहन निगम मुख्यालय में परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में इन्हें पूरा करने के निर्देश दिए है.
परिवहन मंत्री ने क्या कहा
परिवहन मंत्री ने जानकारी दी कि कुल 34 परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) में से 8 डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी हैं, जबकि शेष डीपीआर 3 दिसंबर तक निगम मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी से भी निरीक्षण कराया जाएगा.
परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत 49 बस स्टेशनों का विकास किया जाना है. इनमें से 5 बस स्टेशनों के प्रस्ताव कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं, जबकि 36 बस स्टेशनों के लिए दोबारा निविदा आमंत्रित की गई है. वहीं, 24 बस स्टेशनों के लिए निविदाएं (बिड) प्राप्त हो चुकी हैं, जिनका वर्तमान में तकनीकी परीक्षण चल रहा है, और 1 दिसंबर को इन स्टेशनों की वित्तीय बिड से संबंधित आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
यह भी पढ़ें | दिल्ली-बिहार के 18 रूट पर 200 से ज्यादा सस्ती बसें चलेंगी, पटना-दरभंगा से भागलपुर तक किराया तय, चेक करें लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं