सीढ़ियां चढ़ते समय कई लोगों की सांस तेज हो जाती है. दरअसल, इस दौरान शरीर की मांसपेशियों को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है. इस बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए हृदय और फेफड़ों को सामान्य से अधिक मेहनत करनी पड़ती है. ऐसे में थोड़ी देर के लिए सांस फूलना एक सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया मानी जाती है.
दिल्ली के आरजी हॉस्पिटव की कंसल्टें फिजिशयन डॉ. पारुल खुराना का कहना है कि सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलना कई बार नॉर्मल फिजिकल एक्टिविटी की प्रतिक्रिया होती है. लेकिन अगर थोड़ी सी सीढ़ियां चढ़ने पर ही सांस उखड़ने लगे, बार-बार रुकना पड़े या पहले के मुकाबले जल्दी थकान महसूस होने लगे, तो ये किसी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है. यहां जानते हैं इस बारे में विस्तार से-
फिटनेस की कमी भी हो सकती है वजह
डॉक्टर कहती हैं कि आजकल बैठकर काम करने की आदत और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण शरीर की सहनशक्ति कम हो जाती है. ऐसे लोगों को सीढ़ियां चढ़ने, तेज चलने या हल्का व्यायाम करने पर भी सांस फूलने की समस्या हो सकती है. इसके अलावा बढ़ता वजन और मोटापा भी शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं, जिससे सांस लेने में अधिक मेहनत करनी पड़ती है.
एनीमिया से भी बढ़ सकती है परेशानी
डॉ. पारुल का कहना है कि ब्लड में हीमोग्लोबिन का लेवल कम होने पर शरीर के अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती. इस स्थिति को एनीमिया कहा जाता है. एनीमिया से पीड़ित लोगों को थोड़ी मेहनत करने पर भी सांस फूलना, कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है.
फेफड़ों और दिल की बीमारियां भी हो सकती हैं जिम्मेदार
अस्थमा, क्रॉनिक फेफड़ों की बीमारियां या बार-बार होने वाले रेस्पिरेटरी इंफेक्शन सांस फूलने का कारण बन सकते हैं. वहीं, हार्ट की कार्यक्षमता में कमी या लंबे समय तक अनियंत्रित रहने वाला हाई ब्लड प्रेशर भी इस समस्या को बढ़ा सकता है. धूम्रपान और लंबे समय तक प्रदूषित वातावरण में रहने से लंग्स की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे सीढ़ियां चढ़ने जैसी सामान्य गतिविधियों में भी सांस फूलने लगती है.
इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर सांस फूलने के साथ सीने में दर्द, बेहोशी, ठंडा पसीना या अचानक गंभीर रूप से सांस लेने में दिक्कत होने लगे, तो यह आपात स्थिति हो सकती है. ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं.
ये भी पढ़ें - अश्वगंधा और शतावरी पाउडर के फायदे क्या हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं