Gym And Vrat: नवरात्रि में फिटनेस लवर्स के सामने एक कॉमन कन्फ्यूजन खड़ा हो जाता है. व्रत रखें या जिम रूटीन बनाए रखें? सबसे बड़ा डर यही रहता है कि कहीं उपवास से मेहनत से बनाई गई मसल्स पर असर न पड़ जाए. लेकिन सही डाइट और थोड़ी समझदारी से आप व्रत के दौरान भी अपनी “muscle memory” और स्ट्रेंथ को बरकरार रख सकते हैं. सबसे पहले समझ लें कि “muscle memory” कोई जादुई चीज नहीं, बल्कि शरीर की वह क्षमता है जिसमें मसल्स एक बार ट्रेनिंग के बाद दोबारा जल्दी एक्टिव हो जाती हैं. कुछ दिनों का ब्रेक लेने से मसल्स पूरी तरह खत्म नहीं होतीं, इन्हें दोबारा ट्रेनिंग से जल्दी रिकवर किया जा सकता है. यानी व्रत के कुछ दिन आपकी फिटनेस को पूरी तरह बिगाड़ नहीं देते.

अब बात आती है डाइट की. व्रत के दौरान सबसे बड़ी गलती लोग यह करते हैं कि वे सिर्फ आलू, साबूदाना और तली हुई चीजों पर टिके रहते हैं. इससे शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिलता और एनर्जी भी अस्थिर रहती है. ऐसे में जरूरी है कि व्रत को “high protein fasting” में बदला जाए.
व्रत के दौरान क्या खाएं-
व्रत के दौरान आप अपनी डाइट में ऐसे फूड्स शामिल कर सकते हैं जो शरीर को प्रोटीन और एनर्जी दोनों दें. इसके लिए दूध, दही और छाछ जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स अच्छे विकल्प हैं, वहीं पनीर को ग्रिल या हल्का पकाकर खाया जा सकता है. मूंगफली और उससे बने लड्डू या चाट भी प्रोटीन का अच्छा स्रोत हैं. इसके अलावा रोस्टेड मखाना, बादाम और अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स भी एनर्जी बनाए रखने में मदद करते हैं. कुट्टू और राजगिरा (अमरनाथ) का आटा भी व्रत में पौष्टिक विकल्प है, जबकि दही के साथ फल लेने से शरीर को प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्व दोनों मिलते हैं. ये फूड्स शरीर को जरूरी अमीनो एसिड देते हैं, जो मसल्स हेल्थ के लिए अच्छा होता है.

व्रत के दौरान कैसा वर्कआउट करें-
वर्कआउट की बात करें तो व्रत के दौरान हैवी लिफ्टिंग की बजाय मॉडरेट ट्रेनिंग बेहतर मानी जाती है. व्रत के दौरान वर्कआउट करते समय इंटेंसिटी थोड़ी कम रखना बेहतर होता है. लेकिन कंसिस्टेंसी जरूर बनाएं रखें. वर्कआउट से पहले हल्का फल या दही लेने से शरीर को जरूरी एनर्जी मिल जाती है, जबकि पूरे दिन पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है. सबसे जरूरी बात यह है कि व्रत को “starvation” न बनने दें. अगर शरीर को पर्याप्त कैलोरी और प्रोटीन मिलते रहते हैं, तो मसल लॉस काफी हद तक रोका जा सकता है.
कुल मिलाकर, व्रत और फिटनेस एक-दूसरे के दुश्मन नहीं हैं. सही डाइट और स्मार्ट वर्कआउट के साथ आप न सिर्फ व्रत रख सकते हैं, बल्कि अपनी फिटनेस को भी बनाए रख सकते हैं.
ये भी पढ़ें- भारत के किस शहर को कहा जाता है City of Honey? मिठास ऐसी कि दुनिया है दीवानी
एनेस्थीसिया कैसे सुन्न कर देता है शरीर? क्यों लोग डरते हैं इससे, जानिए इससे जुड़े मिथ्स और फैक्ट्स...
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं