जब भी वजन घटाने की बात होती है, ज्यादातर लोग सबसे पहले वॉकिंग शुरू कर देते हैं. वहीं कुछ लोग मानते हैं कि स्क्वॉट्स जैसी ताकत बढ़ाने वाली एक्सरसाइज ज्यादा तेजी से फैट कम करती है. ऐसे में सवाल उठता है कि अगर आपका लक्ष्य सिर्फ ज्यादा कैलोरी बर्न करना है, तो दोनों में कौन आगे है? इसका जवाब सिर्फ एक शब्द में नहीं दिया जा सकता, क्योंकि यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप कितनी देर वॉक करते हैं, कितनी तेजी से चलते हैं और कितने स्क्वॉट्स लगाते हैं. आइए समझते हैं कि वजन घटाने के लिए किस एक्सरसाइज का असर ज्यादा हो सकता है.

Photo Credit: NDTV
कैलोरी बर्न करने में कौन आगे?
अगर सिर्फ कुल कैलोरी बर्न की बात करें, तो 30 से 45 मिनट की तेज वॉकिंग आमतौर पर कुछ मिनट स्क्वॉट्स करने की तुलना में ज्यादा कैलोरी बर्न कर सकती है. इसकी वजह यह है कि वॉकिंग लंबे समय तक लगातार की जाती है, जबकि स्क्वॉट्स कम समय में खत्म हो जाते हैं.
फिर स्क्वॉट्स को बेहतर क्यों माना जाता है?
स्क्वॉट्स एक ऐसी एक्सरसाइज है, जिसमें एक साथ पैरों, कूल्हों और शरीर के कई बड़े हिस्सों की मांसपेशियां काम करती हैं. इससे ताकत बढ़ती है और नियमित अभ्यास के साथ मांसपेशियां मजबूत होती हैं. मांसपेशियां जितनी मजबूत होंगी, शरीर आराम की स्थिति में भी पहले के मुकाबले ज्यादा कैलोरी खर्च कर सकता है.
अगर आपका लक्ष्य सिर्फ वजन कम करना नहीं, बल्कि शरीर को मजबूत और फिट बनाना भी है, तो स्क्वॉट्स अच्छा विकल्प हो सकता है. वहीं अगर आप लंबे समय तक सक्रिय रहकर ज्यादा कैलोरी खर्च करना चाहते हैं, तो तेज चाल से वॉकिंग बेहतर साबित हो सकती है.
क्या दोनों को साथ करना ज्यादा फायदेमंद है?
वैसै सिर्फ एक एक्सरसाइज पर निर्भर रहने की बजाय दोनों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना ज्यादा अच्छा रहता है. उदाहरण के लिए, 30 मिनट तेज चाल से वॉक करने के बाद 2 से 3 सेट स्क्वॉट्स किए जा सकते हैं. इससे कैलोरी भी ज्यादा खर्च होती है और मांसपेशियों को भी मजबूती मिलती है.

किसे स्क्वॉट्स करते समय सावधानी बरतनी चाहिए?
अगर आपको घुटनों में दर्द, कमर की समस्या या किसी तरह की चोट है, तो बिना सलाह के स्क्वॉट्स शुरू न करें. गलत तरीके से किए गए स्क्वॉट्स फायदा कम और नुकसान ज्यादा पहुंचा सकते हैं. ऐसे लोगों के लिए पहले डॉक्टर या फिटनेस एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर होता है.
वजन घटाने का असली राज सिर्फ एक्सरसाइज नहीं
यह याद रखना भी जरूरी है कि सिर्फ वॉकिंग या सिर्फ स्क्वॉट्स करने से वजन तेजी से कम नहीं होता. संतुलित डाइट, अच्छी नींद और नियमित शारीरिक गतिविधि, तीनों मिलकर ही बेहतर नतीजे देते हैं. अगर रोज की कैलोरी जरूरत से ज्यादा खाई जा रही है, तो सिर्फ एक्सरसाइज के भरोसे वजन कम करना आसान नहीं होता. सबसे अच्छा तरीका यही है कि दोनों एक्सरसाइज को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और उन्हें संतुलित डाइट के साथ अपनाएं.
इसे भी पढ़ें: क्या कोलेजन की कमी से झुर्रियां होती हैं? डॉक्टर का क्या कहना है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं