उम्र बढ़ने के साथ चेहरे पर झुर्रियां, फाइन लाइंस और स्किन का ढीला होना आम है, लेकिन आज सवाल ये है कि इसको ठीक कैसे किया जाए? आपने कोलेजन का नाम तो सुना ही होगा. कई रिसर्च में भी यह दावा किया गया है कि कोलेजन स्किन को जवान बनाए रखने में मदद करता है, लेकिन क्या ये त्वचा को जवान बनाने के साथ झुर्रियां कम कर सकता है?
इसी सवाल को ध्यान में रखते हुए एनडीटीवी ने एशियन हॉस्पिटल फरीदाबाद की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजी एंड हेयर ट्रांसप्लांट डॉ. राधिका रहेजा से बात की. चलिए डॉक्टर रहेजा से जानते हैं कि कोलेजन का हमारी स्किन पर क्या असर पड़ता है?
शरीर में कोलेजन की कमी क्यों होती है?
डॉक्टर रहेजा का कहना है कि कोलेजन शरीर के कुल प्रोटीन का एक तिहाई हिस्सा बनाता है. जैसे-जैसे हम बड़े होते हैं, कोलेजन का उत्पादन भी प्रभावित होता है. हाई शुगर फूड्स, प्रदूषण, धूम्रपान, और अत्यधिक सूर्य के संपर्क में हमारी सभी का कोलेजन उत्पादन पर हानिकारक प्रभाव पड़ता है.
उम्र बढ़ने से कोलेजन कम होता है क्या?
20 से 25 साल की उम्र के बाद शरीर में कोलेजन धीरे-धीरे कम होने लगता है. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी एक रिसर्च के अनुसार उम्र बढ़ने के साथ त्वचा में कोलेजन बनाने वाले फाइब्रोब्लास्ट कोशिकाओं कमजोर हो जाते हैं, इसलिए कोलेजन का उत्पादन घट जाता है. यही वजह है कि त्वचा पतली, ढीली हो जाती है और झुर्रियां दिखने लगती हैं.
क्या कोलेजन झुर्रियों पर काम करता है?
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी एक रिसर्च के अनुसार ओरल कोलेजन सप्लीमेंट्स लेने से त्वचा की नमी, लचीलापन बढ़ता है और झुर्रियां कम होती हैं. इतना ही नहीं ये फाइन लाइंस और झुर्रियों की गहराई को काफी हद तक कम कर सकता है. ऐसा माना जाता है कि जब शरीर को पर्याप्त मात्रा में कोलेजन मिलता है, तो स्किन हेल्दी और फ्रेश दिखाई देती है.
कोलेजन बूस्ट करने के लिए क्या खाएं?
डॉ. राधिका रहेजा बताती हैं कि अगर आप शरीर में कोलेजन को नैचुरल तरीके से बढ़ाना चाहते हैं, तो
- खट्टे फल
- बेरीज
- हरी पत्तेदार
- सब्जियां
- नट्स और सीड्स
- अंडे
- चिकन
जैसी चीजों का सेवन कर सकते हैं. इनमें पाया जाने वाला विटामिन C, जिंक और प्रोटीन कोलेजन को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: मुझे लगा शराब खराब थी... लिवर मरीज की बात सुनकर हंस पड़े डॉक्टर, लेकिन छिपा था बड़ा सबक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं