भारतीय खाने में चटनी की एक अलग जगह होती है. खाने के साथ अगर चटपटी चटनी मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. दाल-चावल हो, रोटी हो या फिर पराठा, थोड़ी सी चटनी खाने का स्वाद बढ़ा देती है. अब, देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह की चटनियां बनाई जाती हैं. इन्हीं में से एक है बिहार में बनाई जाने वाली सरसों की चटनी. इसमें सरसों का तीखापन, लहसुन की खुशबू, हरी मिर्च का स्वाद और नींबू की खटास मिलती है. सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में न तो ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और न ही बहुत ज्यादा चीजें चाहिए होती हैं. स्वाद और बागवानी नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर सरसों की यही चटनी बनाने की बेहद आसान रेसिपी बताई गई है. आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे इस चटनी को बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें-
इस चटनी को बनाने के लिए आपको-
- पीली सरसों
- राई
- लहसुन
- हरी मिर्च
- नमक
- थोड़ी चीनी और
- नींबू के रस की जरूरत होगी.
इसके अलावा तड़का लगाने के लिए सरसों का तेल, हींग, हल्दी और हरी मिर्च की जरूरत होगी.
कैसे बनाएं सरसों की चटनी?- सबसे पहले पीली सरसों और राई को अच्छी तरह साफ करके धो लें.
- अब, इन्हें एक कटोरी में पानी डालकर रातभर के लिए भिगोकर रख दें. ऐसा करने से सरसों नरम हो जाएगी और इसे पीसना आसान होगा.
- अगले दिन भीगी हुई सरसों और राई को मिक्सर में डालें. अब, इसमें लहसुन की कलियां, हरी मिर्च, स्वाद के अनुसार नमक, थोड़ी चीनी और नींबू का रस डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह पीस लें.
- बिहारी सरसों की चटनी में तड़का लगाना बहुत जरूरी है. इसके लिए एक छोटे पैन में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें थोड़ी हींग, हल्दी और कटी हुई हरी मिर्च डालें. कुछ देर पकने दें और फिर इस तड़के को तैयार चटनी में डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- तड़का लगने के बाद चटनी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. बस इतना करते ही आपकी तीखी-खट्टी चटनी बनकर तैयार हो जाएगी.
चटनी तैयार होने के बाद एक बात का खास ध्यान रखें. इसे तुरंत खाने की गलती न करें. सरसों की वजह से शुरुआत में इसका स्वाद थोड़ा कड़वा या बहुत तेज लग सकता है. इसलिए चटनी को एक डिब्बे में भरकर 6-7 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इसके बाद आप दाल-चावल, खिचड़ी, रोटी और पराठे के साथ इस चटनी का लुत्फ उठा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- घर पर पाव भाजी मसाला कैसे बनाएं? नोट कर लें बाजार जैसा मसाला बनाने की रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं