- हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजन का मंजूरी मिल गई है.
- हरिद्वार में 21.08 किमी ट्रैक पर पॉड टैक्सी दौड़ेगी.
- हरिद्वार दर्शन नाम से विकसित होगी पॉड टैक्सी.
हरिद्वार में आम लोगों और सैलानियों के आवागमन को आसान बनाने के लिए प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को राज्य कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है. हरिद्वार दर्शन नाम से विकसित होने वाली इस पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (PRT) के तहत शहर में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे. वहीं इस पॉड टैक्सी के लिए कुल 21 स्टेशन बनाए जाएंगे. इस परिजोयना में सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक होगा.
कौन-कौन से होंगे तीन कॉरिडोर
पॉड टैक्सी के संचालन के लिए अलग ग्रिड आधारित परिवहन प्रणाली विकसित की जाएगी, जिसके तहत तीन मार्ग तय किए गए हैं. पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबाई का होगा और इस पर 15 स्टेशन बनेंगे. वहीं दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा होगा, जिस पर 4 स्टेशन प्रस्तावित हैं. जबकि तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबाई का होगा और इस पर 2 स्टेशन बनाए जाएंगे.
बताया जा रहा है कि पॉड टैक्सी के संचालन के लिए अलग ग्रिड आधारित परिवहन प्रणाली विकसित की जाएगी.
परियोजना के लिए जमीन की आवश्यकता
परियोजना के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी. इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी भूमि और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है. निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के पास 2 हेक्टेयर अस्थायी भूमि पांच वर्ष के लिए चिह्नित की गई है.
यह भी पढ़ें | आशा कार्यकर्ताओं की सैलरी 10 हजार हुई, हरिद्वार को मिली बड़ी सौगात, उत्तराखंड कैबिनेट के बड़े फैसले
यह भी पढ़ें | हरिद्वार अर्द्धकुंभ में सुरक्षा की तैयारी, 6 राज्यों की फोर्स होगी तैनात, पहुंच सकते हैं 21 करोड़ श्रद्धालु
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं