बरसात और उमस के मौसम में त्वचा से जुड़ी परेशानियां तेजी से बढ़ जाती हैं. ऐसे में अगर शरीर पर लाल निशान, खुजली या छोटे-छोटे दाने दिखें, तो ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि मच्छर या किसी कीड़े ने काट लिया होगा, लेकिन अगर वही निशान कई दिनों तक ठीक न हो, फैलने लगे या खुजली बढ़ती जाए, तो मामला कुछ और भी हो सकता है. कई बार लोग फंगल इंफेक्शन को मामूली कीड़े या मच्छर का काटना समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन जब निशान कम होने के बजाय फैलने लगते हैं, तब पता चलता है कि मामला फंगल इंफेक्शन का है. मैं राजीव हूं दिल्ली का रहने वाला. 32 साल का हूं. मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ.
मच्छर का काटना और फंगल इंफेक्शन, दोनों एक जैसे क्यों लगते हैं?
शुरुआत में फंगल इंफेक्शन भी हल्की लालिमा और खुजली के साथ दिख सकता है. इसलिए कई बार लोग दोनों में फर्क नहीं कर पाते. लेकिन मच्छर के काटने का निशान आमतौर पर कुछ दिनों में अपने आप ठीक होने लगता है, जबकि फंगल इंफेक्शन धीरे-धीरे फैल सकता है. इसके साथ खुजली भी लगातार बनी रहती है और कई बार गोल या किनारों से उभरे हुए निशान बनने लगते हैं.
ये संकेत दिखें तो सिर्फ इंतजार न करें
अगर त्वचा पर बना निशान एक या दो हफ्ते बाद भी ठीक नहीं हो रहा, उसका आकार बढ़ रहा है, खुजली तेज हो रही है या शरीर के दूसरे हिस्सों में भी ऐसे ही दाने निकलने लगे हैं, तो इसे सामान्य कीड़े का काटना मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहता है, ताकि सही वजह का पता चल सके.
घर पर की गई छोटी गलती भी बढ़ा सकती है परेशानी
खुजली से राहत पाने के लिए कई लोग बिना सलाह के कोई भी क्रीम लगा लेते हैं. लेकिन अगर समस्या फंगल इंफेक्शन की हो, तो गलत क्रीम लगाने से वह और फैल सकता है. इसलिए जब त्वचा का कोई निशान उम्मीद के मुताबिक ठीक न हो, तो खुद इलाज करने के बजाय सही जांच कराना ज्यादा समझदारी है.
बरसात में त्वचा का रखें थोड़ा ज्यादा ध्यान
फंगल इंफेक्शन से बचने के लिए त्वचा को साफ और सूखा रखना जरूरी है. पसीने वाले कपड़े लंबे समय तक न पहनें, तौलिया या कपड़े किसी और के साथ साझा न करें और अगर खुजली या लाल निशान लगातार बने रहें, तो देर किए बिना डॉक्टर से मिलें. कई बार मामूली दिखने वाली त्वचा की समस्या समय पर इलाज न मिलने पर लंबी परेशानी बन सकती है.
इसे भी पढ़ें: इस आटे की रोटी से मिलेगा 35 ग्राम प्रोटीन, शाकाहारियों के लिए प्रोटीन का बेस्ट स्रोत | High Protein Veg Meals
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं