बॉलीवुड एक्टर राजेश शर्मा को पैर में इन्फेक्शन होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में एक्टर प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया था. हालत बिगड़ने पर उन्हें पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे डॉक्टरों की देखरेख में हैं. उनकी को-एक्टर सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर एक्टर के परिवार की ओर से हेल्थ नोट जारी कर यह जानकारी दी है. डॉक्टर के मुताबिक, राजेश शर्मा अभी भी खतरे से बाहर नहीं हैं.
बारिश के दिनों में तरह-तरह कीड़े पेड़ों और खेतों के आस-पास घूमते हैं. इसमें से कई बेहद खतरनाक और जानलेवा भी हो सकते हैं. हालांकि, अधिकतर कीड़ों का काटना बस थोड़ी परेशानी या खुजली का कारण बनता है, लेकिन कभी-कभी वह छोटी सी सूजन या उभार किसी गंभीर समस्या में भी बदल सकता है. बारिश के दिनों में कीड़े काटे और गंभीर लक्षण नजर आएं तो कभी इग्नोर न करें.
कीड़े का काटने पर इन संकेतों को न करें नजरअंदाज | Do Not Ignore These Signs Of An Insect Bite
बुखार और कंपकंपी
अगर आपको बुखार, कंपकंपी या दोनों महसूस हो रहे हैं और ऐसा लगता है कि यह किसी कीड़े के काटने की वजह से है, तो इसे नजरअंदाज न करें. ये लक्षण इस बात का संकेत हो सकते हैं कि आपके शरीर में कुछ गंभीर हो रहा है.
लगातार फैलने वाले चकत्ते
रैश (चकत्ते) आमतौर पर इस बात का संकेत होता है कि आपका शरीर किसी चीज पर ठीक से प्रतिक्रिया नहीं कर रहा है. अगर कीड़े के काटने वाली जगह के आस-पास रैश फैल रहा है और ठीक नहीं हो रहा है, तो यह एलर्जी या इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है.
सांस लेने में तकलीफ या शरीर के दूसरे हिस्सों में सूजन
कुछ कीड़ों के काटने से गंभीर एलर्जी हो सकती है जिसे एनाफिलेक्सिस कहते हैं, और अक्सर आपको तब तक पता नहीं चलता कि आपको एलर्जी है जब तक कि कीड़ा काट न ले. एनाफिलेक्सिस जानलेवा इमरजेंसी हो सकती है और इसका इलाज हमेशा गंभीरता से किया जाना चाहिए. अगर आपको सांस लेने में तकलीफ हो रही है, गले में कसाव या खुजली महसूस हो रही है, या काटने वाली जगह के अलावा शरीर के दूसरे हिस्सों में अचानक सूजन दिख रही है, तो मेडिकल मदद लेने में देर न करें. तुरंत अस्पताल जाएं.
इसे भी पढ़ें: बारिश के मौसम में लाइट वाले कीड़ों से रहें सावधान, एक्सपर्ट ने बताया क्यों जरूरी है बचाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं