विज्ञापन

क्या आप भी बारिश में नहाना छोड़ देते हैं? शरीर में बढ़ सकते हैं बैक्टीरिया और फंगल इंफेक्शन

बारिश में पसीना कम आने की वजह से कई लोग नहाना छोड़ देते हैं, लेकिन क्या यह सही है? जानिए मानसून में न नहाने से शरीर में बैक्टीरिया, फंगस और स्किन समस्याएं कैसे बढ़ सकती हैं और किन लोगों के लिए रोज नहाना सबसे ज्यादा जरूरी है.

क्या आप भी बारिश में नहाना छोड़ देते हैं? शरीर में बढ़ सकते हैं बैक्टीरिया और फंगल इंफेक्शन
बारिश के दिनों में रोज नहाना है जरूरी, जानें क्यों
NDTV

बारिश शुरू होते ही बहुत से लोग रोज नहाने से बचने लगते हैं. वजह साफ होती है, मौसम ठंडा है, पसीना कम आता है, इसलिए लगता है कि आज न नहाएं तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा. लेकिन क्या सच में ऐसा है? दरअसल, शरीर पर सिर्फ पसीना ही नहीं, बल्कि धूल, तेल, बैक्टीरिया, फंगस और डेड स्किन भी जमा होती रहती है. बारिश के मौसम में हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से ये परेशानी और बढ़ सकती है. अगर नियमित रूप से शरीर की ठीक से सफाई न की जाए, तो खुजली, बदबू, रैशेज, फंगल इंफेक्शन और दूसरी स्किन प्रॉब्लम्स का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में सवाल यह है कि क्या रोज नहाना जरूरी है और अगर नहीं नहाते हैं, तो शरीर पर इसका क्या असर पड़ता है? आइए जानते हैं.

सिर्फ बदबू ही नहीं, बैक्टीरिया भी बढ़ सकते हैं

हमारी स्किन पर हमेशा कई तरह के बैक्टीरिया और दूसरे सूक्ष्म जीव मौजूद रहते हैं. यह सामान्य बात है, लेकिन जब शरीर की सफाई ठीक से नहीं होती, तब धूल, तेल और डेड स्किन के साथ इनकी मात्रा बढ़ने लगती है. इससे शरीर से तेज बदबू आने लगती है और स्किन में जलन या रैशेज की शिकायत हो सकती है.

बारिश के मौसम में शरीर के कई हिस्सों में नमी बनी रहती है. ऐसे में अगर नहाने में कोताही की जाए या शरीर को ठीक से सुखाया न जाए, तो फंगस तेजी से बढ़ सकता है. इसके कारण दाद, खुजली, लाल चकत्ते और त्वचा में जलन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. खासकर बगल, कमर, उंगलियों के बीच और त्वचा की सिलवटों वाले हिस्सों में यह खतरा ज्यादा रहता है.

डेड स्किन जमा होने से बढ़ सकती है परेशानी

नहाने से सिर्फ गंदगी ही नहीं हटती, बल्कि डेड स्किन भी साफ होती है. अगर शरीर की सफाई न हो, तो डेड स्किन जमा होने लगती है. इससे स्किन में खुजली, जलन और इरिटेशन हो सकती है. कुछ लोगों में छोटे-छोटे दाने या स्किन इंफेक्शन भी हो सकते हैं.

क्या रोज नहाना सभी के लिए जरूरी है?

डर्मेटोलॉजिस्ट्स का कहना है कि इसका एक ही जवाब सभी पर लागू नहीं होता. अगर आप रोज बाहर निकलते हैं, पसीना आता है, एक्सरसाइज करते हैं या धूल-मिट्टी वाले माहौल में रहते हैं, तो रोज नहाना बेहतर माना जाता है. वहीं अगर आप पूरे दिन घर में हैं और शरीर ज्यादा गंदा नहीं हुआ है, तो कभी-कभी एक दिन छोड़ना नुकसानदायक नहीं माना जाता. लेकिन बारिश के मौसम में शरीर की सफाई और सूखेपन का खास ध्यान रखना चाहिए.

इन लोगों को भूलकर भी नहीं छोड़ना चाहिए नहाना

अगर आपको पहले से फंगल इंफेक्शन, खुजली या बार-बार होने वाली स्किन की परेशानी रहती है, तो रोज शरीर की सफाई करना और भी जरूरी हो जाता है. इसी तरह जिन लोगों की स्किन बहुत ऑयली रहती है, जिन्हें ज्यादा पसीना आता है या जो रोज जिम, एक्सरसाइज या आउटडोर एक्टिविटी करते हैं, उनके शरीर पर पसीना, तेल और बैक्टीरिया जल्दी जमा हो सकते हैं. वहीं धूल-मिट्टी वाले माहौल में काम करने वाले लोगों के लिए भी रोज नहाना स्किन को साफ रखने और इंफेक्शन का खतरा कम करने में मदद कर सकता है.

बारिश में नहाते समय रखें ये बातें

बारिश के मौसम में सिर्फ नहाना ही काफी नहीं है, बल्कि नहाने के बाद शरीर को अच्छी तरह सुखाना भी उतना ही जरूरी है. खासकर बगल, पैरों की उंगलियों के बीच, गर्दन और त्वचा की सिलवटों वाले हिस्सों में नमी नहीं रहनी चाहिए, क्योंकि यही जगह फंगस जल्दी पनप सकती है.. इसके अलावा रोज साफ और पूरी तरह सूखे कपड़े पहनें, ताकि स्किन लंबे समय तक नम न रहे और फंगल इंफेक्शन का खतरा कम हो सके.

इसे भी पढ़ें: Monsoon Hair Fall: बारिश में क्यों ज्यादा झड़ते हैं बाल? आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानिए कारण और बचाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rainy Season, Monsoon Hygiene, Daily Bath Effects, Fungal Infection, Skin Infection
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com