विज्ञापन

Daily Sugar Limit: कहीं जरूरत से ज्यादा मीठा तो नहीं खा रहे आप? जानिए एक दिन में कितनी शक्कर है सही

Daily Sugar Limit: मीठा सिर्फ स्वाद नहीं, सेहत पर असर डालने वाली आदत भी बन सकता है.दिनभर में चाय, बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड फूड के जरिए जरूरत से ज्यादा शुगर शरीर में पहुंच जाती है.जानिए World Health Organization के अनुसार एक दिन में कितनी शक्कर लेना सुरक्षित माना जाता है.

Daily Sugar Limit: कहीं जरूरत से ज्यादा मीठा तो नहीं खा रहे आप? जानिए एक दिन में कितनी शक्कर है सही
Daily Sugar Limit
Pexels

Daily Sugar Limit: सुबह उठते ही चाय में चीनी, ऑफिस में बिस्किट, दोपहर के बाद मीठी कॉफी और शाम को कोल्ड ड्रिंक या मिठाई. कई बार हम बिना सोचे-समझे दिनभर में जरूरत से ज्यादा शुगर ले लेते हैं. दिक्कत यह है कि इसका असर तुरंत नजर नहीं आता, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत शरीर को नुकसान पहुंचाने लगती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक ज्यादा मीठा खाने से मोटापा, डायबिटीज, फैटी लिवर और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आखिर रोजाना कितनी शक्कर लेना शरीर के लिए सुरक्षित माना जाता है.

कितनी शुगर लेना सही माना जाता है?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization) के अनुसार, एक व्यक्ति को अपनी रोज की कुल कैलोरी का 10 प्रतिशत से कम हिस्सा ही शुगर से लेना चाहिए. वहीं बेहतर हेल्थ के लिए इसे 5 प्रतिशत तक सीमित रखना ज्यादा फायदेमंद माना गया है. आसान भाषा में समझें तो एक दिन में करीब 25 ग्राम यानी लगभग 6 चम्मच शुगर पर्याप्त मानी जाती है. यह मात्रा सिर्फ चाय या मिठाई में डाली गई चीनी तक सीमित नहीं है. पैकेज्ड फूड, जूस, सॉफ्ट ड्रिंक और स्नैक्स में मौजूद शुगर भी इसी में शामिल होती है.

यह भी पढ़े: VeloCD Blood Test: अब ब्लड टेस्ट से पहले ही चल सकेगा पता, बीमारी बढ़ेगी या मरीज जल्दी होगा ठीक!

पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग हो सकती है सीमा

हेल्थ रिपोर्ट्स के मुताबिक महिलाओं के लिए रोजाना करीब 25 ग्राम शुगर सही मानी जाती है. वहीं पुरुषों के लिए यह मात्रा लगभग 30 से 36 ग्राम तक हो सकती है. हालांकि कई भारतीय न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि 20 से 25 ग्राम के बीच शुगर लेना ज्यादा संतुलित विकल्प हो सकता है. जरूरत से ज्यादा शक्कर लेने पर शरीर अतिरिक्त कैलोरी को फैट के रूप में जमा करने लगता है. इससे वजन बढ़ने के साथ-साथ ब्लड शुगर लेवल पर भी असर पड़ सकता है.

छिपी हुई शुगर बन रही बड़ी समस्या

आजकल सबसे बड़ी परेशानी hidden sugar यानी छिपी हुई शुगर है. कई लोग सोचते हैं कि वे कम मीठा खाते हैं, लेकिन पैकेज्ड चीजों के जरिए काफी ज्यादा शुगर शरीर में पहुंच जाती है. फ्लेवर वाला दही, ब्रेड, टोमैटो सॉस, एनर्जी ड्रिंक, पैकेज्ड जूस और यहां तक कि कुछ हेल्दी बताकर बेचे जाने वाले स्नैक्स में भी काफी मात्रा में शक्कर हो सकती है. एक कैन सॉफ्ट ड्रिंक में कई बार पूरे दिन की तय सीमा से ज्यादा शुगर होती है.

ज्यादा मीठा खाने से क्या नुकसान हो सकते हैं?

एक्सपर्ट्स के अनुसार लगातार ज्यादा शुगर लेने से मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज और हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा ज्यादा मीठा त्वचा की चमक कम करने और समय से पहले एजिंग का कारण भी बन सकता है.

अगर आप शुगर कंट्रोल करना चाहते हैं तो सबसे पहले मीठे ड्रिंक्स कम करें, चाय-कॉफी में चीनी घटाएं और पैकेज्ड फूड खरीदते समय उसका लेबल जरूर पढ़ें. छोटी-छोटी आदतें लंबे समय में शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती हैं.

Watch Video: मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com