सोशल मीडिया हो या फिर आसपास के लोग, अक्सर सलाह देते नजर आते हैं कि ब्रेकफास्ट में हाई प्रोटीन डाइट लेना चाहिए. वहीं, कई लोगों को ये भी कहना है कि अगर आप हाई प्रोटीन डाइट लेते हैं, तो इससे वेट लॉस में भी काफी हद तक मदद मिल सकती है. लेकिन क्या सच में सुबह का हाई-प्रोटीन ब्रेकफास्ट आपके शरीर का फैट बर्न करने का कोई जादुई तरीका है? इस विषय को अच्छे से समझने के लिए हमने सीके बिड़ला हॉस्पिटल के जनरल और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी डायरेक्टर डॉ. मृगांका एस. शर्मा और एसोसिएट डायरेक्टर-जनरल और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी डॉ. अमित डी. गोस्वामी से बातचीत की है. यहां जानते हैं क्या हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट वजन घटाने में मददगार है, जानते हैं क्या है सच्चाई?
वजन कम करने में प्रोटीन कैसे है मददगार?
डॉक्टर्स का कहना है कि वजन घटाने का सबसे बड़ा नियम कैलोरी बैलेंस है. यानी शरीर जितनी कैलोरी खर्च करता है, उससे कम कैलोरी का सेवन करना जरूरी होता है. सिर्फ प्रोटीन खाने से फैट अपने आप नहीं पिघलता. हालांकि, प्रोटीन का सबसे बड़ा फायदा ये है कि ये पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और अनहेल्दी स्नैकिंग के चांसेस कम होते हैं.
कई लोगों को सुबह हल्का कार्बोहाइड्रेट वाला नाश्ता करने के बाद 11 बजे तक फिर से भूख लगने लगती है. इसकी वजह सुबह ब्रेकफास्ट में प्रोटीन लेने के लिए कहा जाता है. क्योंकि प्रोटीन युक्त आहार लेने से आपका पेट लंबे समय तक भरा-भरा सा रहता है.
वजन कम करते समय मसल्स लॉस होने से बचाना भी जरूरी
डॉक्टर कहते हैं कि जब शरीर का वजन घटता है, तो सिर्फ फैट ही नहीं, बल्कि मसल्स भी कम हो सकती हैं. अगर डाइट में पर्याप्त प्रोटीन न हो, तो मसल लॉस का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में प्रोटीन और नियमित एक्सरसाइज मसल्स को हेल्दी रखने में मददगार होते हैं.
मसल्स शरीर की ताकत, गतिशीलता और मेटाबॉलिक हेल्थ के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती हैं. इसलिए वजन कम करने के साथ-साथ मसल्स को बचाना भी उतना ही जरूरी है.
क्या ब्रेकफास्ट स्कीप करना है गलत?
डॉक्टर कहते हैं कि कि हर व्यक्ति के लिए एक ही नियम सही नहीं होता. कुछ लोग ब्रेकफास्ट स्कीप करके भी अपना वजन कम कर लेते हैं. वहीं, कुछ लोगों को सुबह भूख ज्यादा लगती है. ऐसे लोगों के लिए प्रोटीन से भरपूर ब्रेकफास्ट लेना फायदेमंद होता है. कुल मिलाकर पूरे दिन की कैलोरी और भोजन की गुणवत्ता वजन घटाने में सबसे ज्यादा मायने रखती है.
वेजिटेरियन लोगों के लिए बेस्ट प्रोटीन क्या है?
डॉक्टर सलाह देते हैं कि हाई-प्रोटीन ब्रेकफास्ट का मतलब सिर्फ अंडे या चिकन नहीं है. वेजिटेरियन लोग भी आसानी से पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए डाइट में पनीर, दही, दूध, टोफू, सोया, दाल, बेसन और स्प्राउट्स जैसी चीजों को अच्छे से शामिल करें. मूंग दाल चीला के साथ दही, टोफू भुर्जी के साथ रोटी या ओट्स और दही का कॉम्बिनेशन आपके प्रोटीन की कमी को दूर कर सकता है.
ये भी पढ़ें - किस फल में सबसे ज्यादा प्रोटीन होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं