विज्ञापन

गठिया का दर्द कहां-कहां होता है?

Arthritis pain : अर्थराइटिस यानि गठिया का दर्द न सिर्फ घुटनों में होता है, बल्कि शरीर के अलग-अलग हिस्सों में भी हो सकता है. यहां जानते हैं गठिया का दर्द कहां-कहा होता है?

गठिया का दर्द कहां-कहां होता है?
Arthritis Pain : गठिया का दर्द कहां-कहां होता है?

गठिया यानी आर्थराइटिस को अक्सर उम्र बढ़ने के साथ होने वाले घुटनों के दर्द से जोड़कर देखा जाता है. हालांकि, गठिया सिर्फ घुटनों तक सीमित नहीं है. जयपुर स्थित नारायणा हॉस्पिटव के रूमेटोलॉजी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. राहुल जैन का कहना है कि ये कई अलग-अलग प्रकार की स्थितियों का समूह है, जो शरीर के एक या एक से अधिक जोड़ों को प्रभावित कर सकती हैं. इसके सामान्य लक्षणों में जोड़ों में दर्द, अकड़न, सूजन और प्रभावित हिस्से को हिलाने-डुलाने में परेशानी शामिल हैं.

हाथ, उंगलियों और कलाई में भी हो सकता है दर्द

ऑस्टियोआर्थराइटिस और रूमेटॉइड आर्थराइटिस जैसी स्थितियां हाथों, उंगलियों और कलाई के जोड़ों को प्रभावित कर सकती हैं. खासतौर पर रूमेटॉइड आर्थराइटिस में हाथ और पैरों के छोटे जोड़ अक्सर शुरुआती तौर पर प्रभावित होते हैं. इसमें दर्द और सूजन के साथ सुबह के समय या लंबे समय तक निष्क्रिय रहने के बाद अकड़न अधिक महसूस हो सकती है.

कूल्हे, पैर और टखने भी हो सकते हैं प्रभावित

ऑस्टियोआर्थराइटिस आमतौर पर घुटनों, कूल्हों और हाथों के छोटे जोड़ों में अधिक देखा जाता है, लेकिन यह शरीर के अन्य जोड़ों को भी प्रभावित कर सकता है. पैरों, टखनों और उंगलियों के जोड़ों में भी गठिया के कारण दर्द और अकड़न हो सकती है.

कमर और रीढ़ में दर्द भी हो सकता है संकेत

कुछ प्रकार के गठिया रीढ़ और कमर को प्रभावित करते हैं. उदाहरण के लिए, एंकाइलोजिंग स्पॉन्डिलाइटिस में कमर के निचले हिस्से में दर्द और लंबे समय तक रहने वाली अकड़न हो सकती है. इसलिए लंबे समय से बनी कमर की अकड़न को केवल सामान्य कमर दर्द मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

अचानक पैर के अंगूठे में तेज दर्द?

गाउट भी गठिया का एक प्रकार है. इसमें अक्सर अचानक एक जोड़ में तेज दर्द, सूजन, लालिमा और गर्माहट महसूस हो सकती है. पैर के अंगूठे का जोड़ इसका आम स्थान है, हालांकि टखने, घुटने, कलाई, हाथ और कोहनी के जोड़ भी प्रभावित हो सकते हैं.

अंत में डॉक्टर का कहना है कि गठिया की पहचान के लिए डॉक्टर लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री के साथ शारीरिक जांच करते हैं और जरूरत पड़ने पर रक्त जांच या इमेजिंग जैसी जांच की सलाह दे सकते हैं. समय पर पहचान और उचित उपचार से दर्द को नियंत्रित करने, जोड़ों की कार्यक्षमता बनाए रखने और बीमारी से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है.

ये भी पढ़ें - सुबह उठते ही शरीर में रहती है अकड़न? विटामिन की कमी से लेकर गठिया तक हो सकते हैं ये कारण

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arthritis, Arthritis Affects, Knee Pain, Knee Pain Causes, Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com