आजकल हर दूसरे आदमी की रिपोर्ट में एक ही बात लिखी आती है फैटी लिवर. पेट थोड़ा बढ़ा, थकान ज्यादा लगती है, भूख कम लगती है, और अल्ट्रासाउंड कराओ तो डॉक्टर कह देता है, लीवर में फैट जमा हो गया है. अगर आप भी फैटी लिवर की समस्या से परेशान हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. गैस्ट्रो एक्सपर्ट डॉ. वत्स्य ने अपने इंस्टाग्राम रील (dr.shubhamvatsya) में बताया है, ब्लैक कॉफी के अलावा कुछ फल भी फैटी लीवर में बहुत फायदा पहुंचाते हैं. उनमें फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और जरूरी विटामिन होते हैं, जो लीवर को ठीक रखने में मदद करते हैं. लेकिन एक बात साफ समझ लीजिए, कोई भी एक फल फैटी लीवर को अकेले ठीक नहीं कर सकता. फल सिर्फ मदद करते हैं, इलाज नहीं हैं.
फैटी लिवर में कौन से फल खाएं- (Fatty Liver Mein Kya Khaye)
1. आंवला-
आंवले को सुपरफूड ऐसे ही नहीं कहते. आंवले में विटामिन C और पॉलीफेनॉल्स भरपूर होते हैं. ये दोनों लीवर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं. आसान भाषा में कहें, तो लीवर की कोशिकाओं को अंदर ही अंदर खराब होने से बचाते हैं. फैटी लीवर में लीवर की कोशिकाएं सूज जाती हैं, उनमें सूजन आ जाती है. आंवला उस सूजन को कम करने में मदद कर सकता है.
कैसे खाएं- रोज सुबह 1-2 कच्चा आंवला चबाकर खाइए. अगर खट्टा लगता है, तो आंवले का जूस पी लीजिए, बिना चीनी के. आंवले का मुरब्बा मत खाइए, उसमें चीनी होती है, वो नुकसान करेगी.
यहां देखें वीडियो-
2. सेब-
सेब में पेक्टिन नाम का घुलनशील फाइबर होता है. ये फाइबर कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करता है, और मेटाबॉलिज्म को ठीक रखता है. फैटी लीवर का सबसे बड़ा कारण ही मेटाबॉलिज्म खराब होना है. सेब खाने से पेट देर तक भरा रहता है, बार-बार भूख नहीं लगती, और मीठा खाने का मन भी कम करता है.
कैसे खाएं- सेब को छिलके समेत खाइए. छिलके में ही सबसे ज्यादा फाइबर होता है. सेब का जूस मत पीजिए, जूस में फाइबर निकल जाता है, सिर्फ चीनी रह जाती है.
3. पपीता-
पपीते में डाइटरी फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो पाचन को ठीक रखते हैं, और मेटाबॉलिक हेल्थ को सपोर्ट करते हैं. पपीता हल्का होता है, जल्दी पच जाता है, और पेट को साफ रखता है. लीवर को आराम मिलता है.
कैसे खाएं- रोज सुबह नाश्ते में 1 कटोरी पका पपीता खाइए. खाली पेट पपीता और ज्यादा फायदा करता है.
4. अमरूद-
अमरूद में फाइबर और विटामिन C भरपूर होता है. इसका हाई फाइबर ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है, कोलेस्ट्रॉल को कम करता है, और फैटी लीवर को मैनेज करने में मदद करता है. जिनको फैटी लीवर के साथ शुगर भी है, उनके लिए अमरूद सबसे अच्छा फल है.
5. संतरा-
संतरे में विटामिन C और फ्लेवोनॉइड्स होते हैं. ये दोनों ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लड़ते हैं, और ओवरऑल मेटाबॉलिक हेल्थ को अच्छा रखते हैं. मतलब, लीवर में जो फैट जमा हो रहा है, उससे होने वाले नुकसान को संतरा कम करता है.
कैसे खाएं- संतरा छीलकर खाइए, जूस बनाकर मत पीजिए. 1 दिन में 1-2 संतरा काफी है.
ये भी पढ़ें- कोलेस्ट्रॉल टेस्ट से पता चलेगा मुंह का कैंसर, एम्स रिसर्च में खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं