आज के समय में गलत खान-पान और खराब लाइफस्टाइल की वजह से सबसे ज्यादा पेट और लिवर की परेशानी होती है. बाहर का तला-भुना खाना, कम पानी पीना और तनाव हमारे लिवर पर बुरा असर डालते हैं. जब लिवर में गंदगी जमने लगती है, तो थकान, पाचन खराब होना और चेहरे पर चमक कम होने जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं. गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और हेपेटोलॉजी के जाने-माने एक्सपर्ट डॉ. अमित मिगलानी का कहना है कि हमारे शरीर को अंदर से साफ रखना बहुत जरूरी है, और इसके लिए हमें किसी महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है.
डॉ. अमित मिगलानी के अनुसार हमारा किचन ही हमारी आधी से ज्यादा बीमारियों का इलाज है. आज हम आपको एक ऐसी आसान देसी ड्रिंक के बारे में बताएंगे, जिसे घर की चीजों से आसानी से बनाया जा सकता है और यह लिवर की सफाई में बेहद मददगार है.
कैसे बनाएं लिवर को साफ रखने वाला ड्रिंक?
सामग्री-
- एक गिलास गुनगुना पानी
- आधा नींबू का रस
- आधा चम्मच पिसा हुआ कच्चा अदरक
- थोड़ी सी ताजी पुदीने की पत्तियां
- एक चुटकी हल्दी पाउडर
विधि-
- एक गिलास हल्का गुनगुना पानी लें. इसमें आधा नींबू निचोड़ लें.
- अब इसमें अदरक का रस या पिसा हुआ अदरक मिलाएं.
- इसके बाद फ्रेश पुदीने की पत्तियां और एक चुटकी हल्दी डालकर चम्मच से अच्छी तरह मिला लें.
- आपकी डिटॉक्स ड्रिंक तैयार है. इसे सुबह खाली पेट पीना सबसे अच्छा माना जाता है.

Photo Credit: iStock
क्यों जरूरी है लिवर की सफाई?
लिवर हमारे शरीर का एक बहुत जरूरी हिस्सा है. यह हमारे द्वारा खाए गए खाने को पचाने और शरीर से जहरीले पदार्थों (टॉक्सिन्स) को बाहर निकालने का काम करता है. लेकिन जब लिवर पर ज्यादा लोड आ जाता है, तो वह ठीक से काम नहीं कर पाता. इससे सुस्ती, पेट भारी रहना और वजन बढ़ने जैसी दिक्कतें होने लगती हैं. इसलिए, समय-समय पर लिवर को डिटॉक्स यानी अंदर से साफ करना बहुत जरूरी है.
क्या हैं इस ड्रिंक को पीने फायदे-
- नींबू से बना यह ड्रिंक लिवर में जमा गंदगी को बाहर निकालने में मदद कर सकता है. जिससे लिवर का कामकाज बेहतर होता है.
- पुदीना और अदरक पेट की गैस, अपच और भारीपन से राहत दिलाने में मदद कर सकता है.
- सुबह इसे पीने से शरीर फ्रेश महसूस करता है और सुस्ती दूर होती है.
एक्सपर्ट के बारे में- डॉ. अमित मिगलानी पेट, पाचन तंत्र और लिवर से जुड़ी बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर हैं. उन्हें गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और हेपेटोलॉजी के क्षेत्र में 18 साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, फरीदाबाद में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के निदेशक और विभागाध्यक्ष (एचओडी) के रूप में कार्यरत हैं.
ये भी पढ़ें- सुबह पेट नहीं होता साफ? रोटी बनाने से पहले गेहूं के आटे में मिला दें ये एक चीज, फिर देखें कमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं